जबलपुर

प्रियंका गांधी ने MP में किया चुनावी शंखनाद: प्रदेश की जनता के लिए कांग्रेस की 5 काम की गारंटी: बोली- धन बल से जनादेश को कुचला, अफसोस ऐसे कुछ नेता हमारे भी थे

जबलपुर डेस्क :

कर्नाटक में जीत के बाद कांग्रेस ने अब मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। इसी सिलसिले में पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी सोमवार को जबलपुर पहुंचीं। यहां उन्होंने ग्वारीघाट पर 101 ब्राह्मणों के साथ करीब 20 मिनट तक मां नर्मदा की पूजा-आरती की। इसके बाद सभा में कहा, ‘आपके साथ पिछले 18 साल से गलत हो रहा है। आपका इस्तेमाल हो रहा है। आपका शोषण हो रहा है। धन बल से जनादेश को कुचला जाता है।’

प्रियंका ने मध्यप्रदेश में सरकार बदलने पर कहा- पिछली बार आपने हमारी सरकार बनाई थी, लेकिन जोड़-तोड़ और पैसे से भाजपा के लोगों ने हमारी सरकार तोड़ी और अपनी बना ली। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा- अफसोस कि ऐसे कुछ नेता हमारे भी ऐसे थे, जो पार्टी छोड़कर चले गए। उनको पैसा मिला।

भ्रष्टाचार, घोटाले और महंगाई के मुद्दे गिनाए

प्रियंका ने जन सभा में भ्रष्टाचार, घोटाले और महंगाई के मुद्दे भी उठाए। बोलीं- ‘इन्होंने महाकाल को भी नहीं छोड़ा। वहां हवा में मूर्तियां उखड़कर गिर गईं। एक पुजारी ने मुझे वीडियो भेजा। वह कह रहे हैं, हवा से मूर्तियां उड़ रही हैं। 225 महीनों की सरकार में इन्होंने 220 घोटाले किए हैं। यानी तकरीबन हर महीने एक नया घोटाला किया है। मैं आपसे वोट मांगने नहीं आई हूं, मैं आपसे जागरूकता मांगने आई हूं। आपके पास 6 महीने हैं। इन 6 महीनों में देखिए, कांग्रेस की सरकारें अपने प्रदेश में क्या कर रही हैं? अपना वोट अपने लिए डालिए।’ प्रियंका ने अपनी स्पीच की शुरुआत मां नर्मदा के जयकारे से की।

मध्यप्रदेश को दीं पांच बड़ी गारंटी

प्रियंका ने कहा- आज मैं कुछ गारंटी दे रही हूं। वे गारंटी, जो हम 100 प्रतिशत पूरा करेंगे। यह मेरा वादा है। ये गारंटी हैं, घोषणा नहीं। यही वादा हमने कर्नाटक में किया। वहां की सरकार ने पहली कैबिनेट में ही इसका बिल पास कर दिया। उन्होंने कहा,

  1. हर महीने महिलाओं को 1500 रुपए दिए जाएंगे।
  2. गैस सिलेंडर 1000 का नहीं, 500 रुपए का मिलेगा।
  3. 100 यूनिट बिजली फ्री। 200 यूनिट हॉफ होगी।
  4. मध्यप्रदेश में पुरानी पेंशन योजना लागू करेंगे।
  5. कमलनाथ की सरकार ने किसान कर्जमाफी की थी। बचे हुए किसानों की कर्जमाफी का काम पूरा करेंगे।

प्रियंका के भाषण की प्रमुख बातें…

मेरे परिवार ने इस देश को बनाने के लिए खून दिया

मैं किसी की आलोचना करने नहीं आई। मैं यहां वोट मांगने नहीं आई हूं। मेरे परिवार के सदस्यों ने इस देश को बनाने के लिए खून दिया है। मैं जानती हूं कि निर्माण में कितना संघर्ष है। जानती हूं कि सत्ता भोगना कितना आसान है। जो मैं देख रही हूं, चाहती हूं कि आपको भी दिखे। यह हमारे प्रचार की शुरुआत है।

