न्यूज़ डेस्क

भारत जोड़ो यात्रा: 15 दिन में 399 किलो मीटर चलेंगे राहुल गांधी, आज एमपी में करेंगे प्रवेश, उज्जैन में खायेंगे दाल बाफला, देखें पूरी डिटेल

न्यूज़ डेस्क :

कांग्रेस नेता व पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की मध्यप्रदेश में एंट्री 23 नवंबर को होगी। महाराष्ट्र में जलगांव के जामोद से होते हुए यात्रा बुरहानपुर के बोदरली गांव पहुंचेगी। यात्रा 15 दिन में प्रदेश के 6 जिले बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन और आगर-मालवा में घूमेगी। मप्र में यात्रा 399 किलोमीटर चलेगी।

पहले यात्रा 20 नवंबर को मध्यप्रदेश आना तय था। बुधवार को राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं की बैठक के बाद शेड्यूल में बदलाव किया गया। बाकी के कार्यक्रमों में बदलाव नहीं किया गया है। स्वागत के दाैरान यात्रा काे यहां की संस्कृति से रूबरू करवाया जाएगा।

बुरहानपुर में रीना नरेंद्र पंवार 51 मटकियां सिर पर रखकर तलवार की धार पर खड़े होकर बंजारा लोकनृत्य की प्रस्तुति देंगी। खंडवा में गणगौर नृत्य से अगवानी होगी। खरगोन में नर्मदा आरती तो इंदौर में राजबाड़ा पर राहुल गांधी की नुक्कड़ सभा होगी। उज्जैन में राहुल महाकाल और आगर में नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी का आशीर्वाद लेंगे। 

बुरहानपुर में पेड़ों तक पर राहुल के पोस्टर…

इन दिनों बुरहानपुर जिले के बोदरली गांव की चर्चा देशभर में है। इसका कारण राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की प्रदेश में एंट्री महाराष्ट्र होते हुए इसी गांव से हो रही है। यात्रा को लेकर यहां इतना उत्साह है कि दीवारों से लेकर पेड़ों तक राहुल के पोस्टर नजर आ रहे हैं।

यहां राहुल के 60 कंटेनर खड़े होने के लिए 10 एकड़ जमीन को दिन-रात समतल कर मिट्टी को दबाने का काम किया जा रहा है। यात्रा के स्वागत की यहां विशेष व्यवस्था की गई है। लोक कलाकार रीना नरेंद्र पंवार सिर पर 51 मटकी रखकर तलवार की धार पर खड़े होकर बंजारा नृत्य की प्रस्तुति देंगी। खास बात यह है कि इसकी प्रस्तुति देने के लिए खुद कमलनाथ ने भी हरी झंडी दिखा दी है।

पंवार तमिलनाडु, केरल, जबलपुर, दिल्ली, मुंबई सहित देशभर के कई हिस्सों में रीना पंवार प्रस्तुति दे चुकी हैं। वे बंजारा भूषण और बंजारा रत्न पुरस्कार से सम्मानित हो चुकी हैं। नरेंद्र पंवार ने बताया- अभी समय और स्थान तय नहीं किया गया है, लेकिन यह बताया गया है कि हमें बंजारा लोकनृत्य की प्रस्तुति भारत जोड़ो यात्रा में देनी है।

यात्रा की पूरी बागडोर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के हाथों में है। वे मंगलवार को खुद बुरहानपुर पहुंचे और यात्रा प्रभारी और बुरहानपुर विधायक ठाकुर सुरेंद्र सिंह से बात की। उन्हें बताया गया कि मध्यप्रदेश के ग्राम करौली से लेकर खंडवा के रुस्तमपुर तक तैयारियां चल रही हैं।

अगला पड़ाव खंडवा, यहां गणगौर नृत्य से अगवानी

यात्रा का अगला पड़ाव मप्र का खंडवा जिला होगा। यात्रा का निमाड़ में सबसे लंबा रूट खंडवा जिले का रहेगा। यहां पर यात्रा की अगवानी निमाड़ की पहचान गणगौर नृत्य से की जाएगी। गणगौर नृत्य के साथ आदिवासी संस्कृति की भी झलक देखने को मिलेगी। राहुल टंट्या भील की जन्मस्थली भी जाएंगे। यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया को यहां होने वाली जनसभा की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

भूरिया बताते हैं कि खंडवा के रुस्तमपुर में 24 नवंबर को यात्रा का पड़ाव रहेगा। अगले दिन बडौदा अहीर स्थित टंट्या स्मारक पर राहुल गांधी की जनसभा होगी। यहां निमाड़ की 3 प्रमुख आदिवासी सीटों से 50 हजार लोग जुटेंगे। भूरिया ने कहा- हम सबके लिए गर्व की बात है कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा के दौरान टंट्या मामा जन्मस्थली बड़ौदा अहीर आएंगे। वे टंट्या मामा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे, यह आदिवासी समाज और निमाड़ वासियों के लिए गौरवपूर्ण दिन रहेगा। इस दौरान राहुल गांधी की सभा होगी, ताकि निमाड़ भर के आदिवासी भाई उन्हें सुन सकेंगे।

