PM ने मध्यप्रदेश में तीन सभाओं को सम्बोधित किया: मोदी ने नीतीश के बयान को भद्दा बताया
गुना में इंडिया गठबंधन पर बोला हमला

न्यूज़ डेस्क :
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को दमोह, गुना और मुरैना में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। गुना में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के महिलाओं पर दिए बयान को भद्दा बताया।
PM मोदी ने कहा, ‘घमंडिया गठबंधन के एक बहुत बड़े नेता, जो इनका झंडा लेकर घूम रहे हैं, उन्होंने विधानसभा में माताओं-बहनों की उपस्थिति में ऐसी भद्दी भाषा में बातें कीं, जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती। उन्हें कोई शर्म नहीं। कितना नीचे गिरेंगे। दुनिया में देश का अपमान करा रहे हैं।’
मोदी ने कहा, ‘इंडी अलायंस (I.N.D.I.A) का एक भी नेता माताओं-बहनों के भयंकर अपमान के खिलाफ एक शब्द बोलने के लिए तैयार नहीं हुआ। ऐसा दृष्टिकोण रखने वाले आपका भला कर सकते हैं क्या?’
इससे पहले दमोह की सभा में PM ने दावा और वादा करते हुए कहा, ‘ये मोदी की गारंटी है कि जब मेरा तीसरा सेवाकाल शुरू होगा, मैं इस देश की अर्थव्यवस्था को दुनिया के टॉप-3 में लाकर रहूंगा।’ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के 5 पांडवों वाले बयान पर पलटवार करते हुए मोदी ने कहा, ‘मुझे गर्व है कि हम पांच पांडवों की राह पर चल रहे हैं।’
बता दें कि खड़गे ने मंगलवार को ग्वालियर की चुनावी सभा में कहा था, ‘भाजपा में पांच पांडव हैं- ED, CBI, इनकम टैक्स (IT) और ऊपर से चौहान और मोदी। ये पांडव अलग हैं।’
मध्यप्रदेश में आज मोदी की तीन सभाएं हुईं, जानिए कहां-क्या बोले…

दमोह में सभा की 6 बड़ी बातें…
मल्लिकार्जुन खड़गे रिमोट से चलते हैं: दमोह की सभा में मोदी ने कहा, ‘2014 तक 10 साल लोगों ने कांग्रेस को मौका दिया, लेकिन किसी को पता ही नहीं था कि देश के प्रधानमंत्री क्या कर रहे हैं, क्योंकि सब रिमोट से चल रहा था। आज भी कांग्रेस की रिमोट की आदत नहीं जा रही है, उस समय प्रधानमंत्री (मनमोहन सिंह) रिमोट से चलते थे, इन दिनों कांग्रेस के अध्यक्ष (मल्लिकार्जुन खड़गे) रिमोट से चल रहे हैं।’
मैंने कांग्रेस की भ्रष्ट मशीन के टायर पंक्चर किए: कांग्रेस ने गरीबों को लूटने के लिए मशीन बनाई थी। वो मशीन ऐसी थी कि सरकार अगर 1 रुपए भेजती थी तो सिर्फ 15 पैसे लोगों के पास जाते थे, बाकी कांग्रेस नेताओं की तिजोरियों में पहुंच जाते थे। मैंने भ्रष्ट मशीन के सारे टायर पंक्चर किए।
मोदी को गालियां देने वाले जमानत पर जिंदगी गुजार रहे: भ्रष्टाचार पर कार्रवाई करने पर कांग्रेस मोदी को दिन में 100 बार गालियां देती है। गालियां देने वाले किसी न किसी केस में फंसे हैं। जमानत पर जिंदगी गुजार रहे हैं। भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई नहीं रुकेगी।
राम मंदिर बनाया, 4 करोड़ गरीबों के घर भी बनाए: आज मजाल नहीं कि केंद्र गरीबों के लिए जो पैसे भेजे, कोई पंजा उसे बीच से लूट ले जाए। वो जमाना चला गया। MP में कांग्रेस गलती से आ गई तो 85% कमीशन तय है। यह उनके PM ही तय करके गए हैं। हमने राम मंदिर बनाया, 4 करोड़ गरीबों के घर भी बनाए, ये भी याद रखिए।
रिमोट चलने पर कांग्रेस अध्यक्ष सनातन को गाली देते हैं: कांग्रेस अध्यक्ष मेरे अच्छे मित्र हैं, लेकिन आज उनका हाल ऐसा कर दिया है कि वे कुछ कर नहीं पाते। कभी-कभी वे खुद के मूड में आ जाते हैं। जब रिमोट चलता है, तब वे सनातन को गाली देते हैं, लेकिन रिमोट बंद होते ही उन्होंने सनातन को याद किया। उन्होंने कहा कि भाजपा में 5 पांडव हैं।
जिसने हम पर 200 साल राज किया, हमने उसे पीछे छोड़ा: 2014 में जब हम सरकार में आए, तब हमारा देश दुनिया की 10वें नंबर की आर्थिक ताकत था। आज भारत ने 5वें नंबर की अर्थव्यवस्था बनकर उस देश को पीछे छोड़ दिया है, जिसने 200 साल तक हम पर राज किया था। आज केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार है।

