भोपाल आईजी ने किया वार्षिक निरीक्षण: अधिकारियों/कर्मचारियों की सुनी समस्याएं, महिला अपराधों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश

विदिशा डेस्क :
भोपाल रेंज के आईजी अभय सिंह ने आज विदिशा जिले में पुलिस लाइन का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों द्वारा आयोजित परेड की सलामी ली।
आईजी ने वर्दी में अनुशासन और अच्छे टर्नआउट दिखाने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया। इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन में आयोजित बलवा ड्रिल का भी निरीक्षण किया। इस ड्रिल में पुलिसकर्मियों ने विरोधी दल से मोर्चा संभालने और बलवाइयों से निपटने का प्रदर्शन किया।

महिला अपराधों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश
आईजी अभय सिंह ने बलवा ड्रिल के दौरान पुलिस के संसाधनों का भी जायजा लिया और अधिकारियों से उनके कार्यकुशलता और तैयारी के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के बाद आईजी ने दरबार भी लगाया और पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याएं सुनी। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की कमी पर निर्णय शासन स्तर पर लिया जाता है और पुलिस मुख्यालय से आवश्यकता के अनुसार मांग भेजी जाती है। इसके साथ ही उन्होंने महिला अपराधों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश भी दिया।



