न्यूज़ डेस्कमध्यप्रदेश

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने सागर में कहा- MP में सरकार बनी तो कराएंगे जातीय जनगणना: बोले- यहां नाजायज सरकार, हमारे विधायक चुराए

मोदीजी को रविदास सिर्फ चुनाव में याद आए

न्यूज़ डेस्क :

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंगलवार को सागर में कहा- मध्य प्रदेश में हमारी सरकार बनती है तो हम यहां जातीय जनगणना कराएंगे। इससे मालूम चलेगा कि राज्य में किस तबके के कितने लोग गरीब और पिछड़े हैं। यह भी सामने आएगा कि यहां कितने भूमिहीन लोग हैं। भाजपा ने हमारे हमारे विधायक चुराकर मध्य प्रदेश में सरकार बनाई है। ये नाजायज सरकार है।

मोदी जी को रविदास जी का मंदिर बनाने की याद अब इसलिए आई, क्योंकि चुनाव आ रहे हैं। वोट लेने के लिए क्या करना है, वो काम मोदी जी हमेशा करते हैं, यहां भी करके गए। वे 9 साल से प्रधानमंत्री हैं। शिवराज सिंह भी 18 साल से हुकूमत कर रहे हैं।

खड़गे ने सागर के कजलीवन मैदान से कांग्रेस के चुनावी अभियान का शंखनाद किया। बुंदेलखंड में 22% SC वोटर हैं। इन्हें साधने के लिए प्रदेश में राष्ट्रीय अध्यक्ष की पहली सभा के लिए सागर को चुना गया। 12 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सागर आ चुके हैं।

मल्लिकार्जुन खड़गे की स्पीच की 10 प्रमुख बातें

1). PM मोदी के वादे गिनाकर कहा- वे झूठ बोलते हैं
मोदी जी ने कहा 18 करोड़ नौकरियां दूंगा। नौकरियां दी क्या? 15- 15 लाख हर एक के जेब में डालने का वादा किया था। मिले क्या? किसानों की आमदनी दोगुनी करने का कहा था। नहीं हुई। प्रधानमंत्री होकर झूठ बोल रहे। इन्होंने झूठ बोलकर वोट लिए। इस बार लोग झूठ नहीं सुनेंगे।

2). सीधी पेशाबकांड पर शाह से सवाल
शाह से पूछना चाहता हूं कि आदिवासी के मुंह पर पेशाब करने वाला किस पार्टी का आदमी है। आप SC की हिफाजत नहीं करते, उसके मुंह में भाजपा का आदमी पेशाब करता है। उसके पैर धोकर आप उसे पवित्र करना चाहते हैं। इससे आपने उसका अपमान किया। हुकूमत को संभालने के लिए ऐसी हरकत होती रहती है।

3). कमलनाथ जी आपको 50% वालों को हटाना है
कर्नाटक में तो 40% कमीशन था। यहां कितना है? हम तो 40% को हटा दिए। कमलनाथ जी आपको 50% वालों को हटाना है। ये हमारे लोगों को सता रहे, जेल भेज रहे। जब नवंबर में हमारी सरकार आएगी, तब उन्हें भी मुश्किल होगा। लेकिन, हम बदला लेने का नहीं सोचते। अच्छा करते आए हैं। बदलना लेने की नहीं, बदलाव लाने की जरूरत है। न हम डराने वाले हैं, न डरने वाले हैं।

4). मणिपुर में मोदी साहब जाते ही नहीं
मणिपुर में इतनी गड़बड़ हो रही है। वहां मोदी साहब जाते ही नहीं। उन्होंने मुंह तब खोला, जब पार्लियामेंट 11 बजे शुरू होने वाली थी, वे 10.30 बजे बोले कि हमें मणिपुर के बारे में कुछ सोचना है। मणिपुर में औरतों का रेप हो रहा है, दंगे हो रहे हैं, मोदी चुप्पी साधे हुए हैं। ऊपर से कहते हैं कि राहुल गांधी ये करा रहे हैं। कांग्रेस डिवाइड कर रही है। मोदी जी के सपने में भी राहुल गांधी आते हैं।

5). MP में नाजायज सरकार, हमारे विधायक चुराए
BJP हमेशा जनादेश का अपमान करती है। MP में हमारे विधायकों को चोरी कर ले गए। पैसे देकर, ED, CBI से डराकर, दंगे और लोगों में फूट डालकर हुकूमत बनाई। मध्यप्रदेश में नाजायज सरकार है। इन्होंने MP की तरह कर्नाटक में सरकार बनाई थी। पैसे देकर, मंत्री बनाने का वादा विधायकों को किया। जहां ये चुनकर नहीं आते, इसी मार्ग से जाते हैं।

6). हमने कुछ किया है तो इसीलिए तुम प्रधानमंत्री हो
मोदी जी और चौहान (CM) का खाना कांग्रेस को गालियां दिए बगैर हजम नहीं होता। हमेशा कांग्रेस से हिसाब मांगते हैं। अरे, हमने कुछ किया है तो इसीलिए तुम प्रधानमंत्री हो। हमने संविधान – लोकतंत्र को बचाकर रखा। इसीलिए तो आप कुर्सी पर बैठे हो। आजादी से लड़ने वाले कौन हैं? क्या उस वक्त शाह और मोदी जी पैदा हो गए थे। हमारे करने के बाद ही सब कुछ आपको मिल रहा है।

