खेल

IPL 2023, सूर्या के धमाकेदार 83 रन के दम पर मुंबई ने 99 बॉल में चेज किया 200 का टारगेट: वानखेड़े में बेंगलुरु को लगातार चौथा मैच हराया

खेल डेस्क :

मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के 54वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु पर 6 विकेट की आसान जीत हासिल की। टीम ने 200 रन का टारगेट महज 16.3 ओवर में हासिल कर लिया। मुंबई ने RCB के खिलाफ अपना सबसे बड़ा रन चेज किया। बेंगलुरु ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 199 रन बनाए थे। जवाब में मुंबई ने सूर्यकुमार यादव के 83 रन की बदौलत टारगेट हासिल कर लिया।

यह मुंबई की वानखेड़े स्टेडियम में बेंगलुरु पर लगातार चौथी जीत है। रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम यहां बेंगलुरु के खिलाफ 2015 से नहीं हारी है।
इस जीत से मुंबई 8वें नंबर से पांच स्थान की छलांग लगाकर पॉइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर आ गई है। यह मुंबई की 11 मैचों में छठी जीत है। टीम के 12 अंक हो गए हैं। 

मैच के टर्निंग पॉइंट्स…

  • मैक्सवेल-डु प्लेसिस के विकेट टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी बेंगलुरु ने पावरप्ले में ही 2 विकेट गंवा दिए। यहां से ग्लेन मैक्सवेल और फाफ डु प्लेसिस ने 120 रन की पार्टनरशिप की। लेकिन मैक्सवेल 13वें और फाफ 15वें ओवर में आउट हुए। उनके जाने के बाद टीम का स्कोरिंग रेट कम हुआ और RCB के करीब 25 रन कम बने।
  • सूर्या-नेहल की पारियां 200 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी मुंबई ने पावरप्ले के 5 ओवर में 2 विकेट गंवा दिए। यहां से सूर्यकुमार यादव ने 83 और नेहल वाधेरा ने 52 रन की पारी खेल मुंबई को जीत दिला दी।

एनालिसिस: समय पर सूर्या-वाधेरा की साझेदारी का तोड़ नहीं निकाल सके फाफ
सूर्यकुमार (35 बॉल पर 83 रन) की विस्फोटक पारी और उनकी नेहल वाधेरा के साथ शतकीय साझेदारी ने मुंबई को आसान जीत दिलाई। बेंगलुरु के कप्तान फाफ डु प्लेसिस समय पर इस साझेदारी का तोड़ नहीं निकाल सके। जब यह साझेदारी टूटी तब तक मुंबई जीत के करीब पहुंच चुकी थी। मुंबई की ओर से सूर्या से पहले ओपनर ईशान किशन ने 21 बॉल पर 42 रन बनाकर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। नेहल ने 34 बॉल पर 52 रन बनाते हुए सूर्या का साथ दिया।

बेंगलुरु के लिए वनिंदु हसरंगा और विजयकुमार वैशाक ने दो-दो विकेट लिए।

बेंगलुरु की बल्लेबाजी में कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने 41 बॉल पर 65 और ग्लेन मैक्सवेल ने 33 बॉल पर 68 रन बनाए। दिनेश कार्तिक ने 18 बॉल पर 30 रन का योगदान दिया। मुंबई के लिए जेसन बेहरनडॉर्फ ने 3 विकेट लिए। कैमरून ग्रीन, क्रिस जॉर्डन और कुमार कार्तिकेय को एक-एक विकेट मिला।

ऐसे गिरे मुंबई के विकेट

  • पहला: 5वें ओवर की चौथी बॉल पर वनिदु हसरंगा ने ईशान किशन को विकेटकीपर अनुज रावत के हाथों कैच कराया।
  • दूसरा: वनिंदु हसरंगा की बॉल पर रोहित शर्मा LBW हुए। टीम ने 5वें ओवर की आखिरी बॉल पर कप्तान का विकेट गंवाया।
  • तीसरा: 16वें ओवर की चौथी बॉल पर विजयकुमार वैशाक ने सूर्यकुमार यादव को केदार जाधव के हाथों कैच कराया।
  • चौथा: वैशाक ने 16वें ओवर की 5वीं बॉल पर टिम डेविड को मैक्सवेल के हाथों कैच कराया।

