भोपाल

भोपाल में विधायक निधि विकास से कार्यों कराने की होड़: 3 महीने पहले खत्म किया फंड, पिछले साल 7 में से 4 एमएलए खर्च नहीं कर पाए पूरा पैसा

भोपाल डेस्क :

राजधानी भोपाल में पिछले साल 7 विधायकों में से 4 ने अपना पूरा फंड खर्च ही नहीं किया था, लेकिन इस बार सभी सातों विधायकों ने अपने पूरे फंड का उपयोग करते हुए 3 महीने पहले ही विकास कार्यों की अनुशंसा कलेक्टर से स्वीकार करा ली है। हालांकि अक्टूबर से जनवरी इसमें सुस्ती थी, लेकिन अब यह चुनावी साल है, इसलिए वाहवाही लूटने के लिए विधायकों में अपने क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा काम कराने की होड़ है।

पहले यह सालाना फंड 1.85 करोड़ था, लेकिन इस बार इसे बढ़ाकर ढाई करोड़ कर दिया गया। भास्कर ने जब एमएलए फंड को लेकर पड़ताल की तो पता चला कि एक अप्रैल से 31 अक्टूबर तक 7 में से सिर्फ एक विधायक ने ही दो करोड़ तक के विकास कार्याें की अनुशंसा की थी।

तीन एमएलए ने एक से पौने दो करोड़ तक और दो विधायकों ने एक करोड़ से कम के कार्यों की अनुशंसा कलेक्टर को भेजी थी। लेकिन यह साल चुनावी है इसलिए विधायकों ने फंड का शत-प्रतिशत इस्तेमाल किया। एमएलए फंड से सीसी व डामर रोड, सामुदायिक भवन, पार्क विकास, स्ट्रीट लाइट लगवाने, नाली और चबूतरा व शेड निर्माण कराए जा रहे हैं।

हर विधायक के पास सालाना 2.5 करोड़ फंड, सभी ने लगभग पूरा किया खर्च

पीसी शर्मा (दक्षिण-पश्चिम)
कांग्रेस विधायक शर्मा ने अपने फंड का पूरा उपयोग करते हुए 2.5 करोड़ के विकास कार्यों की अनुशंसा भेज दी। इनके क्षेत्र में 60 विकास कार्य होंगे। इनमें सीसी रोड, नाली निर्माण व सामुदायिक भवन के काम शामिल हैं।

आरिफ मसूद (मध्य)
मध्य भोपाल से कांग्रेस विधायक मसूद अब तक 2.47 करोड़ रुपए के कामों की अनुशंसा कर चुके हैं। 39 कार्यों को स्वीकृति भी मिल गई।

कृष्णा गौर ( गोविंदपुरा)
भाजपा विधायक गौर अपने क्षेत्र में 2.18 करोड़ के विकास कार्य करवाएंगी। इसकी अनुशंसा भेज दी गई है और 64 कार्यों को स्वीकृति भी मिल गई।

आरिफ अकील (उत्तर)
उत्तर भोपाल से कांग्रेस विधायक आरिफ अकील ने अपने क्षेत्र में 2.38 करोड़ के विकास कार्याें की अनुशंसा की है। अब तक 44 को स्वीकृति मिल गई। इनमें 18 सड़कों के काम शामिल हैं।

रामेश्वर शर्मा ( हुजूर)
हुजूर क्षेत्र में भाजपा विधायक शर्मा ने करीब 2 करोड़ रुपए के विकास कार्य की अनुशंसा की है। अब तक कलेक्टर ने 78 विकास कार्याें की अनुशंसा स्वीकृत की है। इनमें 15 सड़कों के काम हैं।

विष्णु खत्री ( बैरसिया)
क्षेत्र में भाजपा विधायक खत्री ने 2.29 करोड़ रुपए की लागत से विकास कार्य करवाने की अनुशंसा की गई है। अब तक 73 काम को स्वीकृति मिली।

विश्वास सारंग (नरेला)
नरेला के भाजपा विधायक और मेडिकल एज्युकेशन मिनिस्टर सारंग ने अपने फंड का पूरी तरह से से उपयोग करते 2.5 कराेड़ से 34 विकास कार्यों की अनुशंसा भेजी, जिन्हें स्वीकृति भी मिल गई है।

शहर की 110 सड़कें सुधरेंगी… विधायक निधि से शहर की 110 सड़कों को सुधारा जा रहा है, कुछ जगह सीसी की नई रोड भी बन रही हैं। इस मानसून में शहर की सड़कें क्षतिग्रस्त हुई थीं जिन्हें निगम व पीडब्ल्यूडी अब तक नहीं सुधार पाए। ऐसे में चुनावी साल में 100 से ज्यादा सड़कों का काम हाेने से शहर को राहत मिलेगी।

पिछले साल 1.85 करोड़ रुपए थी विधायक निधि तब कितने काम हुए
वर्ष 2021-22 में विधायक निधि 1.85 करोड़ थी। शासन ने वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए एमएलए फंड की राशि 15 लाख बढ़ाई और 50 लाख स्वनिधि (स्वेच्छा) मिलाकर कुल विधायक फंड ढाई करोड़ रुपए कर दिया। पिछले साल पीसी शर्मा (दक्षिण-पश्चिम) कांग्रेस विधायक ने 1.84 करोड़, उत्तर भोपाल से कांग्रेस विधायक आरिफ अकील ने 1.49 करोड़, मध्य भोपाल से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने 1.50 करोड़, गोविंदपुरा से भाजपा विधायक कृष्णा गौर ने 1.84 करोड़, हुजूर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा ने 1.50 करोड़, बैरसिया से भाजपा विधायक विष्णु खत्री ने 1.84 करोड़ और नरेला से भाजपा विधायक विश्वास सारंग ने पूरे 185 करोड़ के फंड से विकास कार्य करवाए थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!