खरगोन में सिंगाजी के भजनों के साथ होगी मां नर्मदा की आरती

खरगोन में 26 नवंबर काे यात्रा का पड़ाव खेरदा में होगा। खरगोन विधायक रवि जोशी ने बताया कि यात्रा का निमाड़ क्षेत्र में प्रवेश पर निमाड़ी संस्कृति के अनुरूप स्वागत किया जाएगा। यात्रा के जिले में प्रवेश पर गणगौर नृत्य के साथ स्वागत किया जाएगा। यात्रा एक रात जिले में भी रुकेगी। यात्रा में निमाड़ी गम्मत, संत सिंगाजी के भजन, नर्मदा आरती का आयोजन होगा।

विधायक जोशी ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा में खरगोन विधानसभा से 25 हजार कार्यकर्ता शामिल होंगे। इनके लिए पार्टी स्तर से छोटे-बड़े 600 वाहनों की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही एक हजार से अधिक होर्डिंग बनवाए गए हैं, जो पूरे यात्रा मार्ग में लगाए जाएंगे। यात्रा के निमाड़ से गुजरते समय राहुल गांधी नर्मदा पूजन भी करेंगे।

इंदौर में राहुल गांधी की नुक्कड़ सभा

इंदौर में 28 नवंबर को भारत जोड़ो यात्रा महू दशहरा मैदान ग्राउंड से शुरू होकर AU सिनेमा (इंदौर) आएगी। शहर कांग्रेस अध्यक्ष विनय बाकलीवाल ने बताया कि यात्रा यहां से चोइथराम अस्पताल के सामने से होते हुए माणिकबाग से कलेक्टर चौराहे पर जाएगी। कलेक्टर चौराहे से यात्रा कांग्रेस कार्यालय के सामने से होकर गुजरते हुए राजबाड़ा पहुंचेगी। यहां पर राहुल गांधी की नुक्कड़ सभा होगी। नुक्कड़ सभा के बाद राहुल गांधी कार से खालसा कॉलेज जाएंगे। यहां पर राहुल गांधी रात रुकेंगे।

29 नवंबर को यात्रा का ब्रेक रहेगा। 30 नवंबर को बड़ा गणपति चौराहे से यात्रा शुरू होगी, जो जिंसी चौराहे से होकर किला मैदान होते हुए मरीमाता चौराहे पहुंचेगी। यहां से यात्रा बाणगंगा रोड पर आगे बढ़ेगी और कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला के घर के सामने से गुजरेगी। यहां से यात्रा आगे बढ़कर अरबिंदो अस्पताल से होते हुए सेंट्रल जेल के सामने रुकेगी। यहां मॉर्निंग ब्रेक होगा। इसके बाद यात्रा यहां से आगे बढ़ेगी। खास बात यह है कि राहुल गांधी की यात्रा जब कांग्रेस कार्यालय से गुजरेगी, तब राहुल गांधी कुछ देर के लिए कांग्रेस कार्यालय में आएं या फिर कांग्रेस कार्यालय के बाहर ही कुछ देर के लिए रुक जाएं, इसके लिए भी कांग्रेस नेता प्रयास कर रहे हैं।

इंदौर में शहर कांग्रेस कमेटी भारत जोड़ो यात्रा को लेकर तैयारी कर रही है। विधानसभा के अनुसार प्रभारी बनाए गए हैं। पार्टी के जीते-हारे पार्षदों को, मंडलम और ब्लॉक अध्यक्षों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही शहर कांग्रेस कमेटी ने भारत जोड़ो यात्रा को लेकर मैपिंग की है, जिसमें कौन-कहां राहुल गांधी का स्वागत करेगा, ये शामिल है।

इंदौर में मंच बनाने को लेकर परमिशन ले रहे

अनुमान लगाया जा रहा है कि 200 से ज्यादा मंच बनाए जाएंगे, जहां से राहुल गांधी का स्वागत किया जाएगा। राहुल गांधी की यात्रा में शामिल होने के लिए शहर कांग्रेस कमेटी निमंत्रण पत्र छपवा रही है। हर वार्ड में 1 हजार से लेकर डेढ़ हजार लोगों के घर जाकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने का न्योता देंगे। ये काम निमंत्रण पत्र छपने के बाद शुरू होगा। इसे लेकर 10 से ज्यादा मीटिंग हो चुकी हैं। बैठकों का दौर लगातार जारी है।

