Breaking news- मध्यप्रदेश में मंत्रियों को विभागों का बंटवारा: सीएम ने गृह अपने पास रखा, विजयवर्गीय को 20 साल बाद नगरीय प्रशासन विभाग, देखे किसे क्या विभाग मिला

भोपाल डेस्क :
मध्य प्रदेश में डॉ. मोहन यादव मंत्रिमंडल विस्तार के 5 दिन बाद मंत्रियों को विभागों का बंटवारा हो गया है। कैलाश विजयवर्गीय को नगरीय प्रशासन और प्रहलाद पटेल को पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग मिला है। डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा को वित्त, डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला को लोक स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा दिया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गृह, जनसंपर्क और सामान्य प्रशासन विभाग अपने पास रखा है।

डॉ. मोहन के पास गृह, शिवराज के पास कभी नहीं रहा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सामान्य प्रशासन, गृह, जेल, उद्योग नीति एवं निवेश, जनसंपर्क और खनिज जैसे अहम विभाग अपने पास रखे हैं। जबकि पिछली सरकार में शिवराज सिंह के पास सीएम पद से इस्तीफा देने से पहले तक सामान्य प्रशासन, जनसंपर्क, महिला एवं बाल विकास, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन, आनंद और विमानन विभाग था।

विजयवर्गीय को 20 साल बाद नगरीय प्रशासन विभाग
कैलाश विजयवर्गीय को 20 साल बाद नगरीय प्रशासन और संसदीय कार्य विभाग का जिम्मा मिला है। इससे पहले 2003 में उमा भारती सरकार में उन्हें नगरीय प्रशासन (सिंहस्थ संबंधित कार्य) और संसदीय कार्य मंत्री बनाया गया था।
पूर्व की शिवराज सरकार के 3 मंत्रियों को वही विभाग
तुलसी सिलावट को जल संसाधन, प्रद्युम्न सिंह तोमर को ऊर्जा और जगदीश देवड़ा को वित्त एवं वाणिज्यिक कर विभाग दिया गया है। पूर्व की शिवराज सरकार में इन तीनों ही मंत्रियों के पास यही विभाग थे।

जबकि विश्वास सारंग को खेल एवं युवा कल्याण, सहकारिता विभाग दिया गया है। पिछली सरकार में उनके पास चिकित्सा शिक्षा विभाग था। विजय शाह को जनजातीय कार्य, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन, भोपाल गैस त्रासदी- राहत एवं पुनर्वास दिया गया है। पिछली सरकार में ये वन मंत्री थे। गोविंद सिंह राजपूत को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण का प्रभार दिया गया है। पिछली सरकार में वे परिवहन और राजस्व मंत्री थे। इंदर सिंह परमार को उच्च शिक्षा, आयुष, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास विभाग दिया गया है। पिछली सरकार में वे स्कूल शिक्षा मंत्री थे।
आने वाले 5 साल सभी डट कर काम करेंगे: मुख्यमंत्री
खंडवा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 28 मंत्रियों को अलग-अलग विभागों की जवाबदारी दी गई है। सभी के काम का विभाजन कर दिया गया है। आने वाले 5 साल सभी डट कर काम करेंगे और प्रदेश काे नई ऊंचाई पर ले जाएंगे।

जानिए कब क्या हुआ?
- 3 दिसंबर को विधानसभा चुनाव के नतीजे आए।
- 8 दिन बाद 11 दिसंबर को मुख्यमंत्री और दो उपमुख्यमंत्री का चयन किया गया।
- इसके 2 दिन बाद 13 दिसंबर को सीएम और दोनों डिप्टी सीएम ने शपथ ली।
- इसके 12 दिन बाद 25 दिसंबर को मंत्रिमंडल विस्तार हुआ। 28 मंत्रियों को शपथ दिलाई गई।
- मंत्रिमंडल विस्तार के 5 दिन बाद 30 दिसंबर को मंत्रियों को विभागों का बंटवारा।




