भोपाल

भीषण अग्निकांड: प्रदेश की राजधानी भोपाल में एमप्री के पास भीषण आग लगी, रुई के गद्दों की दुकान से फैली, मूर्तियों के पंडाल-झुग्गियां भी चपेट में

भोपाल डेस्क :

भोपाल के सीएसआईआर-एमप्री (एडवांस मटेरियल एंड प्रोसेस रिचर्स इंस्ट्यिूट) के पास शुक्रवार शाम को भीषण आग लग गई। सबसे पहले रुई के गद्दों की दुकान में आग लगी थी, जो कुछ झुग्गियों और मूर्तियों के पंडाल तक फैल गई। इससे झुग्गियां और पंडाल जलकर राख हो गए। दमकलें आग बुझाने का प्रयास कर रही है। इस दौरान धमाके भी हो रहे हैं। सिलेंडर में ब्लास्ट होने की जानकारी सामने आ रही है। पंडाल में बड़ी संख्या में देवी-देवताओं की मूर्तियां रखे होने की जानकारी सामने आ रही है।

शाम 6.40 बजे भीषण आग लगी, जो रात पौने 8 बजे तक नहीं बुझाई जा सकी है। प्रत्यक्षदर्शी इटारसी निवासी विशाल सिंह ठाकुर ने बताया कि रुई के गद्दों की दुकान में सबसे पहले आग लगी थी। जिसे बुझाने के लिए पानी नहीं था। इस कारण आग फैल गई। पास में कई झुग्गियां और मूर्ति बनाने के पंडाल थे, जो जलकर राख हो गए। प्रारंभिक जानकारी में करीब 15 झुग्गियों के आग लगने से राख होने की जानकारी सामने आ रही है। वहीं, पंडाल में रखी कई मूर्तियां भी जलकर राख हो गई है। लकड़ियां, प्लास्टिक और पन्नी की वजह से आग ज्यादा फैल गई।

कई जगहों से पहुंची दमकलें
आग लगने की सूचना मिलते ही माता मंदिर, आईएसबीटी, गोविंदपुरा और पुल बोगदा से दमकलें मौके पर पहुंची। वहीं, टैंकर भी पहुंचे हैं।

अंदर से धमाकों की आवाजें आ रही
माता मंदिर फायर स्टेशन से आग बुझाने पहुंचे निगमकर्मी नफीस भाई ने बताया कि झुग्गियां पूरी तरह से जलकर राख हो गई है। पंडाल भी आग लगने से जल गया। अंदर से धमाकों की आवाजें आ रही हैं। संभवत: झुग्गियों में गैस सिलेंडर रखे थे। तीन से चार बार धमाके हो चुके हैं। फिलहाल किसी प्रकार की जनहानि की कोई सूचना नहीं है।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!