BREAKING NEWS- सिरोंज में जेठ ने प्रेग्नेंट बहू को जिंदा जलाया, मौत: विदिशा में ज्वलनशील पदार्थ डालकर लगाई आग
खाना बनाने के दौरान हुआ विवाद

सिरोंज डेस्क :
विदिशा में जेठ ने गर्भवती बहू को जिंदा जला दिया। गंभीर रूप से झुलसी महिला ने करीब 9 घंटे बाद इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। फिलहाल आरोपी जेठ फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
ये मामला जिले के सिरोंज के गरेठा गांव में शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे का है। सिरोंज एसडीओपी उमेश कुमार तिवारी ने बताया- 25 साल की पूजा केवट अपने घर में खाना बना रही थी। इस दौरान उसका अपने जेठ राजा भैया से कुछ विवाद हो गया। आरोप है कि नाराज जेठ राजा ने पूजा पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी।
पुलिस गंभीर रूप से झुलसी पूजा को लेकर पहले सिरोंज अस्पताल पहुंची। जहां उसकी नाजुक हालत को देखकर उसे भोपाल रेफर कर दिया गया। भोपाल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पति बोला- दर्द से तड़प रही थी पत्नी
पूजा के पति वीरन ने बताया- ‘डॉक्टर का कहना है कि पूजा करीब 100 परसेंट जल गई है। वीरन के मुताबिक वह सुबह चाय पीकर खेत पर चला गया था। तभी गांव का व्यक्ति बाइक से आया और जल्दी घर चलने को कहा। मैंने घर जाकर देखा तो पत्नी की हालत खराब थी। वह दर्द से कराह रही थी।

मुझे मां से पता से पता चला कि राजा कुप्पी में कुछ लेकर आया और पूजा पर डाल कर माचिस से आग लगा दी। पूजा की मौत शाम करीब 6 बजे भोपाल में इलाज के दौरान हो गई। वह सात महीने की गर्भवती थी।’
घर के पास ही अलग रहता है जेठ
पूजा के पति वीरन ने कहा- ‘राजा पास में ही अलग रहता है। उसकी पत्नी और बच्चा कुछ समय पहले उसको छोड़कर जा चुके हैं। उसका हमारे परिवार से कुछ लेना देना भी नहीं था। पता नहीं राजा ने ऐसा क्यों किया।’

फिलहाल आरोपी जेठ राजा फरार है। पुलिस ने जल्दी ही राजा को गिरफ्तार कर लेने की बात कही है।



