भोपाल

मुख्यमंत्री के निर्देश पर बेहतर उपचार के लिये सीधी दुर्घटना के 3 घायल एयर एम्बुलेंस से मेदांता दिल्ली शिफ्ट

भोपाल डेस्क : 

सीधी जिले में शुक्रवार को हुई दुर्घटना में घायलों के बेहतर और समुचित उपचार के लिये मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश के अनुक्रम में आज 3 घायलों को एयर एम्बुलेंस द्वारा रीवा अस्पताल से दिल्ली के मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया गया।

गंभीर रूप से घायल प्रमोद पटेल और सुश्री विमला कोल को सतना हवाई पट्टी और जितेन्द्र तिवारी को खजुराहो विमानतल से पृथक-पृथक एयर एम्बुलेंस से बेहतर इलाज के लिये नई दिल्ली स्थित मेदांता अस्पताल भेजा गया। घायलों के साथ एयर एम्बुलेंस में उनके परिवार के एक-एक व्यक्ति को भी दिल्ली भेजा गया।

मुख्यमंत्री चौहान देर रात पहुँचे अस्पताल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देर रात रीवा में अस्पताल जाकर घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की और चिकित्सकों को घायलों का अच्छे से अच्छे उपचार करने के निर्देश दिए। प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री के साथ सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने भी घायलों से भेंट कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने दुर्घटना में घायल नागरिकों का हालचाल जानने के बाद चिकित्सकों और जन-प्रतिनिधियों के साथ बैठक में कहा कि आवश्यकता होगी तो घायलों के उपचार के लिए रीवा से बाहर भेजने की व्यवस्था भी की जाएगी। मुख्यमंत्री चौहान ने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि घायलों के स्वास्थ्य के बारे में निरंतर जानकारी देते रहें। मुख्यमंत्री ने देर रात घायलों की सहायता के लिए मुस्तैदी से कार्य करने के लिए सभी संबंधितों को धन्यवाद भी दिया।

मृतकों के परिजन को 10-10 और घायलों को 2-2 लाख रूपए की सहायता राशि

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा सीधी जिले में हुई दुर्घटना में मृतकों के परिजन को 10-10 लाख रूपए की सहायता राशि दी जाएगी। गंभीर घायलों के लिए उपचार व्यवस्था के अतिरिक्त 2 लाख रूपये की राशि और साधारण घायलों के लिए एक लाख रूपए की राशि दी जाएगी।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए रीवा के बाहर भेजने की आवश्यकता होगी तो उसके लिए उन्हें एअर लिफ्ट कर ले जाने की व्यवस्था भी की जाएगी।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!