न्यूज़ डेस्क

कमलनाथ ने कहा कि राहुल एक और यात्रा निकालेंगे, आज भारत जोड़ो यात्रा का आखरी दिन

न्यूज़ डेस्क :

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मध्यप्रदेश में आज रविवार को 12वां दिन है। आगर जिले में सबसे ज्यादा तीन दिन और दो रात रुकने के बाद देर शाम यह यात्रा मध्यप्रदेश से राजस्थान में प्रवेश कर जाएगी। आज यात्रा आगर में अन्नपूर्णा ढाबा के पास कैंपस साइट से सुबह 6 बजे प्रारंभ हुई और करीब 10 बजे अपने पहले पड़ाव पर गर्ल्स हॉस्टल के पास सोयतकलां, आगर पहुंची। यहां आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कमलनाथ ने कहा कि राहुल एक और यात्रा निकालेंगे। 

यात्रा में कांग्रेस के दिग्गज नेताओं के साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नेता भी शामिल हैं। भजन गायक पद्मश्री प्रहलाद सिंह टिपानिया के अलावा विधायक जीतू पटवारी, अरुण यादव, और विक्रांत भूरिया भी आज यात्रा में पैदल चल रहे हैं। वहीं कमलनाथ कार में दिखाई दिए।

अब यात्रा दोपहर 3.30 बजे शुरू होगी और शाम 7 बजे यात्रा आगर जिले की सीमा पिपलेश्वर बालाजी मंदिर, डोंगरगांव होते हुए राजस्थान में प्रवेश कर जाएगी। यहीं पर यात्रा का नाइट स्टे भी होगा।

राहुल निकालेंगे एक और यात्रा
कमलनाथ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि बीजेपी सरकार ने हमारी यात्रा को डिस्टर्ब करने के लिए हर हथकंडे अपनाए, पर आप सबने देखा कि यात्रा कैसी रही है। राहुल गांधी एक और यात्रा निकालेंगे, जो पूर्व से पश्चिम की ओर जाएगी। मध्यप्रदेश ने असली राहुल गांधी को देख लिया है और अब सच को जान भी गए हैं। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह ने कहा बीजेपी वाले यात्रा आने से पहले खिल्ली उड़ाते थे, आज उनकी नींद उड़ी हुई है। वो कहते थे कि कांग्रेस बूढ़ों की पार्टी है कौन रहेगा उनके साथ। आज सबने देख लिया कि कौन-कौन राहुल जी के साथ हैं। हमारी यात्रा रोकने के लिए भाजपा सरकार ने इंदौर में पोस्टर हटवाए, महू में 2 बार बिजली काटी गई।

भारत जोड़ो यात्रा अपडेट्स

  • यात्रा को देखते हुए राजस्थान से एमपी तरफ आने वाला मार्ग पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
  • प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने सुबह 11 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
  • राहुल की यात्रा सुबह करीब 10 बजे अपने पहले पड़ाव पर सोयतकलां में गर्ल्स होस्टल के पास पहुंची। अब यात्रा दोपहर 3.30 बजे शुरू होगी और शाम को राजस्थान में प्रवेश कर जाएगी।
  • यात्रा ने सुबह करीब 8 बजे करकड़ियां जोड़ पर रुककर टी-ब्रेक लिया।
  • राहुल ने सोयत के पास देहरिया गांव में रुककर बच्चों और महिलाओं से बात की। उनसे पूछा कैसे हो और क्या सुविधाएं मिल रही हैं? बच्चों और महिलाओं ने परेशानियां बताईं, जिन्हें हल करने के लिए राहुल ने स्थानीय विधायक विपिन वानखेड़े और पीसीसी सदस्य भेरूसिंह बापू को निर्देश दिए। 

मप्र में यह यात्रा 6 जिलों में कुल 399 किमी का सफर तय कर आगर पहुंची थी, जो यहां तीन दिन, दो रात रुककर अन्य जिलों से अधिक 97 किमी की यात्रा पूर्ण कर लेगी। यातायात थाना प्रभारी जगदीश गुर्जर के अनुसार यात्रा के दौरान सुसनेर से सोयत और सोयत से सुसनेर हाईवे रोड बंद रहेगा। आवश्यकतानुसार सोयत पहुंचने वाले अन्य मार्ग भी बंद किए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!