लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा रोकने पर भड़के दिग्गी राजा: पुलिस अफसरों को दी धरने पर बैठने की चेतावनी; बाद में यात्रा के साथ 22km पैदल चले
सामाजिक कार्यकर्ता और आदिवासी नेता सुनील कुमार आदिवासी के नेतृत्व में निकाली जा रही है यात्रा

भोपाल डेस्क :
प्रदेश की राजधानी भोपाल में सामाजिक कार्यकर्ताओं की ‘संविधान बचाओ लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा’ को रोकने पर दिग्विजय सिंह पुलिस अफसरों पर भड़क गए। उन्होंने चेतावनी दी कि यात्रा को आगे नहीं बढ़ने दिया तो मैं यहीं धरने पर बैठ जाऊंगा। आखिरकार अफसरों ने यात्रा को आगे जाने दिया। जिसके बाद खुद दिग्विजय सिंह यात्रा के साथ करीब 22 किलोमीटर तक पैदल चले।
सामाजिक कार्यकर्ताओ की ये यात्रा 21 सितंबर को विदिशा जिले के लटेरी तहसील के ताजपुरा गांव से निकली थी। इसका समापन भोपाल के अंबेडकर मैदान पर एक सभा के रूप में होना था। सोमवार सुबह करीब 9 बजे जैसे ही यात्रा लांबाखेड़ा पहुंची, पुलिस ने यात्रा को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस बात की जानकारी मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मौके पर पहुंच गए थे।
लांबाखेड़ा से भोपाल तक पैदल चले दिग्विजय
दिग्विजय सिंह को इस यात्रा में रोशनपुरा चौराहे पर शामिल होना था। जब उन्हें यात्रा रोकने की जानकारी मिली तो वे लांबा खेड़ा पहुंच गए। यहां पुलिस से बातचीत के बाद उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ताओं से कहा कि ‘मेरा नियम है, मैं पूजा किए बिना अनाज नहीं खाता। यात्रा रोके जाने का पता चला तो बिना भोजन किए आया हूं, फिर भी आपके साथ पैदल चलूंगा।’ इसके बाद दिग्विजय सिंह लांबाखेड़ा से भोपाल तक करीब साढ़े आठ किमी पैदल चले।
मामा किसी का सगा नहीं, मेरे पास भ्रष्टाचार के सबूत
दिग्विजय सिंह ने कहा- आज महात्मा गांधी का जन्मदिन है। बापू अहिंसा के पुजारी थे। 12 दिनों से सुनील आदिवासी 400 किलोमीटर पैदल चला तो किसी से झगड़ा नहीं किया। शांति मार्च किया। 2 अक्टूबर को यहां आने का मकसद यह था कि हम अनुसूचित जाति, जनजाति के अधिकारों की सुरक्षा के लिए शांतिपूर्ण ढंग से पैदल मार्च करेंगे।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि अनुसूचित जाति, जनजाति के लोगों की जमीनें छीनी जा रही है। आदिवासियों पर पेशाब किया जा रहा है। ये भाजपा की सरकार और ये जो मामा कहता है कि मैं तुम्हारा हूं। मैं कहता हूं कि तुम किसी के नहीं हो, तुम केवल नकद रुपए के हो। तुम किसी के सगे नहीं हो। मैं उन पर आरोप लगा रहा हूं। अगर उनमें हिम्मत होती तो मेरे ऊपर मामा मानहानि का दावा करते। मेरे पास भ्रष्टाचार के प्रमाण हैं।
दिग्गी बोले- विधायक खरीदने क्या चेक से पेमेंट किया था?
दिग्विजय सिंह ने कहा- महापुरुषों ने आजादी दिलाई, लोकतंत्र दिया। जिसे अब ये लोग बेच रहे हैं। सरकार को गिराने में करोड़ों रुपए किसके लगे थे? कहते हैं काला बाजार, काला पैसा। विधायकों को क्या चेक से पेमेंट किया था? क्या विधायकों को चेक से पेमेंट किया था? नोटों की गड्डियों से पेमेंट किया था। पता नहीं नोट की गड्डी नकली थी या सही थी। मुझे नहीं मालूम लेकिन ये लोग ये काम भी कर सकते हैं क्योंकि इन्होंने नोटबंदी के दौरान यही काम किया था।