नई दिल्ली

रक्तदान के क्षेत्र में मध्यप्रदेश ने एक और रचा इतिहास, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मंडाविया ने प्रदेश के स्वास्थ्य संचालक को प्रदान किया अवार्ड 

नई दिल्ली डेस्क : 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म-दिवस पर 17 सितंबर से एक अक्टूबर 2022 तक पूरे देश में आयोजित रक्तदान अमृत महोत्सव में  मध्यप्रदेश को रक्त कलेक्शन में देश में  प्रथम स्थान  प्राप्त हुआ है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ.मनसुख मंडाविया ने नई दिल्ली में शनिवार को प्रदेश के स्वास्थ्य संचालक अनुराग चौधरी को रक्तदान में देश में पहले स्थान पर आने पर प्रदेश को मिला अवार्ड प्रदान किया। 

संचालक स्वास्थ्य चौधरी ने बताया कि पूरे देश में  17 सितम्बर से शुरू हुए रक्तदान अमृत महोत्सव में अंतिम दिन एक अक्टूबर तक आनुपातिक रूप से सर्वाधिक रक्तदान कर मध्यप्रदेश पूरे देश में प्रथम रहा है। प्रदेश में पहले दिन 17 सितंबर को  31हजार 514 रक्तदाताओं  ने रक्तदान कर अमृत महोत्सव में एक नया कीर्तिमान बनाया था। पूरे  अभियान अवधि में  कुल  903 शिविर में 36 हजार 658 रक्तदाता ने रक्तदान किया।

रक्तदान अमृत महोत्सव में विशेष रक्तदान महा अभियान चला कर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया। अभियान के पहले ही दिन प्रदेश के सभी जिलों में स्वयंसेवी संस्थाओं, एनजीओ, रेडक्रॉस सोसाइटी, अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद, विश्वविद्यालय और शैक्षणिक संस्थाओं के सहयोग से विभिन्न जिलों में रक्तदान शिविर हुए।

  प्रदेश में रक्तदान अमृत महोत्सव में  सभी जिलों के ब्लड सेंटरों द्वारा ब्लॉक एवं ग्राम स्तर तक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष कार्यक्रम- कार्यशाला, रैली, नुक्कड़ नाटक और रक्तदान शिविर हुए। इन शिविरों में जिलों के जन-प्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में स्वयंसेवी संगठन और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। महा अभियान में स्वैच्छिक रूप से रक्तदान के लिए इच्छुक नागरिकों का पंजीयन भी किया गया, जिससे उनके नजदीक के किसी व्यक्ति को रक्त की आवश्यकता होने पर  पंजीकृत रक्तदाता से रक्त मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!