मध्यप्रदेश

सीएम की बड़ी घोषणा, मध्यप्रदेश के हर शहर में बनेगा गीता भवन: इंदौर में डॉ मोहन यादव बोले-कृष्ण से सीखें दोस्ती, चैलेंज और हिम्मत के 3 पाठ

इंदौर डेस्क :

मध्यप्रदेश के हर शहर में गीता भवन बनाया जाएगा। इनका निर्माण नगरीय निकायों के जिम्मे होगा, राशि प्रदेश सरकार देगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को इंदौर में ये घोषणा की। उन्होंने कहा कि बरसाना की तर्ज पर आदर्श गांव भी बनाए जाएंगे। यहां गौ-पालन, दूध उत्पादन और जैविक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा।

इंदौर के गीता भवन में मुख्यमंत्री यादव व्याख्यान माला में शामिल हुए। कार्यक्रम की थीम ‘मां अहिल्या की कामना- हर घर कन्हैया, हर मां यशोदा’ थी। इस दौरान सीएम ने भगवान कृष्ण की पूजा-आरती कर उन्हें बांसुरी भेंट की। भजन भी गाया।

भगवान कृष्ण से सीखें 3 पाठ

सीएम डॉ. मोहन यादव ने व्याख्यान माला में कहा- भगवान कृष्ण से हमें तीन पाठ सीखने चाहिए…

1. दोस्ती निभाना: दोस्ती का सबसे बड़ा उदाहरण भगवान कृष्ण और सुदामा का ही है। भगवान कृष्ण कहते हैं कि कभी भी अपने मित्रों को मत भूलो। मित्र का सम्मान बनाए रखने के लिए मदद भी पीठ पीछे से करो।

2. चैलेंज लेना: कृष्ण कठिनाइयों के बीच भी हंसते-मुस्कराते रहे। किसी से भी टकराने में डरे नहीं। मर्यादा को भी संभालकर रखा। कंस को मारने के बाद कुर्सी पर नहीं बैठे।

3. हिम्मत: कृष्ण कालिया नाग को मारकर गलत व्यवस्था से लड़ने का संदेश देते हैं। ये प्रसंग हमें बताता है कि हमारा दुश्मन कितना ही शक्तिशाली हो, उससे लड़ने की हिम्मत रखनी चाहिए। कंस को निडरता से मारने की क्षमता भी इसी से आती है।

गांधी ने किया गीता का अनुसरण, पीएम भी करते हैं

सीएम डॉ. यादव ने कहा- कृष्ण ने जो शिक्षा ग्रहण की, वो गीता के 18वें अध्याय में कर्म के रूप में दी गई है। गीता आदर्श के रूप में हम सबके बीच जानी जाती है। महात्मा गांधी ने उसी का अनुसरण किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी विदेशी मेहमानों को गीता भेंट करके हमारी संस्कृति से परिचित कराते हैं।

कृष्ण ने कर्म प्रधान और पुरुषार्थ जीवन जीया

व्याख्यान माला में सीएम यादव ने कहा- भगवान बुद्ध ने कहा था कि मृत्यु का कारण जन्म है। पृथ्वी पर जिस भी जीव का जन्म हुआ है, उसकी मृत्यु तय है। देवताओं ने भी मनुष्य योनि को अपनाया। पुण्य के संचय के लिए जन्म आवश्यक है। भगवान कृष्ण ने कर्म प्रधान और पुरुषार्थ जीवन जीया। इंदौर में हर घर कृष्ण, हर घर यशोदा की पहल अनूठी है।

पीएम के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में शामिल हुए

इससे पहले सीएम डॉ. मोहन यादव महाराजा यशवंत राव विद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना। पीएम ने मन की बात में झाबुआ जिले में वेस्ट मटेरियल से क्रिएटिव सृजन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा- मध्यप्रदेश का यह काम अन्य लोगों के लिए प्रेरक है।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!