न्यूज़ डेस्क

पत्नी की मृत्यु के वियोग में पति ने फांसी लगाई: दो साल पहले लॉकडाउन हुई थी शादी, अब एक साथ अंतिम संस्कार

न्यूज़ डेस्क :

शुजालपुर सिटी के रायकनपुरा इलाके में तबीयत बिगड़ने से एक महिला की मौत हो गई। इसके 2 घंटे बाद ही उसके पति ने भी फांसी लगाकर जान दे दी। आगर निवासी 21 वर्षीय संजना की शादी वर्ष 2021 में लॉकडाउन के दौरान शुजालपुर सिटी रायकनपुरा निवासी लखन जाटव के साथ हुई थी। लखन मकान बनाने के मिस्त्री का काम करता था।

शादी को करीब डेढ़ वर्ष हुए थे। दोनों की कोई संतान नहीं थी। नगर पालिका के सरकारी क्वार्टर के पास बने निवास में अपने ही परिवार के अन्य लोगों के साथ रहते थे। बुधवार दोपहर को पेट दर्द की शिकायत होने पर संजना को दोपहर 4 बजे सिटी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉ. एके सोनी ने बताया कि महिला को उपचार दिया गया था। पेट दर्द और उल्टी की शिकायत में आराम न होने पर सोनोग्राफी और अन्य जांच के लिए रात करीब 2 बजे 108 सरकारी एम्बुलेंस की व्यवस्था कराते हुए अस्पताल से शाजापुर जिला चिकित्सालय ले जाने की सलाह देकर रेफर किया।

डॉक्टर ने किया मृत घोषित

जिस पर महिला के परिजनों ने अपने व्यक्तिगत साधन से रोगी को ले जाने की बात कही। वह अस्पताल से चले गए। सुबह करीब 4 बजे दोबारा महिला को लेकर परिजन अस्पताल पहुंचे और बताया कि तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। अस्पताल में परीक्षण के दौरान महिला मृत पाई गई। शव को पोस्टमार्टम कक्ष में रखवाकर परिजन घर चले।

पति ने घर में लगाई फांसी

पुलिस थाना सिटी के प्रभारी सौरभ शर्मा ने बताया मृतका संजना के देवर सुबह जब बाथरूम करने के लिए गए, तो करीब 6 बजे अपने बड़े भाई व मृतका के पति लखन को भी मकान की दूसरी मंजिल पर फंदे से झूलता पाया। पुलिस को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिटी सिविल अस्पताल में भेजा गया है।

एक ही रात में नवविवाहित पति-पत्नी की मौत से परिवार सदमे में है। पुलिस को अंदेशा है कि पत्नी की मृत्यु के वियोग में पति ने फांसी लगाई है। फिलहाल पुलिस अन्य विस्तृत जांच में जुटी हुई है। पति पत्नी दोनों के शव का पोस्टमार्टम शुजालपुर सिटी सिविल अस्पताल में करने के बाद आज शव परिजनों को सौंपा जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!