
भोपाल डेस्क :
मप्र सरकार जल्द 234 करोड़ की लागत से बॉम्बार्डियर कंपनी का नया प्लेन खरीदेगी। साल 2021 में कोविडकाल में दवाएं ले जाते हुए सरकार का सी-90 प्लेन ग्वालियर एयरपोर्ट पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। तब से सरकार के पास अपना कोई विमान नहीं है। बुधवार को सीएम डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में नया विमान खरीदने को मंजूरी दी गई।
इसमें कनाडा की कंपनी बॉम्बार्डियर से चैलेंजर-3500 प्लेन खरीदने की सहमति दी गई है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद विमान मप्र आने में 18 से 24 महीने का समय लग सकता है। यह विमान अधिकतम 6297 किमी तक उड़ान भर सकता है। यह सीधे भोपाल से जापान तक उड़ान भर सकेगा।
उज्जैन, गुना समेत कई जगह नहीं उतर पाएगा
- प्लेन में दो इंजन। इसमें 8 पैसेंजर, 2 केबिन क्रू सीट हैं।
- अधिकतम स्पीड 870 किमी/घंटा है। खराब मौसम में भी टर्बुलेन्स नहीं।
- 5 एयरपोर्ट भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, खजुराहो व 7 हवाई पट्टियों दतिया, सिवनी, मंदसौर, नीमच, छिंदवाड़ा, रीवा, सतना, मंडला से उड़ान संभव। 5500 फीट का रन-वे जरूरी है, इसलिए उज्जैन, गुना, खरगोन, नागदा, रतलाम, खंडवा, सागर, सीधी, मैहर, टेकनपुर से उड़ान नहीं भर सकेगा।
- यही विमान 2018 में गुजरात सरकार ने खरीदा था। देशभर में चैलेंजर 350 सीरीज के 45 विमान हैं।
- इसमें वॉइस कंट्रोल्ड केबिन की सुविधा भी है। केबिन में किसी तरह का कोई शोर नहीं सुनाई देगा।
- वायरलेस फोन चार्जर, 4K डिस्प्ले के साथ ही 4जी इंटरनेट सुविधा भी इसमें होगी।
- दो साल पहले नया प्लेन खरीदने के लिए प्रक्रिया शुरू हुई थी। टेक्सट्रोन कंपनी ने 145 करोड़ रु. में ऑफर भी दिया पर बाद में कंपनी ने कीमत बढ़ाकर 208 करोड़ कर दी। इसके बाद सरकार ने प्रक्रिया रद्द कर दी। बॉम्बार्डियर के अलावा ब्राजील की कम्पनी एम्ब्रायर की बिड आई थी।