गुना में भाषण की 3 बड़ी बातें…
कांग्रेस का विकास मॉडल मतलब लापता: कांग्रेस ने मध्यप्रदेश में विकास का जो मॉडल विकसित किया था, वो था लापता मॉडल। बिजली, सड़क, पानी, रोजगार, गरीबों के घर लापता थे। विकास भी लापता था। कांग्रेस राज में नौजवानों का भविष्य लापता था। किसानों का कल्याण लापता था।
कांग्रेस के लोग डबल डेंजर: जहां-जहां कांग्रेस सरकार होती है, वहां हर योजना पर रोड़े अटकाती है। जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब MP की भाजपा सरकार के साथ भेदभाव किया जाता था। मध्यप्रदेश में एक तरफ डबल इंजन की सरकार है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस के डबल डेंजर लोग हैं।
ये मुफ्त अनाज पर मुकदमा कराएंगे: कांग्रेस वाले परेशान हो गए हैं कि मोदी ने अब 5 साल तक गरीबों के लिए मुफ्त अनाज देने की घोषणा क्यों कर दी है। अब ये चुनाव आयोग जाएंगे, वहां जाकर मोदी के खिलाफ शिकायत करके मुकदमा दर्ज कराएंगे। आप बताइए, मुझे कांग्रेस की इन हरकतों से डरना चाहिए?

मुरैना में स्पीच की 3 बड़ी बातें…
कांग्रेस ने घोटाले का शुभारंभ सेना से किया: मोदी की गारंटी क्या होती है, इसकी गारंटी वन रैंक-वन पेंशन है। हमने इसे डंके की चोट पर लागू किया। कांग्रेस ने हमेशा देश की सुरक्षा से खिलवाड़ किया। आजादी के बाद देश में घोटाले का शुभारंभ सेना से ही किया था। कांग्रेस ने देश की सेना को विदेशी हथियारों पर निर्भर रखा।
आज सेना आतंकियों को उन्हीं की भाषा में जवाब देती है: आतंकी हमारे सैनिकों के सिर काटकर ले जाते थे, कांग्रेस सरकार हाथ पर हाथ धरकर बैठी रहती थी। लेकिन, आज का भारत नया भारत है। आज की सेना आतंकियों को उन्हीं की भाषा में करारा जवाब देती है। घर में घुसकर जवाब देती है।
हमारे लिए संसाधनों पर पहला हक गरीबों का: कांग्रेस कहती है कि देश के साधन-संसाधनों पर पहला हक मुसलमानों का है। हमारे लिए देश के संसाधनों पर पहला हक हमारे गरीबों और वंचितों का है। मोदी के लिए देश में गरीब ही सबसे बड़ी जाति है।




