बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का चौथा टेस्ट मैच, प्रधानमंत्री मोदी टॉस कराएंगे: ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री बोले – मोदी के हाथ में ही कमान होगी
न्यूज़ डेस्क :
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का चौथा और आखिरी टेस्ट मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुरुवार सुबह 9:30 बजे से खेला जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के PM एंथनी एल्बनीज टॉस के दौरान मैदान पर मौजूद रहेंगे। वे मैच के दौरान कमेंटरी भी कर सकते हैं।
PM बुधवार रात 8 बजे अहमदाबाद पहुंच जाएंगे। यहां का क्रिकेट स्टेडियम दुनिया में सबसे ज्यादा दर्शक क्षमता वाला स्टेडियम है। इसमें 1.32 लाख दर्शक बैठ सकते हैं।
PM एल्बनीज बोले- मेरे ऊपर बहुत प्रेशर
ऑस्ट्रेलियाई PM एल्बनीज ने ऑस्ट्रेलिया में एक रेडियो स्टेशन को दिए इंटरव्यू में कहा कि मेरे ऊपर बहुत दबाव है, क्योंकि मैं और प्रधानमंत्री मोदी टॉस कराएंगे। मुझे नहीं पता की हम दोनों में से सिक्का कौन उछालेगा, लेकिन मोदी भारत के PM हैं तो उनके हाथ में ही कमान होगी।
प्रधानमंत्री मोदी मैच देखने के बाद स्टेडियम से रवाना हो कर राजभवन जाएंगे। इसके बाद दोपहर दो बजे दिल्ली रवाना होंगे।
डोनाल्ड ट्रम्प भी आ चुके हैं अहमदाबाद स्टेडियम
2020 में अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प 2 दिन के टूर पर भारत आए थे। ट्रम्प और PM मोदी ने अहमदाबाद के इसी स्टेडियम में ”नमस्ते ट्रम्प” कार्यक्रम किया था। दोनों नेताओं ने लोगों को संबोधित किया था और अपने देशों के संबंधों पर चर्चा की थी।
दोनों टीमों के लिए यह बेहद अहम मुकाबला
अहमदाबाद में होने वाला यह मैच जीतने पर टीम सीरीज जीतने के साथ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भी प्रवेश कर जाएगी। जहां टीम का सामना ऑस्ट्रेलिया से ही होगा।
अगर ऑस्ट्रेलिया आखिरी टेस्ट जीत गई तो सीरीज 2-2 से बराबर हो जाएगी। ऐसे में ट्रॉफी तो भारत के पास ही रहेगी, क्योंकि भारत ने 2020-21 में पिछली टेस्ट सीरीज जीती थी। अगर सीरीज 2-2 से बराबर रही तो ऑस्ट्रेलिया 20 साल में पहली बार बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी ड्रॉ कराने का कारनामा करेगी। पिछली बार 2003 में ऑस्ट्रेलिया में दोनों के बीच सीरीज 1-1 से ड्रॉ रही थी।