आपके जज्बातों को उकसाया जाता है

केंद्र में 9 साल हो गए, मध्यप्रदेश में 18 साल हो गए, ये राजनीति बहुत आगे बढ़ चुकी है। आपकी जरूरतों को नकार रही है। आपके जज्बातों को उकसाया जाता है। हमारे लिए हमारा धर्म सर्वोपरि है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि पब्लिक को बहकाया जाए। पब्लिक के जज्बात उभारकर वोट मांगा जाए। कोई नेता, राजनीतिक दल ऐसा कर रहा है, तो आप उसकी आदत बिगाड़ रहे हो। वे तो बिगड़े हैं ही।

आपसे किए वादे पूरे नहीं किए जाते

चुनाव के समय आपसे वादे किए जाते हैं, लेकिन जो वादा करता है, उसकी खुद की आस्था उसमें नहीं होती है। उनको पूरा करने की कोशिश नहीं होती। आज मैं संस्कारधानी की धरती पर खड़ी होकर आपको पुरानी राजनीति की याद दिलाना चाहती हूं। हमारे नेता जो कहते थे, वो करके दिखाते थे। सबकुछ न्योछावर करके आपके लिए दिन-रात एक करते थे। अब घोषणाएं की जाती हैं, उन्हें पूरा नहीं किया जाता।

आधुनिक भारत संस्कारों के आधार पर आगे बढ़ा

यहां आज महाकौशल की पावन और क्रांतिकारी धरती पर खड़े होकर बहुत गर्व हो रहा है। इस धरती ने क्रांतिदूत पैदा किए हैं। हम उनका आशीर्वाद मांगते हैं। मध्यप्रदेश सिर्फ भारत का केंद्र नहीं, दिल और जान है। संस्कारधानी जबलपुर ने साहित्य, संस्कृति और संस्कार हमें दिए हैं। इसी पर हमारा संविधान बना। ये आधुनिक भारत इन्हीं संस्कारों के आधार पर आगे बढ़ा।

कैमरामेन का जूता निकला, तो प्रियंका ने उठाकर दिया

नर्मदा मां की आरती के बाद प्रियंका गांधी ने भंवरताल उद्यान पहुंचकर रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। यहां उनका आदिवासी लोक परंपरा से स्वागत हुआ। इसी बीच भीड़ में दौड़ते हुए गिरे कैमरामेन का जूता निकल गया, तो प्रियंका ने उन्हें जूता उठाकर दिया। उधर, पुलिस को प्रियंका की सुरक्षा को लेकर खतरे का इनपुट भी मिला था। ASP समर वर्मा के मुताबिक विशेष सतर्कता के चलते 200 अफसर और जवान सुरक्षा में तैनात रहे।

कमलनाथ ने कहा- यह मत सोचिएगा कि मैं बूढ़ा हो गया हूं

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा- प्रियंका गांधी ने यहां आने से पहले नर्मदा पूजन की शर्त रखी थी। संस्कारधानी जबलपुर आकर मुझे जवानी के दिनों की याद आती है। यह मत सोचिएगा कि मैं बूढ़ा हो गया हूं। हमारे संस्कार दिल और रिश्ते जोड़ने के हैं। हमारे देश के अलावा किसी देश में इतने धर्म, जातियां, देवी-देवता, त्योहार नहीं हैं। जोड़ने की संस्कृति की राजधानी जबलपुर है।

मैं हिंदू हूं, गर्व से कहता हूं, लेकिन बेवकूफ नहीं हूं। 15 साल बाद दिसंबर 2018 में आपने कांग्रेस की सरकार चुनी। शिवराज सिंह ने हमें किसानों की हत्या, बेरोजगारी, महिला अत्याचार में नंबर-1 प्रदेश सौंपा। मैं मुख्यमंत्री था, सौदा कर सकता था, लेकिन मध्यप्रदेश की पहचान सौदे से नहीं बनाना चाहता था। मैंने कहा कि मुझे कुर्सी नहीं चाहिए, मैंने सौदा नहीं किया।

शिवराज सिंह ने महंगाई, बेरोजगारी, कोरोना में लोगों की मौत, माफिया राज, रेप, घर-घर शराब दी। यह उनकी उपलब्धि है। मैं उनसे मुकाबला नहीं कर सकता। उनके नाचने से मुकाबला नहीं कर सकता। उन्हें कलाकारी और घोषणाओं में नहीं हरा सकता, लेकिन सच्चाई में हरा सकता हूं। शिवराज सिंह को चुनौती देता हूं कि ये चुनाव किसी उम्मीदवार का, पार्टी का नहीं है, ये चुनाव मध्यप्रदेश के भविष्य का है।

