मध्यप्रदेश

प्रियंका ने सांवेर में BJP की तुलना अहिरावण से की: देवास में दीपक जोशी से पूछा-बीजेपी क्यों छोड़ी

इंदौर डेस्क :

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार को मध्यप्रदेश के दौरे पर रहीं। उन्होंने सांवेर (इंदौर) और खातेगांव (देवास) में चुनावी सभा को संबोधित किया। उसके बाद इंदौर विधानसभा क्रमांक-1 में रोड शो किया। प्रियंका के रोड शो के दौरान स्वागत मंच टूट गया। जिसके बाद प्रियंका गाड़ी से उतरीं और लोगों का हाल जाना।

प्रियंका ने इंदौर-1 के कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला के समर्थन में प्रचार किया। शाम साढ़े 5 बजे नंदबाग से शुरू हुआ रोड शो बाणगंगा में खत्म हुआ। रोड शो के रूट में लगे बीजेपी के मंच से मोदी-मोदी के नारे भी लगे। उस दौरान प्रियंका गांधी का रोड शो यहां से गुजर रहा था।

इससे पहले खातेगांव (देवास) की चुनावी सभा में उन्होंने कहा, ‘दीपक जोशी से मैंने पूछा कि भाजपा क्यों छोड़ी? वे बोले- दीदी, मेरे इलाके में बहुत भ्रष्टाचार हो रहा था। किसी ने मेरी सुनी नहीं। ऊब गया था।’ दीपक जोशी मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के बेटे हैं। इसी साल 6 मई को उन्होंने कांग्रेस जॉइन की थी।

वहीं सांवेर में प्रियंका ने BJP की तुलना अहिरावण से की। कहा, ‘अहिरावण ने जिस तरह भगवान राम और लक्ष्मण जी से छल किया, उसी तरह आपके साथ भी कुछ बहुरूपियों ने छल किया। आपकी चुनी हुई सरकार चोरी की और उसे ‘भ्रष्टाचार लोक’ में ले गए। अगर आज आप हनुमान नहीं बनेंगे, तो यहां से जो छल शुरू हुआ, उसे कौन ठीक करेगा?’

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव ने मध्यप्रदेश सरकार में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट को भी घेरा। बोलीं, ‘जब कोरोना का कहर था, आपके यहां से स्वास्थ्य मंत्री सिलावट बंगलुरू के रिसॉर्ट में आपकी सरकार की सौदेबाजी कर रहे थे। वे सरकार में मिलावट कर रहे थे। एक ऐसा नेता जिसने पैसों के लिए जनमत को बिगाड़ दिया, अच्छा हुआ दूसरी पार्टी में चले गए।’

बता दें, सिलावट 2020 में ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। प्रियंका इंदौर में रोड शो करेंगी। 3 दिन में उनका यह दूसरा दौरा है।

सांवेर/खातेगांव में प्रियंका के भाषण की 7 बड़ी बातें…

मोदी का एजुकेशन सर्टिफिकेट कांग्रेस के कम्प्यूटर में छपा: ये कहते हैं कि 70 साल में कुछ नहीं हुआ? फिर मोदी जी स्कूल कैसे गए? मुझे नहीं मालूम कि वे कॉलेज गए थे या नहीं? उनका ‘एनटायर पॉलिटिकल साइंस’ का सर्टिफिकेट जरूर कांग्रेस के दिए गए कम्प्यूटर पर छपा होगा। प्रधानमंत्री रहते हुए मेरे पिता जब कम्प्यूटर लाए, तब भाजपा ने विरोध किया था।

महिला आरक्षण पर मोदी जी ने इवेंटबाजी की: संसद में महिलाओं के आरक्षण के लिए बिल पास किया गया। मोदी जी ने खूब इवेंटबाजी की, पब्लिसिटी हुई। मोदी जी जहां गए, वहां उनका माल्यार्पण हुआ। फिर पता चला कि 10 साल तक इसका फायदा नहीं मिलेगा। इसलिए मैं कहती हूं BJP की घोषणाओं को समझो।

