महाशिवरात्रि पर सीहोर के कुबेरेश्वर धाम में लाखों भक्त पहुंचे: महाकाल मंदिर में भक्तों की कतार

न्यूज़ डेस्क :
महाशिवरात्रि के मौके पर मध्यप्रदेश के शिव मंदिरों में दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। उज्जैन के महाकाल मंदिर से लेकर ओंकारेश्वर, रायसेन के भोजपुर मंदिर और सीहोर में पंडित प्रदीप मिश्रा के कुबेरेश्वर धाम तक में लाखों की संख्या में श्रद्धालु उमड़े।

उज्जैन में रात ढाई बजे ही मंदिर के पट खुल गए थे। यहां लगातार 44 घंटे भगवान महाकाल के दर्शन होंगे। मंदिर प्रशासन का दावा है कि श्रद्धालुओं को महज 40-45 मिनट में दर्शन कराए जा रहे हैं।
महाकाल मंदिर में सुबह सबसे पहले भस्म आरती हुई। इसके बाद बाबा महाकाल का आकर्षक श्रृंगार किया गया। उनके दर्शन के लिए दिनभर लाइन लगी रही। सीएम डॉ. मोहन यादव से लेकर पूर्व सीएम उमा भारती और भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने भी भगवान महाकाल के दर्शन किए।

पंडित प्रदीप मिश्रा के कुबेरेश्वर धाम में भी रुद्राक्ष महोत्सव में शामिल होने देशभर से श्रद्धालु आए। दावा किया जा रहा है कि शिवरात्रि पर अब तक यहां 6 लाख लोग आ चुके हैं। पूर्व सीएम शिवराज सिंह भी यहां पहुंचे। उन्होंने पूजा-आरती की।
रायसेन के ऐतिहासिक भोजपुर मंदिर में दर्शन करने पहुंचे लोगों की भीड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां मंदिर तक पहुंचने के दौरान जाम लग गया।

इसके अलावा मंदसौर के पशुपतिनाथ मंदिर, छतरपुर के मतंगेश्वर महादेव मंदिर, आगर के बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर और पचमढ़ी के बड़ा महादेव मंदिर समेत प्रदेशभर के शिव मंदिरों में महाशिवरात्रि पर्व श्रद्धा और उत्साह से मनाया जा रहा है। प्रदेशभर में धार्मिक आयोजन, भंडारे, भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया है।



