विदिशा

बीजेपी के गढ़ में दहाड़े पूर्व मुख्यमंत्री, सिरोंज की सभा में कमलनाथ ने कहा- मैं हिंदू हूं पर बेवकूफ नहीं

सिरोंज डेस्क :

मध्यप्रदेश विधानसभा में बुधवार को कांग्रेस के अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा हुई। लेकिन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ सदन में मौजूद नहीं रहे। कमलनाथ विदिशा जिले के सिरोंज के दौरे पर रहे। वहां उन्होंने कहा कि मैं वचन का पक्का हूं, इसलिए अविश्वास प्रस्ताव को छोड़कर आपके बीच सिरोंज आया हूं।

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सिरोंज में एक सभा को भी संबोधित किया। उनके साथ पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह और विदिशा विधायक शशांक भार्गव समेत कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

पीसीसी चीफ कमलनाथ ने कहा कि मैंने पहले से कहा था, सिराेंज आऊंगा। मैं वचन का पक्का हूं, इसलिए अविश्वास प्रस्ताव को छोड़कर आपके बीच सिरोंज आया हूं। उन्होंने सिरोंज के दरी उद्योग को याद करते हुए कहा कि यहां की दरी बेहद फेमस थी। लोग इसके लिए तरसते थे। यहां के कागज, रंगीन छपाई के उद्योग सहित सब आज चौपट हो गया।

BJP MLA बोले- कमलनाथ का अविश्वास प्रस्ताव को समर्थन नहीं
सिरोंज के बीजेपी विधायक उमाकांत शर्मा ने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने ही अविश्वास प्रस्ताव को समर्थन नहीं दिया। वे सदन में उपस्थित नहीं हुए, इससे लगता है जो वो कहते है ना कि विधानसभा में तो बकवास होती है। मुझे लगता है कांग्रेस की बकवास सुनने वो नहीं आए। उन्हें स्पष्टीकरण देना चाहिए कि क्यों नहीं आए। आज मेरी विधानसभा क्षेत्र में थे और उनको सदन में आने की फुर्सत नहीं है। सदन की मर्यादा का ध्यान नहीं रख रहे। कांग्रेस के अविश्वास प्रस्ताव में उपस्थित नहीं हो रहे। ये कांग्रेस का फाड़ टूटन मतभेद स्पष्ट दिखाई दे रहा है। ये कांग्रेस के लिए शर्म की बात है।

मैं गर्व से कहता हूं, मैं हिंदू हूं पर बेवकूफ नहीं

कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस की संस्कृति जोड़ने की है। उन्होंने बीजेपी पर धर्म के नाम पर समाज को बांटने का आरोप लगाया। पूर्व CM ने कहा कि हमें तय करना चाहिए कि हम किस रास्ते में चलना चाहते हैं। आज समाज को बांटने का प्रयास किया जा रहा है। धर्म को बांटने का काम हो रहा है। अब तो शुरुआत की है कि हिंदू धर्म खतरे में है। कौन से खतरे में है। मैं हिंदू हूं। मैं गर्व से कहता हूं ‘मैं हिंदू हूं, पर बेवकूफ नहीं हूं’। उन्होंने प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। अपनी सरकार गिराने की कसक को जाहिर करते हुए कहा कि मेरी सरकार विधायक खरीदकर गिरा दी गई।

27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया
कमलनाथ ने दावा किया कि प्रदेश में सरकार रहने के दौरान उन्हाेंने 27 लाख किसानों का 411 करोड़ रुपए का कृषि लोन माफ किया। विगत दिनों सिंधिया फैंस क्लब के जिला अध्यक्ष की सरपंचों द्वारा पिटाई पर कहा कि अभी एक पिटा है, बहुत लोग हैं उधर पीटने लायक।

दो लाख तक का कर्जा माफ करेंगे : जयवर्धन सिंह


प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री और राघौगढ़ के विधायक जयवर्धन सिंह ने फिर से किसानों की कर्जमाफी का वादा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 2023 में कांग्रेस की सरकार बनी तो कांग्रेस अपनी पुरानी घोषणाओं को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे किसान जिन्होंने 2018 में फार्म भरे थे, उनका दो लाख तक का कर्ज माफ किया जाएगा। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन को बढ़ाकर 1000 रुपए करने का वादा भी किया। उनसे पहले विदिशा विधायक शशांक भार्गव, प्रतापभानु शर्मा, दीपचंद यादव ने भी सभा को संबोधित किया।

कार्यक्रम में दिखी अफरा-तफरी
इससे पहले हेलीपेड पर कांग्रेस नेता अंदर जाने के लिए खींचतान करते दिखे। मंच पर भी आपाधापी का आलम रहा। जिले में कांग्रेस के एक मात्र विधायक शशांक भार्गव दो कुर्सियों के हत्थे पर बैठे रहे। जिले के कांग्रेस नेता इस आमसभा के लिए जनसंपर्क कर रही थे, दावा भी किया गया था कि इसमें हजारों लोग शामिल होंगे। उस लिहाज से भीड़ कम दिखी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!