खेल

IPL में 2 गेंद पर 2 छक्के लगाकर महेंद्र सिंह धोनी 5,000 रन पूरे करने वाले 7वें खिलाड़ी बने

खेल डेस्क :

लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ बैक टू बैक 2 गेंद पर 2 छक्के लगाकर महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल में 5,000 रन पूरे कर लिए। वह ऐसा करने वाले सिर्फ 7वें खिलाड़ी हैं। माही ने IPL के 20वें ओवर में 277 गेंद खेली हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 49 चौके और 55 छक्के आए हैं। महेंद्र सिंह धोनी के अलावा कोई दूसरा बल्लेबाज यह कारनामा नहीं कर सका। जिस वक्त धोनी अंतिम ओवर में बैटिंग करने आए, उस वक्त सिर्फ जिओसिनेमा के जरिए ही 1.70 करोड़ लोग मैच लाइव देख रहे थे। इस सीजन में पहली दफा ऑनलाइन व्यूअरशिप का आंकड़ा इतना ज्यादा पहुंचा। यूं ही माही को G.O.A.T यानी ग्रेटेस्ट आफ ऑल टाइम नहीं कहा जाता।

महेंद्र सिंह धोनी ने 37 वर्ष की उम्र में साल 2019 में भारतीय टीम से संन्यास का ऐलान कर दिया था। पिछले 4 सालों से वह सिर्फ 2 महीने IPL में क्रिकेट खेलते हैं। इस दौरान माही के दीदार के लिए फैंस पलकें बिछाए रहते हैं। महामारी के दौर के कारण 1426 दिन के बाद चेपॉक का शेर वापस लौट रहा था और ऐसे में पब्लिक खासी बेकरार थी। 20वें ओवर की पहली गेंद पर जडेजा आउट हुए और 203 के स्कोर पर चेन्नई को छठा झटका लगा। स्टेडियम में मौजूद दर्शक इस विकेट से खुश थे क्योंकि अंतिम 5 गेंदें खेलने माही मैदान पर जा रहा था। अपने लोगों के बीच काफी दिनों बाद जौहर दिखाने का मौका आया था।

148 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ स्पीडस्टार मार्क वुड ने महेंद्र सिंह धोनी को ऑफ स्टंप के बाहर विड्थ ऑफर कर दी। माही ने करारा प्रहार किया और गेंद थर्ड मैन सीमा रेखा पार छक्के के लिए चली गई। दर्शकों के शोर से लगा कि आज हर हाल में आसमान जमीन पर आ गिरेगा। स्टेडियम में चारों तरफ लोग अपने मोबाइल के टॉर्च लाइट जलाकर क्रिकेट के सबसे बड़े धुरंधर का इस्तकबाल कर रहे थे। अगली गेंद वुड ने शॉर्ट बॉल डाली और धोनी ने खूबसूरत पुल शॉट के जरिए स्क्वायर लेग बाउंड्री के बाहर 92 मीटर का छक्का लगा दिया। यह गेंद भी लगभग 147 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से डाली गई थी। दूसरे छक्के के साथ धोनी के 5,004 IPL रन हो गए।

गुस्से से तिलमिलाए वुड ने अगली गेंद 151 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ डाली। बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में माही ने इसे स्लाइस कर दिया। डीप कवर पर कैच पकड़ लिया गया लेकिन पब्लिक को कोई निराशा नहीं थी। उनके लिए तो चहेते माही ने 2 छक्के मारकर मानो दुनिया कदमों में झुका दी थी। पहले मुकाबले के अंतिम ओवर में 1 छक्का और 1 चौका…! दूसरे मुकाबले के अंतिम ओवर में 2 छक्के…! द बेस्ट फिनिशर एवर। आलोचक चाहे जो भी बोलें, धोनी की तरह फिनिशर क्रिकेट के इतिहास में कभी नहीं आया। सीजन की शुरुआत में यह हाल है, तो सोचिए कि बाकी बचे मुकाबलों में क्या कहर बरपाएगा। माही इस साल बल्ले से जमकर भौकाल मचाएगा।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!