BREAKING NEWS- 146 सांसदों के निलंबन के विरोध में MP के भोपाल-इंदौर में धरना प्रदर्शन: पीसीसी चीफ जीतू पटवारी भी पहुंचे

भोपाल डेस्क :
लोकसभा और राज्यसभा से 146 सांसदों के निलंबन के विरोध में भोपाल में कांग्रेस धरना प्रदर्शन कर रही है। रोशनपुरा चौराहा पर इस प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव भी मौजूद हैं। कांग्रेस केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों और सांसदों के निलंबन का विरोध कर रही है। इंदौर में रीगल चौराहा पर कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है।
कांग्रेस का कहना है कि केंद्र की भाजपा सरकार के इशारे पर 146 सांसदों का निलंबन किया गया है। लोकतंत्र की इस तरह की जा रही हत्या के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदर्शन में पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव और पार्टी के पदाधिकारी पहुंचे हैं।
मोहन सरकार का रिमोट दिल्ली के पास: उपनेता प्रतिपक्ष
उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे ने कहा, मध्य प्रदेश केंद्र शासित प्रदेश बनने की ओर बढ़ चुका है। हमने स्पीकर पद के लिए समर्थन किया। डिप्टी स्पीकर पद की मांग की तो भाजपा नेताओं ने कहा, दिल्ली से बात करनी होगी। डॉ. मोहन यादव जी ज्यादा खुश ना हो, इस सरकार का रिमोट भी दिल्ली के पास है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने कहा, मायूस ना हो यह वक्त है, यह भी गुजर जाएगा। 2024 में हम एक नई इबारत लिखेंगे। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा, भाजपा बताएं कि भगत सिंह ने जब संसद पार्लियामेंट में बम फेंका था वह सही था या गलत था। वह बताएं अंग्रेज शासन का उनको दंड देना सही था या गलत था। रोजगार नौजवानों ने अपने हक की आवाज उठाने के लिए यह काम किया है।
कांग्रेस देशव्यापी प्रदर्शन की भी तैयारी में
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट कर कहा- हैं तैयार हम’, साथियों…, आने वाले 28 दिसंबर को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अपने गौरवशाली इतिहास के 138 साल पूरे करने जा रही है। कांग्रेस के इस स्थापना दिवस पर नागपुर में दोपहर दो बजे से राष्ट्रीय स्तर की विशाल रैली ‘हैं तैयार हम’ का आयोजन किया जा रहा है। हमें राष्ट्र निर्माण में कांग्रेस की विचारधारा को जन-जन तक लेकर जाना है। एक खुशहाल और समृद्ध हिंदुस्तान बनाना है।
माना जा रहा है कि इस रैली के जरिए कांग्रेस बीजेपी की केंद्र सरकार के विरुद्ध चुनाव के पहले माहौल खड़ा करने की कोशिश करेगी।



