विधान सभा चुनाव में अतिथि शिक्षक और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बनाया SPO: कलेक्टर से मिले कर्मचारी, बोले- वोट कैसे डालेंगे, अब ऐसे कर सकेंगे मतदान

विदिशा डेस्क :
विधानसभा चुनाव में पुलिस फोर्स की कमी के चलते इस बार अतिथि शिक्षकों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई हैं। 17 नवंबर को मतदान के दिन अतिथि शिक्षकों को विशेष पुलिस अधिकारी का दायित्व सौंपा गया है। विदिशा जिले की 5 विधानसभा में 314 अतिथि शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई हैं। इन्होंने डाक मतपत्रों से वोट नहीं डाले हैं। ऐसे में उन्हें इस बात की फिक्र है कि अगर वह चुनाव में ड्यूटी करेंगे तो वोट कब डाल पाएंगे।

इस समस्या को लेकर संविदा कर्मचारी कलेक्टर से मिले। कलेक्टर ने उनकी परेशानी सुनकर उन्हें मतदान करने के बाद ड्यूटी पर आने की बात कही। कलेक्टर ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश के बाद विधानसभा चुनाव के दौरान पुलिस फोर्स की कमी के चलते आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और अतिथि शिक्षकों को एसपीओ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। किसी को भी मतदान से वंचित नहीं किया जाएगा। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और अतिथि शिक्षकों को मतदान के लिए एक घंटे का समय दिया गया है। यह लोग 7 से 8 बजे तक मतदान कर सकेंगे। जिसके बाद सुबह 8 बजे तक अपनी ड्यूटी पर आएंगे।



