ब्रेकिंग न्यूज़- मध्यप्रदेश में डॉ. मोहन यादव मंत्रिमंडल का विस्तार आज: ये 28 मंत्री ले सकते हैं शपथ,

भोपाल डेस्क :
मध्यप्रदेश में डॉ. मोहन यादव सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार आज होने जा रहा है। सोमवार दोपहर साढ़े 3 बजे राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह होगा।
बीजेपी सूत्रों का कहना है कि आलाकमान ने मंत्रियों के सभी पदों पर नामों को हरी झंडी दे दी है। संभावना है कि पहले विस्तार में इनमें से 28 मंत्री शपथ ले सकते हैं। हालांकि, मंत्रिमंडल में कितने और कौन-कौन से विधायक शामिल होंगे, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
नए चेहरे के रूप में होशंगाबाद विधायक सीतासरन शर्मा, रतलाम सिटी से विधायक चेतन कश्यप, कालापीपल से विधायक घनश्याम चंद्रवंशी का मंत्री बनना लगभग तय है। बताया जा रहा है कि कैलाश विजयवर्गीय और प्रहलाद पटेल समेत सांसद से विधायक बने नेताओं को मंत्री बनाने पर भी सहमति बन गई है।
मुख्यमंत्री यादव सोमवार सुबह 9 बजे राज्यपाल से मिलने पहुंचेंगे। उन्हें उन विधायकों के नाम सौंपेंगे, जो मंत्री के रूप में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण राजभवन में होगा। जिसकी तैयारियां चल रही हैं। वहीं, ये भी बताया जा रहा है कि सीएम की राज्यपाल से मुलाकात के पहले सुबह प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा सीएम से मिलने उनके निवास पहुंचेंगे।

संभावित मंत्रिमंडल
- एंदल सिंह कंसाना
- नारायण सिंह कुशवाहा
- प्रद्युम्न सिंह तोमर
- तुलसी सिलावट
- कैलाश विजयवर्गीय
- प्रहलाद पटेल
- राकेश सिंह
- प्रभुराम चौधरी
- अर्चना चिटनीस
- संपतिया उईके
- हेमंत खंडेलवाल
- चेतन कश्यप
- बजेंद्र प्रताप सिंह
- कुंवर सिंह टेकाम
- गोविंद सिंह राजपूत
- प्रदीप लारिया
- राकेश शुक्ला
- घनश्याम चंद्रवंशी
- इंदर परमार
- ऊषा ठाकुर
- विश्वास सारंग
- संजय पाठक
- मालिनी गौड़ या रीति पाठक
- राकेश शुक्ला या अमरीश शर्मा
- निर्मला भूरिया या नागर सिंह
- विक्रम सिंह या दिव्यराज सिंह
- कृष्णा गौर या रामेश्वर शर्मा
- राव उदय प्रताप
नड्डा से मिले सीएम डॉ. मोहन यादव

इससे पहले सीएम डॉ. मोहन यादव ने रविवार शाम को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि सोमवार को दोपहर 3.30 बजे मध्यप्रदेश के नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा के नेतृत्व में हम फिर से विकास के लिए डबल इंजन सरकार चलाएंगे।
मंत्रियों की शपथ से पहले इंदौर जाएंगे CM यादव
मुख्यमंत्री यादव मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह से पहले इंदौर जाएंगे। जहां वे कनकेश्वरी धाम परिसर में हुकुमचंद मिल के मजदूरों के बकाया भुगतान कार्यक्रम में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़ेंगे। वे श्रमिकों को संबोधित भी करेंगे।

7 दिन के अंदर सीएम यादव तीन बार दिल्ली पहुंचे
- पहला दौरा- सीएम पद की शपथ के बाद पिछले रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहली बार दिल्ली पहुंचे थे। जहां पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निवास पर अमित शाह की मौजूदगी में बैठक हुई थी। इसमें मंत्रिमंडल को लेकर विचार मंथन हुआ था।
- दूसरा दौरा- सीएम डॉ. यादव दूसरी बार गुरुवार को दिल्ली पहुंचे थे। उन्होंने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री शुक्रवार रात को दिल्ली से भोपाल लौट आए।
- तीसरा दौरा- सीएम यादव शनिवार शाम को तीसरी बार दिल्ली पहुंचे। यहां उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में हिस्सा लिया। रविवार को वे लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला और केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर से मिले। सीएम डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात की। वे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मिले।

लोकसभा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से मिले डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को दिल्ली में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला और केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर से मुलाकात की। सीएम ने केंद्रीय युवा एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से मुलाकात पर कहा, ’12 जनवरी को युवा दिवस है। इस अवसर पर खेल और युवाओं को लेकर कई कार्यक्रमों पर चर्चा हुई। खेल मंत्री ने भरोसा दिया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार मध्यप्रदेश सरकार को पूरा सहयोग करेगी।’
मोदी और शाह से मिल चुके सीएम डॉ. मोहन यादव


13 दिसंबर को डॉ. मोहन यादव ने ली थी CM पद की शपथ
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 13 दिसंबर बुधवार को पद और गोपनीयता की शपथ ली थी। उनके साथ ही जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल ने डिप्टी CM के रूप में शपथ ग्रहण की थी। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत बीजेपी शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए थे।

शपथ लेने से पहले मोहन यादव ने कहा, ‘सभी को साथ लेकर चलूंगा और सुशासन सुनिश्चित करूंगा।’



