न्यूज़ डेस्क

सिंगरौली में पांचवीं पत्नी ने की पति की हत्या: नींद की 20 गोलियां देकर सुलाया, गला घोंटा, फिर कुल्हाड़ी से वार किए

न्यूज़ डेस्क :

सिंगरौली में एक व्यक्ति की हत्या उसकी पांचवीं पत्नी ने कर दी। आरोपी महिला ने पति को नींद की गोलियां देकर सुलाया, फिर गला घोंट दिया। इसके बाद कुल्हाड़ी से उसके गले पर वार किए और शरीर का एक अंग काट दिया। वारदात 10 दिन पुरानी है। आरोपी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

कोतवाली थाना प्रभारी अरुण पांडेय ने बताया कि उर्ती गांव निवासी बीरेंद्र गुर्जर का शव 21 फरवरी को उसके घर के समीप सड़क से बरामद हुआ था। घटना के संबंध में बीरेंद्र की पत्नी कंचन गुर्जर ने थाने में सूचना देकर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने मृतक के कई नजदीकी रिश्तेदारों समेत जिस किसी पर शक हुआ उनसे पूछताछ कर जांच की।

पूछताछ में पत्नी ने खोला राज

पुलिस ने जांच की तो कंचन भी शक के घेरे में आ गई। पुलिस ने हिरासत में लेकर उससे कड़ाई से पूछताछ की तो पूरा सच सामने आ गया। कंचन ने पुलिस को बताया कि उसका पति नशे का आदी था। नशे की हालत में वह उसे काफी प्रताड़ित करता था।

पति को मारने के लिए रची साजिश

कंचन ने बताया कि पति से परेशान होकर उसे मौत के घाट उतारने के लिए साजिश रची। 21 फरवरी की रात उसने पति को नींद की 20 गोलियां खाने में मिलाकर खिला दीं। इससे वो गहरी नींद में सो गया। फिर उसने बेरहमी से उसकी हत्या कर दी।

वारदात को अंजाम देने के बाद मृतक की पत्नी ने शव को कपड़ों में लपेटकर साइकिल पर रखा और घर के कुछ दूरी पर ले जाकर सड़क किनारे फेंक दिया। शव को ठिकाने लगाने के बाद आरोपी महिला ने मृतक के कपड़े व चप्पल को भी जला दिया।

आरोपी महिला से पूछताछ में 4 और पत्नियों का पता चला

एएसपी शिव कुमार वर्मा ने बताया कि 21 फरवरी को एक शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर जाकर शव देखा और जांच शुरू की। चोट के निशान देखने के बाद हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया। एसपी के निर्देश पर एक टीम गठित की गई। जांच में पता चला कि पत्नी ने ही पति की हत्या की है। आरोपी से पूछताछ की तो पता चला कि पति की पहले से 4 पत्नियां थीं, जो प्रताड़ना से परेशान होकर भाग गईं। वह पांचवीं पत्नी कंचन से भी मारपीट करता, बच्चों को भी मारता था।

प्रताड़ना से परेशान आकर छोड़ गई थीं 4 पत्नियां

मृतक की चार पत्नियां पहले ही उससे प्रताड़ित होकर उसे छोड़ चुकी थीं। इसके बाद मृतक ने अपनी पांचवीं पत्नी के रूप में कंचन गुर्जर को अपनाया। जल्द ही कंचन भी उसकी प्रताड़ना से तंग आ गई और उसने पति को मौत के घाट उतार दिया।

पुलिस के मुताबिक पहली पत्नी जब उसकी प्रताड़ना से तंग हो गई, तो उसे छोड़कर मायके चली गई थी। इसी बीच बीरेंद्र ने दूसरी महिला से शादी कर ली। उसके साथ दो साल तक संबंध अच्छे रहे, फिर उनके बीच विवाद होने लगा। बीरेंद्र शराबी और अय्याश प्रवृत्ति का था, अन्य महिलाओं से भी उसके अवैध संबंध थे। इसी बात को लेकर दूसरी पत्नी उससे खफा हो गई और इसी वजह से तंग आकर वो भी उसे छोड़कर चली गई।

इसके बाद मृतक बीरेंद्र ने तीसरी महिला के साथ शादी कर ली। कुछ दिन बाद ये भी तंग आकर उसे छोड़कर चली गई। इसी तरह उसने चौथी महिला के साथ संबंध बनाया और शादी कर ली। चौथी भी उसे छोड़कर चली गई थी।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!