भोपाल

PM नरेंद्र मोदी भोपाल में: वंदे भारत को हरी झंडी दिखाएंगे, ट्रेन में बच्चों से बात करेंगे, PM का मिनट टु मिनट कार्यक्रम

भोपाल डेस्क :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तीनों सेनाओं की कंबाइंड कमांडर्स कॉन्फ्रेंस की अहम बैठक में शामिल होने भोपाल पहुंचे हैं। वे दोपहर 3.05 बजे तक बैठक लेंगे। दोपहर 3.15 बजे रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर देश की 11वीं वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। ट्रेन के कोच में ही PM बच्चों से बात भी करेंगे।

PM आज सुबह 9.25 बजे दिल्ली से विशेष विमान के जरिए भोपाल के राजाभोज एयरपोर्ट आए। यहां से 9.30 बजे हेलिकॉप्टर से लाल परेड मैदान के हेलीपैड पहुंचे। यहां से कार से सुबह 10 बजे कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में कंबाइंड कमांडर्स कॉन्फ्रेंस में पहुंचे। कॉन्फ्रेंस में PM 5 घंटे रहेंगे।

सात महीने में मोदी का मध्यप्रदेश में यह चौथा दौरा है। इंदौर में मंदिर हादसे की वजह से स्टेट हैंगर पर PM का स्वागत नहीं हुआ। रोड शो और पुष्प वर्षा का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी का आगमन मध्यप्रदेश के लिए सौभाग्य के सूर्य के उदय के समान है।

कमांडर कॉन्फ्रेंस का सब्जेक्ट – ‘रेडी, रीसर्जेंट, रेलेवेंट’

सैन्य कमांडरों का तीन दिवसीय सम्मेलन ‘रेडी, रीसर्जेंट, रेलेवेंट’ विषय पर आयोजित किया गया है। सम्मेलन के दौरान सशस्त्र बलों की युद्धभूमि की संयुक्त तैयारियों के मद्देनजर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। सशस्त्र बलों की तैयारी और आत्मनिर्भरता प्राप्त करने की दिशा में रक्षा ईकोसिस्टम की प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी। सम्मेलन में तीनों सशस्त्र बलों के कमांडर और रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। थल सैनिकों, नौ सैनिकों और वायु सैनिकों के साथ समावेशी और अनौपचारिक बातचीत भी होगी।

शताब्दी प्लेटफार्म नं. 5 से आएगी-जाएगी

रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 के एंट्री गेट को PM मोदी के लिए रिजर्व किया गया है। इस गेट से VIP को एंट्री दी जाएगी। इसके लिए यहां स्पेशल पाथ-वे कॉरिडोर बनाया गया है। आम यात्रियों की स्टेशन में एंट्री प्लेटफार्म नंबर-5 की ओर से ही होगी। शताब्दी भी इसी प्लेटफार्म से आएगी-जाएगी।

PM का मिनट टु मिनट कार्यक्रम

  • दोपहर 3.05 बजे: कुशाभाऊ ठाकरे सभागार से कार से रवाना होंगे।
  • दोपहर 3.15 बजे: रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
  • दोपहर 3.35 बजे: कार से रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से बीयू के हेलिपैड के लिए रवाना होंगे।
  • दोपहर 3.45 बजे: बीयू के हेलिपेड से भोपाल एयरपोर्ट के लिए हेलिकॉप्टर से रवाना होंगे।
  • शाम 4.10 बजे: भोपाल एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

PM का ट्वीट…

भोपाल रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा- आज भोपाल में कंबाइंड कमांडर्स कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेंगे। बाद में भोपाल और नई दिल्ली के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। यह ट्रेन मध्यप्रदेश और दिल्ली के बीच कनेक्टिविटी को बढ़ावा देगी।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!