दिग्गी राजा ने कहा – हिंदुओं से ज्यादा तेजी से मुसलमानों की जनसंख्या घट रही हैं: पूर्व मुख्यमंत्री ने सागर में सुनाया शिव -मोदी पुराण
न्यूज़ डेस्क :
पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह सागर दौरे पर हैं। वे सागर जिले की विधानसभाओं में पहुंचकर आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ रणनीति तैयार कर रहे हैं। संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं से सुझाव मांग रहे हैं।
गुरुवार को पूर्व सीएम सिंह ने सागर में मीडिया से चर्चा की। जिसमें उन्होंने शिव और मोदी पुराण सुनाया। इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर उन्होंने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आए, तो भाजपा सरकार नई-नई योजनाएं ला रही है। लाड़ली बहना योजना। अब तक बहनों का ख्याल नहीं आया। कांग्रेस के कार्यकाल में बेरोजगारों को भत्ता मिल रहा है। लेकिन भाजपा सरकार बनी तो यह बंद कर दिया।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान केवल घोषणाएं करते हैं। लच्छेदार भाषण देते हैं। यह मुख्यमंत्री का ट्रेडमार्क हो गया है। उनसे धीरे-धीरे लोगों का भरोसा उठने लगा है। जिस प्रकार का प्रशासन और शासन चल रहा है। मैं दो उदाहरण दूंगा। आईएसआईएस के लिए जासूसी करते हुए भाजपा और बजरंग दल के करीब 20 लोगों को एटीएस ने सबूतों के साथ पकड़ा था। लेकिन उनके खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मुकदमा नहीं चला। उन्हें जमानत मिल गई। प्रदेश पुलिस पर हमले हो रहें। पीट रही। मगर मामले दर्ज नहीं होते। वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर केस लगाए जा रहे हैं।
छोटी-छोटी बातों पर पीएम देते हैं बयान
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा कि शिव पुराण इतना लंबा है कि मैं क्या बताऊं। अब मोदी पुराण सुन लीजिए। मोदी पुराण… क्या कारण है कि मोदी जी छोटी-छोटी बातों पर बयान दे देते हैं। किसी खिलाड़ी की अंगुली में चोट आ जाती है, तो वह बयान देते हैं। देश में खुलेआम भड़काऊ भाषण दिए जा रहे हैं। जान से मारने की धमकी दे रहे, उस पर वे चुप्पी साध कर बैठ जाते हैं। राहुलजी ने देश में 4 हजार किमी की यात्रा की। उसके बाद एक रिपोर्ट आई। रिपोर्ट में इतने गंभीर आरोप लगे कि अडाणी कंपनी के शेयर गिर गए। मोदी जी संसद में कोई उसके बारे में प्रश्न पूछे, तो उसको भी विलोपित करा देते हैं। इसका क्या कारण है।
आप, बीएसपी वोट काटने चुनाव लड़ेंगी
उन्होंने कहा कि यह वर्ष राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। मध्यप्रदेश में कांग्रेस और भाजपा के बीच चुनाव है। लेकिन कुछ ऐसे दल भी है जो भाजपा की मदद करने कांग्रेस के वोट काटने के लिए चुनाव लड़ेंगे। इसमें बीएसपी है, एमआईएम और गोंडवाना है, आम आदमी पार्टी भी आ रही है। सरकार तो उनकी बनेगी नहीं। संघर्ष सिर्फ कांग्रेस और भाजपा के बीच है। मप्र का जहां तक सवाल है। यदि भाजपा का 2003 का घोषणा पत्र देखे, तो उनके कितने वादे पूरे हुए हैं।
मुसलमानों की जनसंख्या घट रही
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा कि मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि भाजपा और संघ का जो प्रचार है कि मुसलमानों की जनसंख्या बढ़ रही है। यह सरासर गलत, झूठ और अप्रमाणित है। क्योंकि हिंदुओं की जनसंख्या से ज्यादा तेजी से मुसलमानों की जनसंख्या घट रही है। मैं इसे प्रमाणित कर सकता हूं।



