राजधानी भोपाल में प्रॉपर्टी विवाद में हत्या: चार शादियां करने वाले को दूसरे नंबर की पत्नी ने मारी गोली
भोपाल डेस्क :
प्रॉपर्टी को लेकर चल रहे विवाद के चलते एक शख्स की हत्या कर दी गई। उसकी दूसरे नंबर की पत्नी ने उसे गोली मार दी। वारदात रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में आयुष्मान हॉस्पिटल के पास हुई।
अशोका गार्डन क्षेत्र में ताहिर (50) रहता था। उसने चार शादियां की थीं। बताया जा रहा है कि ताहिर की दूसरी पत्नी अंजुम से उसका प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार दोपहर जब वह नहा रहा था, तब अंजुम पहुंची। उसने ताहिर की चौथी नंबर की पत्नी और और अपनी सौतन से झगड़ा किया। आवाज सुनकर ताहिर बाहर आया। विवाद इतना बढ़ गया कि अंजुम ने ताहिर के सीने पर गोली मार दी। बताया जा रहा है कि अंजुम के साथ अन्य तीन लोग भी थे।
घर पर भी आम सूचना का लगा है बोर्ड
जिस घर में हत्या हुई, उस घर पर आम सूचना का बोर्ड लगा है। इसमें बताया गया है कि प्राॅपर्टी का मामला कोर्ट में लंबित है। अगर इस प्रापर्टी के संबंध में लेन देन किया जाता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अशोका गार्डन थाना प्रभारी उमेश चौहान ने बताया कि शव को पीएम के भिजवा दिया है। मामले की जांच कर रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।