प्रदेश के टीकमगढ़ में पहली बार पारा 44 डिग्री के पार: ओंकारेश्वर-ग्वालियर में तेज बारिश, राजधानी समेत कई शहरों में अलर्ट
भोपाल डेस्क :
मध्यप्रदेश के कुछ हिस्सों में सोमवार को मौसम एक बार फिर बदल गया। कई जिलों में भीषण गर्मी के बीच कुछ जगह बारिश हुई। दोपहर में खंडवा के ओंकारेश्वर और ग्वालियर में तेज बारिश हुई।वहीं, श्योपुरकलां, मंदसौर और छतरपुर में हल्की बारिश हुई। इसी बीच मौसम विभाग ने भोपाल समेत कई शहरों में बारिश का अलर्ट भी जारी किया है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में भोपाल, शाजापुर, भिंड, ग्वालियर, खंडवा, सागर, जबलपुर, रायसेन, विदिशा, राजगढ़, कटनी, हरदा, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, सिवनी और बालाघाट में बारिश की चेतावनी जारी की है। सीहोर, मुरैना, बुरहानपुर, दमोह, नरसिंहपुर, अशोकनगर, देवास, बड़वानी, खरगोन में भी आंधी के साथ बारिश के आसार हैं। इस दौरान 45 KM प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है।
टीकमगढ़ प्रदेश में सबसे गर्म
सोमवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म टीकमगढ़ रहा। यहां पहली बार तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दो दिन से प्रदेश में सबसे गर्म खरगोन में तापमान लुढ़ककर 42 डिग्री पर आ गया। रतलाम में भी पारा गिरा। यहां तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा।
अन्य शहरों में भी दो से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर में तापमान 41 डिग्री के पार रहा, जबकि इंदौर में 39.4 डिग्री पर आ गया। खजुराहो और दमोह में पारा 43 डिग्री से ज्यादा रहा। गुना, उमरिया, नौगांव, मलाजखंड, सागर, मंडला, सीधी, रीवा, सतना, खंडवा और सिवनी में तापमान 40 डिग्री से ज्यादा ही रहा। बाकी शहरों में अपेक्षाकृत कम गर्मी रही।
पिछले 24 घंटे में यहां बारिश
सोमवार को नरसिंहपुर के गाडरवारा में 4 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा श्योपुरकलां, मंदसौर और छतरपुर में भी बारिश हुई। इससे पहले गुना, जबलपुर और सागर में रात में बारिश हुई थी।
कल से गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मंगलवार से गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि 16 से 20 मई के बीच वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के एक्टिव होने से प्रदेश के ग्वालियर, रीवा-चंबल संभाग में गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। बाकी जगहों पर हल्के बादल रहेंगे, लेकिन गर्मी के तेवर तीखे ही रहेंगे।