7). इन्होंने दिल्ली में संत रविदास के मंदिर पर बुलडोजर चलाया
सागर में मंदिर बनाने का वादा किया, लेकिन दिल्ली में 14 अगस्त 2019 को बुलडोजर चलाकर रविवास मंदिर तोड़ दिया। ये लोग ऐसे हैं कि मुख में राम बगल में छुरी। बाबा साहब, रविदास का नाम किसी मकसद से लेते हैं। रविदास जी कहते थे कि किसी की पूजा इसलिए नहीं करो कि वह ऊंचे पद पर है। वे चाहते थे कि जहां कोई भूखा न रहे, छुआछूत का भाव न हो।

8). संविधान के सपोर्ट में 140 करोड़ भारतीय
चंद लोग संविधान को बदलने की कोशिश कर रहे हैं। ये हो ही नहीं सकता। देश के 140 करोड़ भारतीय इसके संरक्षण और सपोर्ट में जिंदा है। संविधान निर्माताओं में डॉ. हरि सिंह गौर भी थे। उन्होंने मध्यप्रदेश में पहला विश्वविद्यालय स्थापित किया। मैं उन्हें नमन करता हूं। कांग्रेस सरकार बनी तो संत रविदास के नाम से यहां विश्वविद्यालय खोला जाएगा।

9). कमलनाथ जी जो कहते हैं, वो करते हैं
कमल को मैं छोड़ देता हूं, नाथ को पकड़ता हूं। नाथ मतलब संत। कमलनाथ जो कहते हैं, वो करके दिखाते हैं। इसलिए उनका नाम आखिरी में नाथ है। ये नाथ को आपको जिताना है। हम वोट के लिए नहीं, जो करते हैं दिल से करते हैं। ये मत सोचिए कि शिवराज ने गेहूं दिया, राशन दिया …सबसे ज्यादा फायदेमंद इस देश का संविधान है, वो हमने दिया है।

10). बुंदेलखंड की भूमि बलिदान की, इसको नमन
ये जमीन क्रांतिवीरों और दानवीरों की है। बुंदेलखंड अपनी आन, बान, शान के लिए मशहूर है। बलिदान की भूमि है। केसरी महाराज छत्रसाल, लक्ष्मीबाई और झलकारी बाई को श्रद्धांजलि देता हूं। साबूलाल जैन के योगदान को भी नमन करता हूं। बाबा साहब अंबेडकर महू (मध्यप्रदेश) में पैदा हुए।

अमित शाह को खड़गे के जवाब

  • अमित शाह ने MP आकर 53 साल का हिसाब मांगा। मैं रिपोर्ट देता हूं। यहां एक व्यक्ति 18 साल से हुकूमत कर रहा है। अभी भी प्रदेश पिछड़ा है।
  • मोदी जी साढ़े 13 साल गुजरात में हुकूमत किए। दिल्ली में 10 साल होने जा रहे। पौष्टिक आहार में सबसे पिछड़ा राज्य गुजरात है। बच्चे कमजोर हैं। चेला चौहान यहां क्या कहेगा।
  • टमाटर 2014 में 15 रुपए था, अब 72 रुपए है। सिलेंडर का दाम 166% बढ़ गया। दाल 129% महंगी हो गई। शाह जी को बताओ ये रिपोर्ट कार्ड खड़गे ने सागर में दिया है।
  • आजादी के पहले साक्षरता दर 18.3% थी। 13-14 में 74% हमने किया। शिशु मृत्युदर भी कम हुई। जन्म और मृत्युदर भी कम हुई। 65% महिलाओं को पढ़ाया।
  • आप कुछ कर नहीं सकते तो दूसरे पर उंगली उठाते हो। हमने सबके सामने किया। गौर ने विश्विद्यालय बनवाया। क्या ये मोदी के वक्त में हुआ।
  • पं. जवाहरलाल नेहरू से लेकर राजीव गांधी तक हमने क्या किया? दुनिया जानती है। मैं फिर आऊंगा और बताऊंगा। इन लोगों का काम झूठ बोलना और झगड़ा कराना है।

कमलनाथ ने कहा- शिवराज जी को बंबई जाकर एक्टिंग करना चाहिए
PCC चीफ कमलनाथ ने कहा, ‘जितनी डबल स्पीड पर शिवराज सिंह की झूठ की मशीन चलेगी, इसका कोई फायदा नहीं होगा। रोज घोषणाएं कर ये अपने 18 साल का पाप धो रहे हैं। जनता शिवराज जी की नाटक-नौटंकी पहचान चुकी है। मैं तो शिवराज जी से कहता हूं कि आप बंबई जाकर एक्टिंग करिए, मध्यप्रदेश का नाम रोशन करिए।’

आगे कहा, ‘खड़गे जी मध्यप्रदेश बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, अत्याचार में नंबर – 1 है। भाजपा की पहचान प्रचार, भ्रष्टाचार और अत्याचार से है। राहुल जी का दिया बुंदेलखंड का पैकेज घोटाला पैकेज बनकर रह गया। इनके नेताओं और मंत्रियों को बेरोजगार बनाने पर प्रदेश की बेरोजगारी दूर होगी।’

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!