
विदिशा डेस्क :
विदिशा जिले में लगातार जारी शीतलहर और तापमान में आई अत्यधिक गिरावट को देखते हुए कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के मद्देनज़र कक्षा नर्सरी से कक्षा 5वीं तक के छात्रों के अवकाश में वृद्धि के आदेश जारी किए हैं। नवीन आदेश के अनुसार अब इन कक्षाओं के विद्यार्थियों का विद्यालयीन अवकाश 8 जनवरी तक जारी रहेगा।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश का हवाला देते हुए जिला शिक्षा अधिकारी एस.पी. जाटव ने बताया कि यह अवकाश विदिशा जिले में संचालित समस्त शासकीय, अशासकीय, सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसा बोर्ड, माध्यमिक शिक्षा मंडल सहित अन्य सभी बोर्ड से संबंधित विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा नर्सरी से 5वीं तक के छात्र-छात्राओं के लिए लागू रहेगा। पूर्व में जारी अवकाश आदेश में संशोधन करते हुए यह निर्णय लिया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह अवकाश केवल नर्सरी से कक्षा 5वीं तक के विद्यार्थियों के लिए रहेगा। इसके अतिरिक्त अन्य शैक्षणिक गतिविधियां जैसे परीक्षाएं, मूल्यांकन कार्य, शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्य पूर्व निर्धारित कार्यक्रम अनुसार संचालित किए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने बताया कि यह निर्णय शीतलहर के कारण बच्चों पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि छोटे बच्चों को ठंड से होने वाली बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके। प्रशासन द्वारा मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और यदि आवश्यकता पड़ी तो आगे भी आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।
लगातार गिरते तापमान के बीच जिला प्रशासन के इस निर्णय से अभिभावकों ने राहत की सांस ली है।



