मध्यप्रदेश

मध्यप्रदेश सरकार की बड़ी तैयारी: युवा, गरीब, किसान और महिलाओं के लिए नए साल से 4 नए मिशन, हर महीने होगी समीक्षा

भोपाल डेस्क :

एक जनवरी से मप्र में चार नए मिशन शुरू किए जा रहे हैं। इनमें युवा शक्ति मिशन, गरीब कल्याण मिशन, किसान कल्याण मिशन और नारी सशक्तिकरण मिशन शामिल होंगे। हर मिशन के लिए एक नोडल विभाग और सहयोगी विभागों की नियुक्ति की जाएगी।

इसके लिए मिशन वार तमाम गतिविधियों की निगरानी के लिए डेशबोर्ड और निगरानी तंत्र भी विकसित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक चर्चा के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री के संकल्प पूरे करने की पहल करने वाला मप्र, देश का पहला राज्य होगा। ये चारों वर्ग दशकों से उपेक्षा के शिकार रहते हैं, जिनके जीवन को बदलने का वक्त आ गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मप्र सरकार इन वर्गों के आर्थिक विकास के लिए ठोस पहल कर रही है। युवा शक्ति मिशन में युवाओं को रोजगार, कौशल विकास और नेतृत्व के मौके दिए जाएंगे। गरीब कल्याण मिशन में गरीब और वंचित वर्गों को सामाजिक सुरक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाएं देने की योजना बनाई जा रही है।

नारी सशक्तिकरण मिशन में महिलाओं को आत्म निर्भर बनाने के साथ उन्हें आर्थिक, सामाजिक और शैक्षणिक रूप से मजबूत बनाएंगे। ऐसे ही किसान कल्याण मिशन में किसानों की आय में इजाफा करने के साथ कृषि को और अधिक लाभकारी व्यवसाय बनाने के टारगेट रखे जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वित्तीय वर्ष में साढ़े 3 लाख करोड़ का बजट पारित किया गया है।

वित्तीय वर्ष में साढ़े 3 लाख करोड़ का बजट पारित किया गया है

1. मिशन नारी सशक्तिकरण

लक्ष्यः महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें आर्थिक, सामाजिक और शैक्षिक रूप से सशक्त करना। कार्ययोजना :

  • बालिका शिक्षा को बढ़ावा देना और महिलाओं के लिए शिक्षा और कौशल विकास के नए मौके तैयार करना।
  • महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए स्पेशल लोन प्लान और सहायता देना।
  • महिला सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं को मजबूत बनाना।
  • रोजगार के मौके बढ़ाने के लिए महिला स्वयं सहायता समूहों का विस्तार और समर्थन।

2. मिशन युवा शक्ति

लक्ष्यः युवाओं को रोजगार, कौशल विकास और लीडरशिप के मौके देकर मजबूत बनाना। कार्ययोजना :

  • युवाओं के लिए रोजगार परक शिक्षा और कौशल विकास कार्यक्रमों के आयोजन।
  • स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए वित्तीय सहायता और गाइडेंस।
  • खेल, संस्कृति और सामाजिक गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष योजनाएं।
  • डिजिटल और तकनीकी शिक्षा के जरिए युवाओं को तैयार करना।

3. मिशन गरीब कल्याण

लक्ष्यः गरीब और वंचित वर्गों को सामाजिक सुरक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाएं दिलाना। कार्ययोजना :

  • गरीब परिवारों के लिए आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, और रोजगार की सुनिश्चितता।
  • गरीबी उन्मूलन के लिए सरकारी योजनाओं का ठीक से क्रियान्वयन।
  • स्वरोजगार और छोटे व्यापारों के लिए लोन सुविधाएं बढ़ाना।
  • सामाजिक सुरक्षा योजनाओं जैसे पेंशन, बीमा आदि को प्रभावी ढंग से लागू करना।

4. मिशन किसान कल्याण

लक्ष्यः किसानों की आय में बढ़ोत्तरी और कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाना।

कार्ययोजना :

  • किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और उपकरणों का प्रशिक्षण देना।
  • कृषि उत्पादों की बेहतर विपणन सुविधाएं मुहैया करवाना और कृषि उपज का मूल्य संवर्धन करना।
  • सिंचाई, बीज, खाद, और अन्य कृषि संसाधनों की सुलभता सुनिश्चित करना।
  • फसल बीमा और ऋण सुविधाओं का व्यापक रूप से विस्तार करना।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!