
भोपाल डेस्क :
मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 230 सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। कई सीटों पर कैंडिडेट्स का विरोध हो रहा है। ऐसे में पार्टी 5 सीटों पर उम्मीदवार बदल सकती है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पिपरिया, सुमावली, आमला, जावरा, शुजालपुर में प्रत्याशी बदले जा सकते हैं। 28 अक्टूबर को दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान की एक बैठक होगी। इसमें औपचारिक तौर पर प्रत्याशी बदले जा सकते हैं।
उम्मीदवार बदलने की ये हैं वजह..
सुमावली: मौजूदा विधायक का टिकट काटा
इस विधानसभा सीट पर मौजूदा विधायक अजब सिंह कुशवाह का टिकट काटकर कांग्रेस ने कुलदीप सिकरवार को प्रत्याशी बनाया है। इस फैसले के बाद से ही अजब सिंह कुशवाह ने कांग्रेस छोड़कर बसपा जॉइन कर ली। विधायक के विद्रोही तेवरों को देखकर कांग्रेस अब अपना उम्मीदवार बदलकर फिर से अजब सिंह कुशवाह को उतार सकती है।
पिपरिया : कैंडिडेट का स्थानीय 12 दावेदार कर रहे हैं विरोध
इस सीट पर कांग्रेस ने गुरुचरण खरे को उम्मीदवार घोषित किया है। गुरुचरण को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद से ही स्थानीय 12 दावेदार विरोध कर रहे हैं। गुरुचरण छिंदवाड़ा के रहने वाले हैं, इसी को मुद्दा बनाकर उनका विरोध हो रहा है। ऐसे में कांग्रेस यहां उम्मीदवार बदलकर पूर्व जनपद अध्यक्ष वीरेंद्र बेलवंशी को टिकट दे सकती है।
आमला: निशा बांगरे के लिए सीट रखी थी होल्ड
इस सीट पर कांग्रेस ने मनोज मालवे को प्रत्याशी बनाया है। इस सीट को कांग्रेस ने डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे के लिए होल्ड करके रखा हुआ था। निशा का इस्तीफा स्वीकार होने के बाद अब इस सीट पर उम्मीदवार बदला जा सकता है।
शुजालपुर: योगेंद्र समर्थकों का दो बार भोपाल में शक्ति प्रदर्शन
इस सीट पर कांग्रेस ने 2018 में चुनाव हारे रामवीर सिंह सिकरवार को उम्मीदवार बनाया है। सिकरवार का योगेंद्र सिंह बंटी खुलकर विरोध कर रहे हैं। तीन दिन में दो बार भोपाल आकर योगेंद्र के समर्थक बड़ा शक्ति प्रदर्शन कर चुके हैं। यहां टिकट बदला जा सकता है।
जावरा: कैंडिडेट के खिलाफ कई दावेदारों ने भोपाल में खोला मोर्चा
यहां कांग्रेस ने हिम्मत श्रीमाल को प्रत्याशी बनाया है। श्रीमाल का कांग्रेस के कई दावेदार विरोध कर रहे हैं। दावेदारों ने भोपाल में उनके खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। पार्टी यहां से उम्मीदवार बदल सकती है।



