कैबिनेट मंत्री बनते ही कैलाश विजयवर्गीय बोले- सिर्फ 15% विधायक ही मंत्री बनेंगे, कुछ का छूटना स्वाभाविक

भोपाल डेस्क :
डॉ. मोहन यादव सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शामिल किए गए वरिष्ठ भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि कैबिनेट में सिर्फ 15 % विधायक ही मंत्री के रूप में शामिल हो सकते हैं। सबको मंत्री पद नहीं मिलता, इसलिए कुछ वरिष्ठ नेताओं का छूट जाना स्वाभाविक है।
मीडिया से चर्चा में कहा कि नए लोगों को मौका देने के लिए कुछ लोगों को छोड़ना भी पड़ता है। सोमवार हुए कैबिनेट विस्तार में 18 कैबिनेट मंत्री, 6 स्वतंत्र प्रभार के राजयमंत्री और 4 राज्य मंत्री शामिल हुए हैं। वहीं पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह ने कहा किप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जो सरकार मप्र में बनी है वो मोदी जी की विकासवादी और जल-कल्याण वाली सोच को आगे बढ़ाएगी।

नए मंत्री बोले-लोक सभा 2024 में प्रदेश की सभी 29 सीटें जीतना लक्ष्य है
हमारी नई कैबिनेट का गठन हुआ है। डबल इंजन की सरकार विकास के सभी कामों को लेकर आगे चलेगी। आज 28 मंत्री बनें हैं, दो उप मुख्यमंत्री और मुझे मिलाकर 31 का मंत्रिमंडल बना है। जो बाकी जगह बची है, अन्य अवसर पर शीघ्र भरेंगे।
मोहन यादव, मुख्यमंत्री
मंत्रिमंडल विकास की अवधारणा पर संतुलित है। विभागों का बंटवारा सीएम का विशेषाधिकार है। सभी 163 विधायक हमारे कार्यकर्ता हैं।
वीडी शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
मोहन जी के नेतृत्व में पूरा टीम वर्क रहेगा, मप्र को आगे बढ़ाएंगे। टेस्ट और टी-20 के खिलाड़ी भी हैं। टीम अच्छा काम करेगी।
– कैलाश विजयवर्गीय, कैबिनेट मंत्री
मुझमे विश्वास व्यक्त करने के लिए पूरे पार्टी नेतृत्व का आभार। पीएम नरेंद्र मोदी ने जिस आदर्श राज्य के परिकल्पना की है, उसके लिए मैं अपनी भूमिका का पूरी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से निर्वहन करने का प्रयास करुंगा।
उदय प्रताप सिंह, कैबिनेट मंत्री
सुखद संयोग है कि अटल जी के जन्मदिन के दिन मुझे राज्य में काम करने का नेतृत्व दिया है। कोशिश करूंगा कि मैं अपने कर्तव्यों के निर्वहन में बेहतर काम कर सकूं।
प्रह्लाद सिंह पटेल, कैबिनेट मंत्री
जनता की सेवा करना ही मूल लक्ष्य होगा। जो मंत्रिमंडल बना है वो पूरी तरह से संतुलित है। लोक सभा चुनाव में पूरी मेहनत करके अब 29 सीटें लाएंगे।
– एदल सिंह कंसाना
इस बार संगठन के साथ सरकार की भी यही प्राथमिकता होगी कि सभी 29 लोक सभा सीटें जीतें। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरी मेहनत की जाएगी। पीएम मोदी पर पूरे देश को गर्व है और लोकसभा चुनाव में 400 पार लक्ष्य होगा।
गोविंद सिंह राजपूत, कैबिनेट मंत्री
मैं तो लाड़ली बहना हूं, इसलिए मुझे मंत्री के रूप से शामिल किया गया है। सभी के लिए काम करना ही लक्ष्य होगा। पार्टी केंद्रीय और प्रदेश के नेतृत्व का धन्यवाद।
राधा सिंह, राज्य मंत्री
मुझे मंत्रिमंडल में मौका देने के लिए शीर्ष नेतृत्व का आभार। रोडमैप 2024 का होगा और प्रदेश की सभी 29 सीटें जीतना लक्ष्य होगा।
– प्रतिमा बागरी, राज्य मंत्री



