एक्सीडेंट में कार के उड़े परखच्चे, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत: बाइक सवार को बचाने में पेड़ से टकराई कार
न्यूज़ डेस्क :
बालाघाट में रविवार सुबह भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। चार अन्य घायल हैं, इनमें एक की हालत गंभीर है। परिवार महाराष्ट्र से बालाघाट आयुर्वेदिक दवा लेने आया था, इसी दौरान उनकी कार पेड़ से टकरा गई।
हादसा रजेगांव से आगे बालाघाट रोड पर घिसर्री नदी के पास सुबह 8 बजे हुआ। महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के ब्रम्हपुरी से एक परिवार जिले के बैहर क्षेत्र के कुमादेही में आदिवासियों से आयुर्वेदिक दवा लेने आ रहा था। हादसे के वक्त विजय बडोले (65) कार चला रहे थे। कार में उनकी पत्नी कुंदा (60), बेटा गिरीश (40), बहू बबीता (35), बेटी मोनाली (35) पति धनंजय चौधरी और नाती हंसित (3) और नातिन विदिशा (5) बैठे हुए थे। पुलिस ने घटना की सूचना परिजनों को दे दी है।
बाइक सवार को बचाने में हुआ हादसा
घायलों ने बताया कि कार मंगोली और नेवरगांव कला के बीच पहुंची ही थी कि घिसर्री नदी के पास एक बाइक चालक अचानक सामने आ गया। उसे बचाने के चक्कर में कार चला रहे विजय ने स्टीयरिंग पर नियंत्रण खो दिया। जिससे कार सीधे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में मोनाली की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कुंदा और गिरीश ने जिला अस्पताल लाते समय दम तोड़ दिया। विजय की हालत गंभीर है।



