मध्यप्रदेश

लोकसभा चुनाव-2024 की तैयारी जुटी बीजेपी: सीएम मोहन यादव बोले- हर विधानसभा में 1000 लोगों को ‘पीएम विश्वकर्मा’ का लाभ दिलाएं

भोपाल डेस्क :

मध्यप्रदेश की 29 लोकसभा सीटों पर जीत के लिए भाजपा ने तैयारी शुरू कर दी है। लक्ष्य रखा गया है कि लोकसभा चुनाव की मार्च में संभावित आचार संहिता के पहले केंद्र की ज्यादा से ज्यादा योजनाओं का लाभ लोगों को दिलाया जाए। हर विधानसभा में 1000 लोगों को व्यवसाय के लिए प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत 3 लाख रुपए का लोन दिलाया जाए। छोटे व्यावसायियों को यह लोन न्यूनतम ब्याज दर पर दिलाया जाएगा। यह बात मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने सोमवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में लघु कार्य समिति की बैठक में कही।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल ने कहा कि पीएम विश्वकर्मा योजना में हर विधानसभा क्षेत्र में कम से कम 1 हजार लोगों को लाभ पहुंचाए। यह काम प्राथमिकता के आधार पर हो जाना चाहिए। बंसल ने कहा कि विधानसभा स्तर पर पार्टी एक समिति बनाएं और वह समिति गांव-गांव जाकर इस योजना के पात्र व्यक्तियों से संपर्क कर पोर्टल पर उनका नामांकन कराएं। नमो एप के राष्ट्रीय संयोजक कुलदीप चहल भी भोपाल आए। चहल ने बैठक में कहा कि पार्टी कार्यकर्ता नमो एप से जुड़कर 100 डेज चैलेंज में 10 लोगों को जोडे़ं।

कार्यकर्ता जनता को बताएं, 5 साल में सारे वादे पूरे होंगे: सीएम

बैठक में उपस्थित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव में जो संकल्प-पत्र जारी किया है, उसके हर वादे को पूरा किया जाएगा। पांच वर्ष के लिए सरकार बनी है, पांच वर्ष के अंदर सभी वादे पूरे कर लिए जाएंगे, यह बात भाजपा के कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर बताएं।

प्रदेश की 29 लोकसभा सीटें जीतने में जुटें : हितानंद

प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने बैठक में कहा कि विधानसभा की जीत के बाद अब लोकसभा चुनाव में सभी 29 सीटों को जीतने के लिए उसी लगन और मेहनत से काम करना होगा। इस दौरान उन्होंने जानकर दी कि लोकसभा चुनाव के लिए बूथ स्तर से लेकर केंद्रीय नेतृत्व के दिशा-निर्देशों का कैसे पालन करना है।

कांग्रेस ने अन्याय किया, न्याय मोदी जी दिला रहे: वीडी

भाजपा कार्यालय में मीडिया से चर्चा में प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकाली थी। पर यात्रा में राहुल जहां-जहां पहुंचे, उन क्षेत्रों में पार्टी के उम्मीदवारों की जमानतें जब्त हो गई। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की जनता के साथ किए अन्याय के लिए माफी यात्रा निकालें तो बेहतर होगा। कांग्रेस पार्टी और गांधी परिवार ने इस देश की जनता के साथ अन्याय किया है, न्याय दिलाने का काम अब पीएम मोदी कर रहे हैं।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!