न्यूज़ डेस्क

कर्नाटक में चुनावी सभा में बोले CM शिवराज, राहुल गांधी के सच्चे भारतीय होने पर संदेह: सज्जन वर्मा का पलटवार बोले-अपना DNA टेस्ट करा लें

न्यूज़ डेस्क :

एमपी के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कर्नाटक के दौरे पर विजयनगर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित विजय संकल्प यात्रा में शामिल होकर रोड शो में भाग लिया। सीएम शिवराज ने चुनावी जनसभा को संबोधित कर भाजपा प्रत्याशियों को जिताने अपील की। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कर्नाटक में जमकर हमला बोला। सीएम ने कहा कोई भी सच्चा देश भक्त अपने देश के बारे में विदेश जाकर अनर्गल प्रलाप नहीं कर सकता। भारत के बाहर जाकर भारत की आलोचना करना, सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगना, सेना के मनोबल को गिराना, चीन की भाषा बोलना क्या यह सच्चे भारतीय के लक्षण हैं। यहां भारत जोड़ो यात्रा का ढोंग कर रहे, टुकड़े टुकड़े गैंग यात्रा में साथ निकली, राहुल विदेश जाकर देश की आलोचनाएं कर रहे हैं।जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम शिवराज ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमलावर होते हुए कहा की कांग्रेस के लोग रोते हैं राहुल बाबा अब देश में भी रोते हैं विदेश में भी जाकर रोते हैं। विदेश में जाकर मोदी जी की आलोचना करते हैं। कांग्रेस के लोग कहते हैं मोदी तेरी कब्र खुदेगी, जबकि देश और कर्नाटक कह रहा है मोदी तेरा कमल खिलेगा। उन्होंने कहा की देश के दिल में और कर्नाटक की जनता के दिल में बसे हैं नरेंद्र मोदी जी। मोदी जी ने देश और देश की जनता की जिंदगी बदल दी है।

सीएम के बयान पर सज्जन बोले- अपना डीएनए टेस्ट करा लें शिवराज

कर्नाटक में सीएम शिवराज के राहुल गांधी पर दिए गए बयान पर पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा ने कहा- शिवराज अपना और राहुल गांधी का डीएनए टेस्ट करा लें। खुद के प्रदेश में शिवराज की चल नहीं रही। एसपी, कलेक्टर सुन नहीं रहे। 25 हजार घोषणाएं कर दी अधिकारी पूरा करने को तैयार नहीं हैं। अपनी कलाकारी दिखाने कर्नाटक गए। राहुल गांधी पर इस तरह का सवाल उठाने से पहले अपने परिवार पर और राहुल गांधी के परिवार को देख लो। राहुल गांधी उस परिवार का व्यक्ति है जिसने आजादी की लड़ाई लड़ी और आजादी के आंदोलन के बाद उनकी दादी की हत्या हो जाती है। पिता की हत्या देश की एकता और अखंडता के लिए जिस परिवार ने अपना सब कुछ कुर्बान कर दिया। उस परिवार पर प्रश्न उठाने से पहले सोचना चाहिए।

​कांग्रेस और राहुल को शर्म आनी चाहिए
सीएम शिवराज ने कहा की राहुल गांधी अपरिपक्व नेता हैं, उनकी मानसिक आयु 5 वर्ष से कम है। एक ऐसे व्यक्ति को कांग्रेस राष्ट्रीय नेता बनाने पर तुली है, जो स्वयं लोकतंत्र पर विश्वास नहीं रखता है, देश के मूल्यों पर विश्वास नहीं रखता हो। राहुल गांधी और कांग्रेस को शर्म आनी चाहिए कि वह विदेश में जाकर देश को बदनाम करने का षड्यंत्र रच रहे हैं। उन्होंने कहा की राहुल जी आपके इस कृत्य को देश की जनता देख रही है। मुझे तो आपके सच्चे भारतीय होने पर भी संदेह है।

डबल इंजन की सरकार ने विकास को गति दी
उन्होंने कहा की कर्नाटक में डबल इंजन की सरकार कर्नाटक की तस्वीर और जनता की तकदीर बदल रही है। गरीबों को कभी फ्री में राशन कांग्रेस ने नहीं दिया। मोदी जी और बोम्मई जी की सरकार रोटी, कपड़ा,मकान,शिक्षा,स्वास्थ्य और रोजगार का इंतजाम कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने किसानों को 6,000 रुपये दिए, तो कर्नाटक में बोम्मई जी ने उसमें 4,000 रुपये मिलाकर किसानों को 10,000 रुपये की मदद दी। इस डबल इंजन की सरकार ने विकास को गति दी है, इससे कर्नाटक भारत का सबसे प्रगतिशील राज्य बन गया है।

कांग्रेस आज टुकड़ों में बंट गई
सीएम शिवराज ने कहा की कांग्रेस आज कई टुकड़ों में बंट गई है। डीके शिवकुमार अलग और सिद्धारमैया अलग हैं। कांग्रेस और जेडीयू कर्नाटक का भला नहीं कर सकते। जेडीयू केवल वोट काट सकती है और कांग्रेस को फायदा पहुंचा सकती है। उन्होंने कहा की हम विकास करते हैं,कांग्रेस विनाश करती है। काँग्रेसियों ने तो उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे जी का भी अपमान किया। एक कार्यक्रम में वो धूप में खड़े रहे और छाता सोनिया जी के ऊपर लगाया गया। अगर कर्नाटक का सम्पूर्ण विकास कोई पार्टी कर सकती है,तो वो भारतीय जनता पार्टी है ।

हम फिर सरकार बनाएंगे
सीएम शिवराज ने कहा की आज होसपेट में इतनी गर्मी में पसीना बहाते हुए विजय संकल्प यात्रा में जनता चल रही थी। उनकी आंखों में विश्वास है और मोदी जी के प्रति सम्मान है। मैं विश्वास के साथ कहता हूं कि हम फिर भाजपा सरकार बनाएंगे। जनता का कल्याण कर भाजपा इसका कर्ज उतारेगी, नरेंद्र मोदी भारत के लिए भगवान का वरदान हैं। मोदी के पहले भारत का सम्मान नहीं था,पिद्दी-पिद्दी से देश भारत को आंख दिखाते थे। आज पूरे विश्व में मोदी-मोदी के नारे लग रहे हैं। पाकिस्तान तक में लोग कहते हैं कि काश हमारे पास एक मोदी होता।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!