प्रेम प्रसंग के शक में नाबालिग की बीच सड़क बेरहमी से पिटाई: डंडों से हमला; एक गिरफ्तार, दूसरा फरार

न्यूज़ डेस्क :
मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के नूराबाद थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के शक में एक नाबालिग छात्र के साथ बीच सड़क पर बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि नाबालिग लड़की के पिता और उसके रिश्तेदारों ने छात्र को घेरकर डंडों से पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, छात्र और नाबालिग लड़की की पहचान कोचिंग के दौरान हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। बताया जा रहा है कि दोनों एक दिन साथ चले गए थे। इसके बाद लड़की के परिजनों ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। कुछ घंटे बाद दोनों के मिल जाने पर परिजनों ने छात्र को पकड़ लिया और बीच सड़क पर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्र लगातार रहम की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपी नहीं रुके। वायरल वीडियो में एक आरोपी छात्र पर लगातार डंडे बरसाता दिखाई देता है, जबकि दूसरा उसे पकड़कर घसीटता है। मारपीट इतनी गंभीर थी कि छात्र बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग पहले मूकदर्शक बने रहे, बाद में कुछ लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया।

मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लड़की पहले सुरक्षित बरामद हो चुकी थी। इसके बावजूद छात्र के साथ मारपीट की गई। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से कानून अपने हाथ में न लेने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी विवाद का समाधान कानूनी प्रक्रिया के तहत ही किया जाना चाहिए।



