BREAKING NEWS- बेकाबू ट्रक ने बुजुर्ग को कुचला: राजगढ़ में 6 वाहनों को रौंदा, जान बचाने टू-व्हीलर से कूदे लोग

राजगढ़ डेस्क :
राजगढ़ में एक बेकाबू ट्रक बाजार में घुस गया। करीब 100 मीटर लंबे रास्ते में एक के बाद एक 6 वाहनों को कुचल दिया। रिटायर्ड सेल्स टैक्स अकाउंटेंट की मौत हो गई। 6 लोग घायल हो गए। एक को गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती कराया गया है। एक बाइक पर सवार तीन लोगों ने कूदकर जान बचाई। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है।
मामला राजगढ़ के पारायण चौक इलाके में मंगलवार दोपहर का है। ट्रक ब्रेक फेल होने से बेकाबू हो गया। उसने पहले एक पिकअप वाहन को टक्कर मारी। उसे घसीटते हुए ले गया। इसी दौरान 5 बाइक और स्कूटी को भी चपेट में ले लिया। बाजार में करीब आधे घंटे तक अफरा-तफरी मची रही। ड्राइवर मौके से भाग निकला।
स्थानीय निवासी संजीव शर्मा ने बताया, ‘हादसे में मेरे बहनोई गोपाल शर्मा (68) की मौत हो गई है। वे रिटायर्ड सेल टैक्स अकाउंटेंट थे और जेल रोड पर रहते थे। दोपहर में स्कूटी से बैंक का काम निपटाने गए थे। लौटते समय ट्रक से घिसटकर आ रहे पिकअप के पहिए के नीचे आ गए।’

बाइक से कूदकर बचने की कोशिश की, पैर टूटा
घायल पन्ना लाल तंवर (45) ने राजगढ़ से 18 किलोमीटर दूर बाकना गांव में रहते हैं। उन्होंने बताया- बेटे पंकज का 11वीं क्लास में एडमिशन कराने आए थे। बाइक पर पत्नी अनार बाई (42) और बेटा पंकज (17) भी था। ट्रक को देखते ही हमने बाइक से कूदकर बचने की कोशिश की, लेकिन बेटा उसकी चपेट में आ गया। उसका एक पैर टूट गया है। पत्नी और मुझे चोट आई हैं।
बाजार में समोसे-कचौड़ी की दुकान लगाकर बैठी छोटी बाई (55) भी हादसे का शिकार हो गई। उसके पैर में गंभीर चोट आई है। सांस लेने में भी दिक्कत है। उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
हादसे की आंखों देखी… मैं ट्रक को रोकने के लिए दौड़ता रहा
होटल मालिक पंकज विजयवर्गीय ने बेकाबू ट्रक को रोकने के काफी कोशिश की। लकड़ी गट्टे और पत्थर टायर के आगे रखे फिर भी ट्रक नहीं रुका। तो ट्रक के साथ दौड़ते हुए लोगों को हटने के लिए चिल्लाते रहे। उन्होंने भास्कर को पूरा घटनाक्रम बताया-
मंगलवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे मैं जय स्तंभ चौक पर दोस्त के साथ बातें कर रहा था। थाने की ओर से एक ट्रक आता दिखा। ड्राइवर ने एक लकड़ी का गट्टा बाहर फेंका और मुझसे कहा- गट्टा जल्दी से दौड़कर टायर के नीचे फेंक दो। ट्रक का ब्रेक फेल हो गया है।
मैं गट्टा लेकर दौड़ा और टायर के नीचे फेंका, लेकिन स्पीड ज्यादा होने से ट्रक नहीं रुका। इसके बाद हम दौड़े और एक पत्थर उठाकर टायर के आगे फेंका। ऐसा तीन बार किया, लेकिन ट्रक नहीं रुका। मुझे लगा कि ट्रक रुकने वाला नहीं है, इसलिए आगे-आगे दौड़ना शुरू कर दिया। मैं चिल्लाता रहा- हट जाओ।
पारायण चौक के पास जैसे ट्रक पहुंचा, उसकी स्पीड और तेज हो गई, क्योंकि यहां मार्केट की ओर ढलान हैं। इसके बाद मैं ट्रक के कभी आगे तो कभी पीछे दौड़कर लोगों को हटने के लिए चिल्लाता रहा।
यहां से ट्रक गणेश जी की छत्री के पास पहुंचा, जहां सामने एक स्कूल वैन आती दिखी। मैंने जोर से वैन के ड्राइवर को चिल्लाते हुए इशारा किया की हट जाओ। वैन चालक ने तेजी से वैन को पीछे किया और मोड़ दिया। ट्रक स्कूल वैन को टच करते हुए आगे निकला और कार को टक्कर मारी।
तिल्ली चौक के पास खड़ी शक्कर से भरी पिकअप को टक्कर मारी। पिकअप को घसीटते हुए आगे बढ़ी और आम के ठेले को चपेट में लिया। सामने से आ रहे एक बाइक सवार को टक्कर मारी। बाइक पर पति-पत्नी और बच्चा सवार था। तीनों घायल हो गए। यहां से ट्रक मुड़ा और पिकअप की चपेट में बाइक और स्कूटी आ गई।
स्कूटी सवार को रौंदते हुए आगे बढ़ता रहा। करीब आधा किलाेमीटर तक तबाही मचाने के बाद जब तक ट्रक रुका, बाजार में अफरा-तफरी मच चुकी थी। घबराकर लोग यहां-वहां भाग रहे थे। इसी का फायदा उठाकर ट्रक चालक भाग निकला।
खाने का सामान लेकर आया था ट्रक, रास्ता भटका
टीआई वीर सिंह ठाकुर ने बताया कि ट्रक महिला बाल विकास विभाग की खाद्य सामग्री लेकर पीटी कंपनी जा रहा था। वह रास्ता भटकर तिली चौक पहुंच गया। यहां ब्रेक फेल हो गया। ट्रक एक पिकअप को चपेट में लेते हुए एक दुकान में घुस गया। हादसे में 7 लोग घायल हो गए। एक रिटायर्ड अधिकारी की मौत हो गई है। ट्रक ड्राइवर की तलाश की जा रही है।



