न्यूज़ डेस्क

बदलाव, एलन मस्क ने ट्विटर का लोगो बदला: चिड़िया की जगह डॉग का फोटो लगाया, यूजर्स से बोले- वादा पूरा किया

न्यूज़ डेस्क :

एलन मस्क ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर मंगलवार को बड़ा बदलाव किया। उन्होंने ट्विटर का लोगो बदल दिया। नीली चिड़िया हटाकर एक डॉग को ट्विटर का लोगो बनाया है। मस्क ने एक ट्वीट में एक यूजर से कहा कि जैसा वादा किया था, वह पूरा किया।

अमेरिकी अरबपति मस्क ने पिछले अक्टूबर साल ट्विटर को खरीद लिया था। इसके बाद कई बड़े फैसलों को लेकर मस्क चर्चा में रहे। इनमें ब्लू टिक के लिए चार्ज, कर्मचारियों की छंटनी, CEO पराग अग्रवाल को हटाना शामिल रहे।

यूजर्स फैसले से हैरान, ट्रेंड करने लगा DOGE

ट्विटर का लोगो बदलते ही यूजर्स हैरान रह गए और एक-दूसरे से इस बदलाव को लेकर सवाल करने लगे। एक यूजर ने पूछा कि क्या सभी को लोगो पर डॉग दिखाई दे रहा है। देखते ही देखते ट्विटर पर #DOGE ट्वीट करने लगा। यूजर्स को लगा था कि ट्विटर को किसी ने हैक कर लिया है। कुछ देर बाद ही एलॉन मस्क ने एक ट्वीट किया, जिससे ये साफ हो गया कि ट्विटर ने अपना लोगो बदल दिया है।

क्या है ट्विटर का नया लोगो DOGE?

  • सॉफ्टवेयर इंजीनियर बिली मार्कस और जैकसन पालमर ने 2013 में बिटकॉइन जैसी अन्य क्रिप्टोकरेंसी का मजाक उड़ाने के लिए डॉजकॉइन की शुरुआत की थी। मस्क कई मौकों पर इसे अपनी पसंदीदा क्रिप्टोकरेंसी बता चुके हैं। मस्क ने डॉजकॉइन के सपोर्ट में फरवरी 2022 में कई ट्वीट किए थे। उस वक्त उन्होंने पहले ट्वीट में सिर्फ ‘DOGE’ लिखा था।
  • दूसरे ट्वीट में मस्क ने लिखा था- डॉजकॉउन लोगों का क्रिप्टो है। नो हाई, नो लो ओनली DOGE। इसके बाद इस क्रिप्टोकरेंसी की कीमत उछलकर 5 सेंट हो गई थी। मस्क के ट्वीट्स से पहले यह तीन सेंट पर ट्रेड कर रही थी।
  • दिसंबर 2020 में भी उन्होंने One Word: Doge ट्वीट किया था और इसकी कीमत 20% बढ़ गई थी। अब ट्विटर के नए लोगो में मस्क ने इस क्रिप्टोकरेंसी के डॉग की फोटो का इस्तेमाल किया है।

ट्विटर CEO बनने के बाद मस्क के 4 बड़े फैसले…

1. CEO पराग अग्रवाल को निकाला था
एलन मस्क ने 27 अक्टूबर 2022 को 44 बिलियन डॉलर में ट्विटर खरीदा था। इसके बाद मस्क ने कंपनी के चार टॉप ऑफिशियल्स को निकाल दिया था। इनमें CEO पराग अग्रवाल, फाइनेंस चीफ नेड सेगल, लीगल एग्जीक्यूटिव्स विजया गड्डे और सीन एडगेट शामिल हैं। इसके बाद चीफ मार्केटिंग ऑफिसर लेस्ली बेरलैंड, चीफ कस्टमर ऑफिसर सारा पर्सनेट और ग्लोबल क्लाइंट सॉल्यूशंस के वाइस प्रेसिडेंट जीन-फिलिप महू को बाहर कर दिया गया था।

2. 50% से ज्यादा कर्मचारियों को निकाला
एलन मस्क ट्विटर के 7,500 एम्प्लॉइज में से 50% से ज्यादा कर्मचारियों को निकाल चुके हैं। इसके बाद उन्होंने बचे हुए एम्पलॉइज को कंपनी में बने रहने के लिए अल्टीमेटम देते हुए ईमेल किया था। एम्पलॉइज को भेजे एक ईमेल में मस्क ने लिखा था, कर्मचारियों को एक सफल ट्विटर 2.0 बनाने के लिए बहुत परिश्रमी होने की जरूरत होगी। साथ ही सफलता के लिए देर तक काम और उच्च क्षमता दिखानी होगी।

ईमेल में कहा गया था कि जो भी एम्पलॉइज कंपनी का हिस्सा बने रहना चाहते हैं वो ईमेल में दिए गए लिंक पर ‘हां’ में क्लिक करें। जिस किसी ने ऐसा नहीं किया, उसे निकाले जाने का तीन महीने का नोटिस मिलेगा। आप जो भी निर्णय लें, ट्विटर को सफल बनाने के आपके प्रयासों के लिए धन्यवाद। इस ईमेल के बाद काफी सारे एमप्लॉइज ने इस्तीफा दे दिया था।

3. ट्विटर पर ट्रम्प की वापसी करवाई थी
नवंबर 2022 में मस्क ने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ट्विटर अकाउंट बहाल किया था। उन्होंने ट्विटर पर ट्रम्प की वापसी को लेकर एक पोल किया था। उन्होंने पूछा था, क्या प्रेसिडेंट ट्रंप का अकाउंट बहाल किया जाना चाहिए। हां या ना। 1.5 करोड़ से ज्यादा यूजर्स ने वोटिंग में हिस्सा लिया और 52% लोगों ने हां में जवाब दिया था।

4. ब्लू सब्सक्रिप्शन सर्विस
एलन मस्क ने कहा था कि ट्विटर पर ब्लू टिक, यानी वेरिफाइड अकाउंट्स के लिए यूजर को अब हर महीने 8 डॉलर (करीब 660 रुपए) देने होंगे। यह चार्ज सभी देशों में अलग-अलग होगा। 27 अक्टूबर को ट्विटर खरीदने के पांच दिन बाद मंगलवार रात को एलन मस्क ने इसका ऐलान किया था। हालांकि फेक अकाउंट की बढ़ती संख्या के कारण अभी इस सर्विस को होल्ड पर रखा गया है। अब ये सर्विस जल्द रिलॉन्च होगी।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!