मध्यप्रदेश

ब्रेकिंग न्यूज़ – बेकाबू होकर लटेरी में पलटी पिकअप, इंदौर के चार लोगों की मौत: सिरोंज में शादी के बाद बारात लौट रही थी; 12 घायल, 5 की हालत गंभीर

लटेरी डेस्क :

विदिशा के सिरोंज में बारातियों से भरा पिकअप वाहन बेकाबू होकर पलट गया। इसमें एक महिला समेत चार बारातियों की मौत हो गई। बारात इंदौर लौट रही थी। इसमें 12 लोग घायल हुए हैं। जिनमें 5 की हालत गंभीर हैं।

हादसा गुरुवार रात 10 बजे आरी ताजपुरा की घाटी में हुआ। सूचना मिलते ही लटेरी एसडीओपी अजय मिश्रा घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बारात इंदौर जिले के आउलीखेड़ा मऊ गांव लौट रही थी। ये लोग बारात लेकर सिरोंज की जटाशंकर के पास से वापस आ रहे थे। पिकअप में 16 लोग सवार थे, जिनमें छोटे बच्चे, महिलाएं और पुरुष शामिल थे। सभी लोग पत्थर के सिलबट्टे बनाने का काम करते हैं।
दूल्हा-दुल्हन दूसरी गाड़ी में थे सवार
घायलों को तत्काल लटेरी के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं एक अन्य की इलाज के दौरान मौत हो गई। दूल्हा-दुल्हन दूसरी गाड़ी में सवार थे। देर रात कलेक्टर अंशुल गुप्ता और एसपी रोहित काशवानी लटेरी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायलों से बातचीत की।
मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख मुआवजे की घोषणा
सीएम डॉ. मोहन यादव ने हादसे में 4 लोगों की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजन को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से ₹2-2 लाख एवं गंभीर रूप से घायलों को ₹50-50 हजार की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के बेहतर इलाज के लिए जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं।

News Update 24x7

Related Articles

error: Content is protected !!