राघौगढ़ में CM बोले- कमलनाथ-दिग्विजय आपको अहंकार ने हराया: बहाने बना रहे EVM में हार गए, शिवराज ने कहा खिसयानी बिल्ली खंभा नोचे

गुना डेस्क :
CM शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को गुना जिले के राघोगढ़ पहुंचे। यहां उन्होंने रोड शो के बाद आमसभा को संबोधित किया। आमसभा में उन्होंने राघोगढ़ में ऐतिहासिक 91 हजार वोट देने के लिए मतदाताओं का आभार माना। उन्होंने जनता से वायदा किया कि राघोगढ़ के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर जवाब देने से वह बचते नजर आए। CM बनने के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा में एक निर्धारित प्रकिया है। कार्यकर्ता अपना काम खुद करते हैं। पार्टी विचार कर के फैसला करती है। कार्यकर्ता हम जैसे, वो अपना काम कर रहे हैं। पार्टी का नेतृत्व सब चीजों पर विचार-विमर्श कर के अपना फैसला करेगी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राघोगढ़ (गुना) में कहा, ‘कमलनाथ – दिग्विजय सिंह आपको आपके अहंकार ने हराया। बहाना बना रहे कि EVM ने हरा दिया। खिसयानी बिल्ली खंभा नोचे।’ कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा, ‘मामा और भैया का पद दुनिया में किसी भी पद से बड़ा है। इससे बड़ा कोई पद नहीं है।’
दिग्विजय सिंह के लिए कहा, ‘कैसे मुख्यमंत्री थे? सड़कों में गड्ढे थे, गड्ढों में सड़कें थीं। दिग्गी राजा कहते थे राम मंदिर की तारीख नहीं बताएंगे। अब मंदिर वहीं बन रहा है।’
कार्यक्रम स्थल तक रोड शो करते हुए पहुंचे
CM को पहले दोपहर 1 बजे राघोगढ़ पहुंचना था, लेकिन फिर कार्यक्रम में बदलाव हुआ। वह दोपहर 2.45 बजे राघोगढ़ पहुंचे। उनके स्वागत के लिए जिले के तमाम नेता राघोगढ़ पहुंचे। आईटीआई में बनाए गए हेलीपैड पर जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार ने उनकी अगवानी की। CM हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक रोड शो करते हुए पहुंचे।
राघोगढ़ से जयवर्धन बहुत कम अंतर से जीते
राघोगढ़ सीट कांग्रेस का गढ़ मानी जाती है। लंबे समय से यहां से कांग्रेस ही जीतती आ रही है। वर्तमान में यहां से दिग्विजय सिंह के पुत्र जयवर्धन सिंह विधायक हैं। वे लगातार तीसरी बार इस सीट से चुनाव जीते हैं। हालांकि, इस बार जयवर्धन सिंह मात्र 4505 वोट से चुनाव जीत पाए। 2018 के चुनाव में यह अंतर 43688 हजार था। भाजपा के हीरेंद्र सिंह ने उन्हें कड़ी टक्कर दी। प्रॉपर राघोगढ़ में भी कांग्रेस 10 पोलिंग बूथ हार गई। कांग्रेस को जहां 95738 वोट मिले, तो वहीं भाजपा को 91233 वोट मिले।