भोपाल में सतपुड़ा-विंध्याचल की जगह नए भवन बनेंगे: पिछले साल रिनोवेशन के लिए स्वीकृत 167.59 करोड़ रुपए निरस्त होंगे

भोपाल डेस्क :
अरेरा हिल्स पर वल्लभ भवन के पास स्थित सरकारी दफ्तरों के काॅम्प्लेक्स सतपुड़ा और विंध्याचल भवनों का रिनोवेशन नहीं होगा। इन दोनों को तोड़कर यहीं आधुनिक ऑफिस काॅम्प्लेक्स बनाया जाएगा। कैबिनेट ने पिछले साल 31 अगस्त को दोनों भवनों के रिनोवेशन के लिए 167.59 करोड़ रुपए स्वीकृत किए थे, लेकिन अब इसे निरस्त कर स्टेट ऑफ द आर्ट ऑफिस कॉम्प्लेक्स बनाने का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।
मुख्य सचिव वीरा राणा की अध्यक्षता में 16 जुलाई को हुई बैठक में पीडब्ल्यूडी ने दोनों भवनों को रिनोवेट करने या उनके स्थान पर नए ऑफिस कॉम्प्लेक्स बनाने के दो विकल्प रखे थे। बैठक में निर्णय लिया गया कि दोनों भवनों को तोड़कर बनाया जाए। हालांकि, इस कॉम्प्लेक्स में क्या होगा और इसे बनाने पर कितना खर्च आएगा, इसका प्लान बनाया जा रहा है। यह प्रस्ताव कैबिनेट की मंजूरी के बाद ही अमल में लाया जाएगा।
अभी यहां उच्च शिक्ष, आयुष जैसे विभाग
- सतपुड़ा और विंध्याचल भवन 1982 में बनकर तैयार हुए थे। सतपुड़ा भवन के निर्माण पर 4.61 करोड़ रुपए खर्च हुए थे। पिछले दिनों आग लगने के बाद रिनोवेशन का प्लान बनाया गया था। बारिश के नुकसान से बचाने के लिए पॉलिथिन से ढंका गया है। अभी यहां चिकित्सा शिक्षा, उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा, आयुष और आदिम जाति कल्याण जैसे विभाग हैं।
- विंध्याचल के निर्माण पर 4.95 करोड़ रुपए खर्च आया था। यहां अभी उद्योग, सहकारिता, कृषि जैसे विभाग हैं।