नेहरू जी ने जो बनाया, उद्योगपतियों को दे दिया: देश में AIIMS, IIT, बड़े अस्पताल नेहरू जी की सोच की वजह से हैं। जो नेहरू जी ने बनाया, जनता की मेहनत से बना और जहां से रोजगार मिलते थे, सभी अपने उद्योगपति मित्रों को दे दिए। BHEL के बारे में पूछिएगा मोदी जी से।

जो नेता काम नहीं कराए, उसे खदेड़ दो: देश में सबसे शक्तिमान – सर्वोपरि कौन है? नरेंद्र मोदी, MP के CM हैं? नहीं…। लोकतंत्र में जनता सबसे शक्तिमान है। जो 5 साल में काम नहीं करे, उस नेता को खदेड़ दो। हमारे देश-प्रदेश में एक ऐसी राजनीति आ गई है, जो धर्म के नाम पर वोट मांगती है।

नेता के चुनाव में प्रभु श्रीराम के उसूलों को ढूंढे: जो उसूल और परंपराएं रामायण के समय से हमारे देश में चली आ रही हैं, महात्मा गांधी जी भी उन्हीं उसूलों पर चलते थे। श्री राम वनवास चले गए, लेकिन जनता श्री राम को ही राजा के रूप में देखना चाहती थी। इसलिए जब हम अपने नेता का चुनाव करें, तो उसमें हमेशा प्रभु श्री राम के उसूलों को ढूंढना चाहिए।

MP में घोटालों पर घोटाले हो रहे: आज छत्तीसगढ़ में सबसे कम बेरोजगारी है। बगल में आपका मध्यप्रदेश। 18 साल से भाजपा सरकार है। पिछले तीन साल में कितने रोजगार दिए। सिर्फ 21 रोजगार दिए। खाली पद भरे ही नहीं गए। यहां 7 हजार से ज्यादा पाठशालाएं बंद हो गईं। घोटालों पर घोटाले हो रहे हैं।

अब आपको बताया कि आप ‘लाड़ली’ हैं: जिन्होंने आपके लिए 18 साल से कोई काम नहीं किया, वो चुनाव से ठीक पहले आपके लिए काम क्यों कर रहे हैं? चुनाव से दो महीने पहले बताया आप ‘लाड़ली’ हैं। आपको ऐसी सरकार चाहिए, जो सचमुच आपके लिए काम करे।

प्रियंका की MP के लोगों को गारंटी

  • महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए
  • किसानों का कर्ज माफ
  • 100 यूनिट बिजली माफ, 200 यूनिट हाफ
  • पुरानी पेंशन लागू
  • 500 रुपए में गैस सिलेंडर
  • 2 लाख खाली सरकारी पद भरेंगे
  • स्कूली छात्रों को छात्रवृत्ति
  • MSP की गारंटी
  • युवाओं को 3000 रु. बेरोजगारी भत्ता
  • 12वीं तक निःशुल्क शिक्षा
  • प्रतियोगी परीक्षा शुल्क में 100% छूट
  • 25 लाख रु. तक का बीमा
  • OBC को 27% आरक्षण
  • जाति जनगणना

कमलनाथ बोले- सबका हिसाब लिया जाएगा

सांवेर की चुनावी सभा में मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा, ‘गुंडागर्दी करने वाले समझ जाएं, कल के बाद परसों भी आता है। सबका हिसाब लिया जाएगा। कमलनाथ 2018 के नहीं 2023 के मॉडल हैं। 7 दिन बाद पुलिस, पैसा और प्रशासन कहां जाएगा, ये कमलनाथ देखेंगे।’ उन्होंने कहा, ‘ये पूछते हैं कि 70 साल में कांग्रेस ने क्या किया? मोदी और शिवराज जी, आप जिन स्कूलों – कॉलेजों में गए, वो कांग्रेस ने बनाए।’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!