भोपाल

‘मेरा घर-राहुल का घर’ कांग्रेस का कैंपेन: भोपाल में नेता ने अपने घर लगाई राहुल की नेम प्लेट, BJP बोली-ये चाटुकारिता

भोपाल डेस्क :

सांसदी रद्द होने के बाद राहुल गांधी को बंगला खाली करने का नोटिस भेजा गया है। इसके बाद से ही कांग्रेस नेता ‘मेरा घर-राहुल का घर’ कैंपेन चला रहे हैं। दिग्विजय सिंह समेत कई कांग्रेस नेताओं ने राहुल को रहने के लिए अपना घर ऑफर किया है। एक नेता रविंद्र साहू झूमरवाला ने तो अपने घर की नेम प्लेट की जगह राहुल गांधी के नाम की नेम प्लेट लगा दी। पता है- L124/3C साकेत नगर, भोपाल। साहू का कहना है कि राहुल गांधी जब चाहें यहां आकर रह सकते हैं।

कांग्रेस नेताओं के अभियान पर मध्यप्रदेश के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने तंज कसते हुए इसे चाटुकारिता बताया है। मिश्रा ने कहा- राहुल गांधी के लिए ‘मेरा घर, राहुल का घर’ कैंपेन चला रहे हैं, लेकिन इतने साल सत्ता में रहे और कभी गरीब के लिए इस तरह का अभियान नहीं चलाया। यह नहीं कहा- ‘मेरा घर – गरीब का घर’। गलती को विषयांतर करने की कोशिश की जा रही है। न्यायालय से ऊपर गांधी परिवार को साबित करने की कोशिश है। देश की जनता सब समझती है।

दिग्विजय बोले- मेरे घर में आकर रहें राहुल

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी राहुल गांधी को अपना घर ऑफर किया है। उन्होंने ट्वीट में कहा- मैं अपने घर में आपका स्वागत करता हूं। अपना सौभाग्य मानूंगा यदि आप मेरे घर में आकर रहेंगे। राहुल गांधी जी, आप जैसे उदार हृदय वाले लोगों के लिए तो पूरा देश ही परिवार है और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की यही भावना हमारे देश का मूल चरित्र है।

जर्मनी के बयान पर दिग्विजय ने कहा- धन्यवाद

राहुल गांधी की संसद सदस्यता जाने के मामले में जर्मनी के विदेश मंत्रालय की ओर से आए बयान पर भी दिग्विजय सिंह ने रिएक्ट किया है। आज ट्वीट करते हुए दिग्विजय ने कहा- भारत में किस तरह लोकतंत्र का उत्पीड़न किया जा रहा है, इस बात पर ध्यान देने के लिए जर्मन विदेश मंत्रालय और रिचर्ड वॉकर का धन्यवाद। जर्मन विदेश मंत्रालय ने आधिकारिक रूप से एक बयान जारी किया है। इसमें विदेश मंत्रालय की एक महिला अधिकारी ने कहा- हमने भारत में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के निलंबन पर ध्यान दिया है। हम उम्मीद करते हैं कि न्यायिक स्वतंत्रता और मौलिक लोकतांत्रिक सिद्धांत राहुल गांधी के खिलाफ कार्यवाही के लिए समान रूप से लागू होंगे।

सरकार आवास से निकाल सकती है, दिल से नहीं

मप्र कांग्रेस मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष आनंद जाट ने अपने आवास पर एक पोस्टर लगाया है। जाट ने कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस के लाखों कार्यकर्ताओं के दिल में बसते हैं। हम सब कांग्रेस कार्यकर्ताओं का घर राहुल गांधी का घर है। सरकारी आवास से निकाल सकती है, लेकिन हमारे दिल से नहीं।

24 अप्रैल तक राहुल गांधी को खाली करना है बंगला

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सांसदी जाने के बाद अब उन्हें एक महीने के अंदर सरकारी आवास भी खाली करना होगा। लोकसभा हाउसिंग कमेटी ने उन्हें इसके लिए नोटिस जारी किया है। कमेटी ने उन्हें 22 अप्रैल तक 12 तुगलक रोड का सरकारी आवास खाली करने को कहा है। सूरत कोर्ट ने मानहानि केस में राहुल गांधी को दो साल की सजा सुनाई है। इसके बाद उनकी संसद सदस्यता रद्द कर दी गई थी।

बंगला छोड़ने के नोटिस पर राहुल बोले- घर से अच्छी यादें जुड़ी…

बंगला खाली करने के नोटिस पर राहुल गांधी ने मंगलवार को लोकसभा सचिवालय के डिप्टी सेक्रेटरी डॉ. मोहित रंजन को लिखित जवाब भेजा। राहुल ने लिखा- मैं 4 बार लोकसभा सांसद चुना गया। यह लोगों का जनादेश है। मैं उन लोगों का शुक्रगुजार हूं। मेरी इस घर से कई अच्छी यादें जुड़ी हुई हैं। मैं नोटिस में दिए गए आदेशों का पालन करूंगा। दरअसल, लुटियंस दिल्ली में 12, तुगलक लेन वाले सरकारी बंगले में राहुल रहते हैं। 2004 में अमेठी से पहली बार सांसद बनने पर उन्हें ये बंगला अलॉट किया गया था। 2005 में उन्हें ये बंगला मिल गया था।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!