दिल्ली में CEC की बैठक: आज तय होंगे MP कांग्रेस के 18 लोकसभा उम्मीदवार, दिग्विजय, जीतू समेत दिग्गजों को लड़ाने पर होगा फैसला

भोपाल डेस्क :
मध्यप्रदेश में 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान होगा। पहले राउंड में 6 लोकसभा सीट सीधी, शहडोल, मंडला, जबलपुर, बालाघाट, छिंदवाड़ा सीट पर मतदान होना है। अब तक प्रदेश की 29 में से 10 सीटों पर ही कांग्रेस के उम्मीदवार घोषित हो पाए हैं। बाकी बची 18 सीटों पर गुरुवार को उम्मीदवार तय होंगे। दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में दोपहर 3:30 बजे से सीईसी की बैठक होगी। इसमें प्रदेश की बाकी बची सीटों पर चर्चा की जाएगी।
नेता प्रतिपक्ष उमंग की सलाह- दिग्गज लड़ें चुनाव
दिल्ली में कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की अनौपचारिक बैठक में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने एमपी के दिग्गजों को लोकसभा चुनाव लड़ाने का प्रस्ताव रखा है। स्क्रीनिंग कमेटी की चेयरपर्सन रजनी पाटिल, प्रदेश प्रभारी भंवर जितेन्द्र सिंह समेत एमपी के सहप्रभारियों और तमाम नेताओं के सामने दिग्गजों को लड़ाने की बात हुई है।
इन सीटों पर दिग्गजों को उतारने का सुझाव
सूत्रों ने बताया कि उमंग सिंघार ने पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी के सामने अनौपचारिक चर्चा में ये प्रस्ताव रखा है। बताया जा रहा है कि उन्होंने पीसीसी चीफ जीतू पटवारी को इंदौर से, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह को गुना से, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह को सतना से, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह को राजगढ़ से, पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरुण यादव को खंडवा या गुना में से किसी एक सीट पर उतारने की मांग रखी है।
ये नेता रहेंगे मौजूद
दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय में होने वाली बैठक में स्क्रीनिंग कमेटी की चेयरपर्सन रजनी पाटिल, प्रदेश प्रभारी भंवर जितेन्द्र सिंह, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार मप्र के सहप्रभारी संजय कपूर, सीपी मित्तल, कुलदीप इंदौरा, संजय दत्त, शिव भाटिया मौजूद रहेंगे। संभवत: शुक्रवार को बाकी बची 18 सीटों के उम्मीदवार घोषित किए जाएंगे।
इन सीटों पर ये हैं दावेदार
- मुरैना – इस सीट से जौरा विधायक पंकज उपाध्याय और पूर्व विधायक सत्यपाल सिंह (नीटू) सिकरवार के नाम मुख्य दावेदारों में शामिल हैं। ओबीसी प्रत्याशी के तौर पर जसवीर सिंह गुर्जर और पूर्व विधायक बैजनाथ कुशवाह के नाम पर भी चर्चा हो चुकी है।
- इंदौर – इंदौर लोकसभा सीट से अब तक अक्षय कांति बम का नाम लगभग तय माना जा रहा है। लेकिन उमंग सिंघार के प्रस्ताव के बाद जीतू पटवारी के नाम पर नए सिरे से विचार-मंथन हो सकता है।
- खंडवा – इस सीट पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरुण यादव का नाम लगभग तय माना जा रहा है। लेकिन अरुण ने खुद को गुना से उतारने की इच्छा जताई है। अब पार्टी को फैसला लेना है कि अरुण यादव को खंडवा से उतारती है या गुना से।
- राजगढ़ – दिग्विजय सिंह के प्रभाव वाली राजगढ़ सीट से पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी का नाम तय माना जा रहा है। पहले यहां पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह को लड़ाने की चर्चा थी, लेकिन प्रियव्रत चुनाव नहीं लड़ना चाहते। अब इस सीट से जयवर्धन सिंह का नाम भी चर्चा में आ सकता है।
- गुना – इस सीट पर केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को बीजेपी ने उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस की ओर से इस सीट पर राव यादवेन्द्र सिंह यादव का नाम आगे है। लेकिन नेता प्रतिपक्ष के प्रस्ताव के बाद अब इस सीट पर दिग्विजय सिंह या अरुण यादव के नाम पर विचार हो सकता है।
- ग्वालियर – इस सीट पर पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव के साथ ही पूर्व सांसद रामसेवक गुर्जर और पूर्व विधायक प्रवीण पाठक के नामों पर मंथन चल रहा है। पार्टी स्थानीय जातीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए किसी एक के नाम पर मुहर लगा सकती है।
- मंदसौर – इस सीट पर पूर्व विधायक नंदकिशोर पटेल और दिलीप सिंह गुर्जर के नाम प्रमुखता से आगे हैं। इन दोनों में से किसी एक के नाम सीईसी में मुहर लग सकती है।
इन सीटों पर सिंगल नाम लगभग तय
| सीट | संभावित नाम |
| उज्जैन | महेश परमार |
| विदिशा | देवेंद्र पटेल |
| भोपाल | अरुण श्रीवास्तव |
| होशंगाबाद | संजय शर्मा |
| बालाघाट | हिना कांवरे |
| झाबुआ | कांतिलाल भूरिया |
| जबलपुर | लखन घनघोरिया |
| दमोह | रंजीता गौरव पटेल |
| रीवा | नीलम अभय मिश्रा |
| शहडोल | फुंदेलाल सिंह मार्को |
| सागर | गुड्डू राजा बुंदेला |