नेता प्रतिपक्ष बोले- मैं प्रियंका में इंदिरा जी की तस्वीर देख रहा

नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा- शिवराज सिंह की सरकार लुटेरी है। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान में प्रियंका भाजपा को नेस्तनाबूद करने के लिए आई हैं। मैं आज प्रियंका जी के रूप में इंदिरा जी की तस्वीर देखता हूं। इंदिरा जी ने दुर्गा का रूप धारण कर पाकिस्तान के दो टुकड़े कर दिए। आज यही रूप में प्रियंका जी में देख रहा हूं।

कांग्रेस सरकार आने पर नर्मदा में रेत खनन बंद होगा :तन्खा

सांसद विवेक तन्खा ने कहा- जबलपुर और महाकौशल क्षेत्र के साथ अन्याय हुआ है। विंध्य, महाकौशल और बुंदेलखंड में एक भी मंत्री नहीं है। इस क्षेत्र को स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास से वंचित रखा गया। मैं कहता हूं कांग्रेस की सरकार आने पर जबलपुर और आसपास के इलाके में 10 हजार नौकरियां मिलेंगी। नर्मदा में रेत का अवैध खनन बंद होगा।

तन्खा ने कहा- हमने इससे ज्यादा भ्रष्ट सरकार नहीं देखी। इन्होंने ईश्वर को भी नहीं छोड़ा। ईश्वर के मंदिर को भी खंडित कर दिया। ईश्वर इन्हें माफ नहीं करेगा। अब तो कांग्रेस का आना तय है।

हनुमान जी के कॉस्ट्यूम में पहुंचा कार्यकर्ता, प्रियंका के साथ की आरती

ग्वारीघाट में नर्मदा जी की आरती के दौरान कमलनाथ भी प्रियंका गांधी के साथ रहे। विवेक तन्खा, लखन घनघोरिया और कांग्रेस के दूसरे सीनियर लीडर भी पहुंचे। हनुमान जी की वेशभूषा में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता ने भी प्रियंका गांधी के साथ नर्मदा जी की आरती की।

रीवा, सागर और ग्वालियर भी आ सकती हैं प्रियंका

जबलपुर के बाद प्रियंका का रीवा, बुंदेलखंड के सागर और ग्वालियर का भी कार्यक्रम बनाया जा रहा है। वे यहां रैली के साथ बड़ी सभाएं करेंगी। सभी जगह धार्मिक आयोजन की रूपरेखा भी बनेगी। राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उज्जैन-इंदौर से गुजर चुके हैं इसलिए उनके कार्यक्रम इन क्षेत्रों में हो सकते हैं।

महाभारत, सनातन धर्म के 300 VIDEO तैयार; इन्हीं से प्रचार

कांग्रेस की चुनावी कोर टीम ने एमपी विधानसभा चुनाव के लिए 300 से अधिक VIDEO बनाए हैं, जो भगवान श्रीराम, महाभारत और सनातन धर्म से प्रेरित हैं। इन्हें जल्द सोशल मीडिया पर प्रचारित किया जाएगा। पूर्व वित्त मंत्री और विधायक तरुण भनोत ने कहा कि हम हिंदू हैं, लेकिन मूर्ख नहीं, जो भाजपा बनाना चाहती है।

केंद्रीय मंत्री बोले- राहुल मुंह दिखाने लायक नहीं बचे तो बहन को भेजा

केंद्रीय खेल और युवा कल्याण मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रियंका गांधी के जबलपुर दौरे पर हमला बोला है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में कहा, ‘राहुल गांधी ने 2018 में मध्यप्रदेश में जो वादे किए थे, वो पूरे नहीं हुए। ऐसे में वे एमपी में मुंह दिखाने लायक नहीं बचे तो उन्होंने अब अपनी बहन को भेजा है।’

ठाकुर ने आगे कहा, ‘हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने कहा था कि सरकार बनने पर 2 रुपए किलो गोबर, 100 रुपए किलो दूध खरीदेंगे। महिलाओं के बैंक खातों में 1500 रुपए और 300 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी। मेरी बहनों के खाते में 1500 रुपए आ गए? क्या 2 रुपए किलो गोबर, 100 रुपए किलो दूध खरीदा? क्या आपके बिजली के बिल माफ हो गए? जब कांग्रेसी आएं तो गोबर बचाकर रखो, आपको पता है कि क्या करना है?’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!