ऐसे गिरे बेंगलुरु के विकेट…

  • पहला: पहले ओवर की 5वीं बॉल बेहरनडॉर्फ ने आउट स्विंग कराई, बॉल कोहली के बल्ले का एज लेकर विकेटकीपर ईशान किशन के दस्तानों में चली गई। मुंबई की बड़ी अपील पर अंपायर ने आउट नहीं दिया। ऐसे में कप्तान रोहित ने DRS लिया और फैसला मुंबई के पक्ष में गया।
  • दूसरा: तीसरे ओवर की दूसरी बॉल पर अनुज रावत स्कूप शॉट खेलना चाहते थे, लेकिन बेहरनडॉर्फ की शाॅर्ट लेंथ बॉल बल्लेबाज के बैट का ऊपरी किनारा लेकर हवा में खड़ी हो गई। कैमरून ग्रीन ने स्लिप से पीछे जाकर आसान कैच किया और रावत को पवेलियन लौटना पड़ा।
  • तीसरा: 13वें ओवर की तीसरी बॉल जेसन बेहरनडॉर्फ ने गुड लेंथ तपर फेंकी। ग्लेन मैक्सवेल कवर्स पर कैच हो गए, उन्होंने 68 रन बनाए।
  • चौथा: 14वें ओवर की चौथी बॉल कुमार कार्तिकेय ने गुड लेंथ पर फ्लिपर फेंकी। महिपाल लोमरोर बोल्ड हो गए। उन्होंने एक रन बनाया।
  • पांचवां : कैमरून ग्रीन की ऑफ स्टंप के बाहर की बॉल डु प्लेसिस को मारना चाहते थे, लेकिन बॉल टाइम नहीं हो सकी और फाइन लेग बाउंडी की ओर चली गई, जहां विष्णु विनोद ने तीसरे प्रयास में कैच किया। यह विकेट 15वें ओवर की पहली बॉल पर गिरा।
  • छठा: 19वें ओवर की पहली बॉल पर दिनेश कार्तिक क्रिस जॉर्डन की ऑफ कटर बॉल को बड़ा शॉट खेलना चाहते थे, लेकिन बाउंड्री पर नेहल वाधेरा के हाथों कैच हो गए।

अब बारी पावरप्ले कॉन्टेस्ट की…

शुरुआत के 6 ओवर में बेहतर रही मुंबई
पावरप्ले कॉन्टेस्ट में मुंबई ने बाजी मारी। टीम ने 200 रन का टारगेट चेज करते हुए 6 ओवर में दो विकेट पर 62 रन बनाए। इससे पहले, बेंगलुरु ने इतने ही ओवर में दो विकेट खोकर 56 रन बनाए थे।

पहले मुंबई की पारी

ईशान ने रोहित के साथ फिफ्टी पार्टनरशिप की
200 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी मुंबई को ईशान किशन ने तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने महज 21 गेंद पर 42 रन की पारी खेल कर रोहित शर्मा के साथ 51 रन की पार्टनरशिप की। ईशान को वनिंदु हसरंगा ने आउट किया और ये साझेदारी टूटी। रोहित भी उसी ओवर में LBW हो गए। पावरप्ले में टीम ने 2 विकेट के नुकसान पर 62 रन बनाए।

26 गेंद में सूर्या की फिफ्टी
पावरप्ले के 5वें ही ओवर में 2 विकेट गंवाने के बाद सूर्यकुमार यादव मुंबई से बैटिंग करने आए। उन्होंने नेहल वाधेरा के साथ पार्टनरशिप बनाई और 26 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी कर ली। उन्होंने वाधेरा के साथ शतकीय साझेदारी की और अपनी टीम को जीत के करीब पहुंचाया। उन्होंने 3 हजार IPL रन भी पूरे कर लिए हैं।

सूर्या-वाधेरा के बीच शतकीय साझेदारी
52 रन पर दोनों ओपनर्स के विकेट गंवाने के बाद बेंगलुरु को सूर्यकुमार और नेहल वाधेरा ने शतकीय साझेदारी कर जीत की ओर बढ़ाया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 140 रन की पार्टनरशिप की।

यहां से बेंगलुरु की पारी…

पावरप्ले में बेंगलुरु को लगे दो झटके
बेंगलुरु ने पावरप्ले में दो विकेट गंवाए। विराट कोहली एक और अनुज रावत 6 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद भी टीम ने 6 ओवर में 56 रन बना डाले।

25 गेंद में मैक्सवेल की फिफ्टी
शुरुआती ओवरों में विकेट गंवाने के बाद बेंगलुरु से ग्लेन मैक्सवेल चौथे नंबर पर बैटिंग करने उतरे। उन्होंने पावरप्ले में ही तेजी से रन बनाए और पारी के 10वें ओवर में 25 गेंद पर फिफ्टी भी पूरी की। यह उनके करियर का 17वां और इस IPL सीजन का चौथा अर्धशतक रहा। मैक्सवेल 33 बॉल में 68 रन बनाकर आउट हुए।

डु प्लेसिस-मैक्सवेल की सेंचुरी पार्टनरशिप
पावरप्ले के शुरुआती 3 ओवरों में ही 2 विकेट गंवाने के बाद कप्तान फाफ डु प्लेसिस और ग्लेन मैक्सवेल ने बेंगलुरु की पारी संभाली। दोनों ने तेजी से रन बनाए और 25 गेंद में ही फिफ्टी पार्टनरशिप कर डाली। दोनों ने 62 गेंद पर 120 रन जोड़े। मैक्सवेल 68 रन बनाकर आउट हुए और ये पार्टनरशिप टूटी।

मैक्सवेल के बाद फाफ डु प्लेसिस ने भी 30 गेंद में ही अपनी फिफ्टी पूरी की और आखिरी में 65 रन बनाकर आउट हुए।

सीजन में फाफ डु प्लेसिस की छठी फिफ्टी
बेंगलुरु के कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने मुंबई के खिलाफ भी फिफ्टी जड़ी। यह उनकी इस सीजन में छठी फिफ्टी रही। उन्होंने 41 गेंद में 5 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 65 रन बनाए। वह टूर्नामेंट में 600 से ज्यादा रन बनाकर ऑरेंज कैप होल्डर की रेस में सबसे आगे हैं। उन्होंने बेंगलुरु के लिए पिछले सीजन 400 से ज्यादा रन बनाए थे, इस तरह वे बेंगलुरु के लिए 2 ही सीजन में 1000 से ज्यादा रन भी बना चुके हैं।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!