विदिशा में लाल, पीले और काले कपड़े में नारियल छोड़ गए श्रद्धालु: एक लाख से अधिक अर्जी लगाई
विदिशा डेस्क :
बायपास स्थित श्री बालाजी पैराडाइज कॉलोनी में एक सप्ताह तक चली कथा के समापन बाद यज्ञशाला के पास हजारों की संख्या में अर्जी लगाने आए श्रद्धालु कपड़े में बांधकर नारियल छोड़ गए हैं। आयोजन समिति ने नारियलों को एकत्रित कराने का काम कर रही है। शुक्रवार को ट्रॉलियों में भरकर सभी नारियल अन्नपूर्णा रसोई में एकत्रित किए जा रहे हैं।
इन्हें ट्रक से भरकर श्री बागेश्वर धाम छतरपुर भेजा जाएगा। आयोजन समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि 1 लाख से ज्यादा नारियल एकत्रित हुए हैं। ये नारियल श्रद्धालुओं ने यज्ञशाला के पास कपड़े में बांधकर रखे थे।
आयोजन समिति के अंकित कृष्ण शास्त्री ने बताया कि अर्जी लगाने के लिए श्रद्धालु पूरे प्रदेश से आए थे। लाल कपड़े में नारियल बांधकर पारिवारिक समस्या से संबंधित अर्जी लगाई गई थी। वहीं पीले कपड़े में विवाह संबंधी और काले कपड़े में भूत-प्रेम संबंधी समस्या के लिए अर्जी श्रद्धालुओं ने लगाई थी।
समापन के बाद भी यज्ञशाला की परिक्रमा लगाने पहुंचे श्रद्धालु
कथा के साथ ही श्रीलक्ष्मीनारायण महायज्ञ का आयोजन किया गया था। गुरुवार रात तक सभी कार्यक्रमों का समापन हो गया था। शुक्रवार को भी कई श्रद्धालु यज्ञशाला के परिक्रमा लगाने पहुंचे थे। वहीं अंकित कृष्ण शास्त्री के मुखारबिंद से भक्त चरित कथा का प्रसारण चल रहा है।
यह कथा पहले हो चुकी है लेकिन एक चैनल पर विशेष 14 से 16 अप्रैल तक चल रहा है। इसलिए कई लोग कथा स्थल पर पहुंच गए। वहां जाकर लोगों का पता चला कि कथा पहले हो चुकी है। अब तो सिर्फ प्रसारण चल रहा है।



