लोकसभा चुनाव 2024- पहले दो चरणों का मतदान पूरा:12 सीटों पर महिला मतदान औसतन 10 फीसदी गिरा

न्यूज़ डेस्क :
पिछले लोकसभा चुनाव के तुलना में इस बार दो चरणों में 12 सीटों पर महिलाओं का मतदान प्रतिशत भी गिरा है। पहले चरण में यह आंकड़ा 8.5 फीसदी था और दूसरे चरण में 11 फीसदी रहा। यह औसतन करीब 10 फीसदी कम है। महिलाओं का मतदान प्रतिशत गिरने से भाजपा और कांग्रेस दोनों ही राजनीतिक दल चिंतित हैं।
दोनों ही चरणों में महिलाओं के मतदान में कम रुझान के पीछे एक वजह महिला नेताओं और महिला स्टार प्रचारकों की चुनाव से दूरी भी मानी जा रही है। अभी तक भाजपा की स्टार प्रचारक स्मृति ईरानी को छोड़कर किसी महिला स्टार प्रचार की सभा दोनों चरणों में नहीं हुई है। अब कांग्रेस और भाजपा दोनों ही महिला वोटर्स को रिझाने के लिए प्रचार में अपनी महिला नेताओं और स्टार प्रचारकों को उतारने जा रही हैं। तीसरे चरण में ताबड़तोड़ महिला नेता और स्टार प्रचारकों के कार्यक्रम बनाए गए हैंं।
भाजपा ने पहले की शुरुआत
भाजपा ने महिला नेताओं को प्रचार में उतारने की शुरुआत 1 मई से कर दी। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वानिती श्रीनिवासन ने भिंड में बुधवार को आमसभा की। यहां से भाजपा ने संध्या राय को उतारा है। पूर्व मंत्री ऊषा ठाकुर ने बुधवार को उज्जैन, मंदसौर में सभाएं की। उमा भारती ने भी पहली बार शिवपुरी के पिछोर में भाजपा में पक्ष में आमसभा की।
कांग्रेस.. आज से करेंगे आगाज
कांग्रेस की स्टार प्रचारक और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी गुरुवार को मुरैना सीट पर आमसभा करने आ रही हैं। मीनाक्षी नटराजन मंदसौर सीट पर सक्रिय हैं। विजय लक्ष्मी साधौ खरगोन लोकसभा सीट पर सक्रिय हैं। सोनिया गांधी का स्वास्थ्य खराब होने के कारण उनके प्रचार का कोई कार्यक्रम अब तक पीसीसी में नहीं आया है।
चुनाव प्रचार से गायब मप्र की राजनीति के चर्चित महिला चेहरे
- सुमित्रा महाजन, पूर्व लोकसभा स्पीकर
- यशोधरा राजे सिंधिया, पूर्व मंत्री व पूर्व सांसद
- माया सिंह, पूर्व मंत्री
- रंजना बघेल, पूर्व मंत्री
- कुसुम मेहदेले, पूर्व मंत्री
- मीना सिंह पूर्व मंत्री
- मालिनी गौड़ पूर्व विधायक व इंदौर महापौर
- विजय लक्ष्मी साधौ, पूर्व मंत्री व पूर्व राज्यसभा सांसद
पहले चरण में 5 तो दूसरे चरण में सभी 6 सीटों पर महिला वोटिंग कम
लोकसभा चुनाव के पहले चरण में शामिल 6 सीटों में से सिर्फ बालाघाट में महिला वोटरों के संख्या पुरुषों से ज्यादा थी, बाकी सीटों पर महिला वोटर पीछे रहीं। बालाघाट में 6.93 लाख महिला वोटरों ने मतदान किया जबकि पुरुष वोटर 6.82 लाख थे।
जबलपुर में ये अंतर सबसे अधिक रहा। इस सीट पर 6.09 लाख पुरुषों तो 5.46 लाख महिओं ने वोट दिया जो पुरुषों से 63000 कम थी। दूसरे चरण में मप्र में 6 सीटों पर महिलाओं का वोटिंग प्रतिशत 11% कम रहा। सभी 6 सीटों पर महिलाओं का वोटिंग % पुरुषों के मुकाबले कम रहा। दमोह में महिलाओं का वोटिंग % पुरुषों के मुकाबले 9.27 % कम रहा, वहीं होशंगाबाद में ये अंतर 8.08 % रहा।