उज्जैन में दाल-बाफले खाएंगे राहुल

राहुल की यात्रा बाबा महाकाल के दर से भी गुजरेगी। उज्जैन में 1 दिसंबर को पहुंचने वाली यात्रा को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। राहुल यहां सबसे पहले बाबा महाकाल के दर्शन को जाएंगे। इसके बाद एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसमें एक लाख से ज्यादा लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। सभा में प्रियंका गांधी भी नजर आएंगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकाअर्जुन खड़गे, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गेहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह के मौजूद रहने की भी चर्चा है।

विधायक महेश परमार ने बताया कि राहुल 1 दिसंबर को सुबह 6 बजे कैम्प साइड से रवाना होकर 10 बजे इंदौर रोड स्थित उज्जैन के पास ग्राम निनोरा में यथार्थ फ्यूचरस्टिक स्कूल में सुबह 10 बजे पहुंचेंगे। इस दौरान वे यहां पर ब्रेकफास्ट और लंच कर बाबा महाकाल के दर्शन करने जाएंगे। शाम 4 बजे आगर रोड स्थित सामाजिक न्याय परिसर में जनसभा को संबोधित करेंगे। सभा के बाद आगर रोड पर रात्रि विश्राम के लिए श्री गुरु सांदीपनि इंस्टिट्यूट ऑफ मैनेजमेंट सुरासा पहुंचेंगे।

अगले दिन यात्रा 2 दिसंबर को सुबह 6 बजे आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज कैम्प से रवाना होगी। 10 बजे ग्राम नजरपुर में ब्रेकफास्ट के लिए रुकेगी। 4 बजे बस स्टॉप तहसील घट्टिया क्षेत्र में सभा संबोधित करते हुए रात्रि ब्रेक घोसला रूपा खेड़ी में नाइट स्टे स्कायलार्क प्रोटीन फैक्ट्री में करेंगे। 3 दिसंबर को यात्रा सुबह 10 बजे सुमरा खेड़ी जोड़ ग्राम तनोडिया के यहां ब्रेकफास्ट कर शाम 4 बजे यात्रा यहीं से रवाना होगी। शाम 7 बजे आगर जिले के छावनी चौराहा पर प्रवेश करेगी।

सभा के लिए पीले चावल देकर निमंत्रण

कांग्रेसी आम लोगों के घर पहुंचकर शहरी और ग्रामीण स्तर तक आमंत्रण पत्र और पीले चावल देकर जनसभा के लिए आमंत्रण दे रहे हैं। इसके लिए ब्लाॅक स्तर पर रोज कार्यकर्ताओं के साथ एक मीटिंग आयोजित की जा रही है। कांग्रेस नेता और यथार्थ फ्यूचरस्टिक स्कूल के ऑनर सोनू शर्मा ने बताया कि 1 दिसंबर को सुबह 10 बजे यात्रा स्कूल पहुंचेगी। यहां पर राहुल लंच करेंगे। भोजन में मालवा के प्रसिद्ध दाल-बाफले, लड्डू, कढ़ी और बेसन गट्टे की सब्जी परोसी जाएगी। अगर उनको कुछ और खाने की इच्छा होगी, तो उस समय वो भी बन जाएगा, लेकिन फिलहाल उनके स्वागत में मालवा का प्रसिद्ध भोजन देने का विचार है।

मां बगुलामुखी के दर पर भी जाएंगे राहुल

मप्र में यात्रा का आखिरी पड़ाव मप्र का आगर जिला होगा। यात्रा 3 दिसंबर को जिले में प्रवेश करेगी और दो रात, तीन दिन रहेगी। मालवा की परंपरानुसार यात्रा का स्वागत किया जाएगा। अधिक से अधिक लोगों को यात्रा के साथ जोड़ने के लिए पीले चावल और आमंत्रण पत्र बांटे जा रहे हैं। यात्रा के दौरान राहुल गांधी नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी के साथ आगर में स्थित प्रसिद्ध बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर दर्शन को जाएंगे।

3 दिसंबर को आगर मालवा में होगी यात्रा

एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव अंकुश भटनागर ने बताया कि यात्रा 3 दिसंबर को आगर जिले में प्रवेश करेगी। यात्रा सुबह 6 बजे कैम्प साइट से शुरू होकर सुबह 10 बजे सुमराखेड़ी जोड़, तनोडिया गांव के पास आगर में ब्रेक लेगी और शाम को यात्रा की शुरुआत होगी। शाम 7 बजे आगर के छावनी नाका चौराहा होते रात्रि विश्राम काशी बडिया में करेगी। इस बीच राहुल गांधी संभवतः नगर के प्रसिद्ध बाबा बैजनाथ महादेव के दर्शन भी करेंगे।

4 दिसंबर को सुबह 6 बजे बस स्टॉप महुड़िया, आगर से शुरू होकर यह यात्रा सुबह का ब्रेक 10.30 बजे अमला, शिवाय होटल के सामने करेंगे। जहां से संभवतः मां बंगलामुखी माता के दर्शन भी करने जाएंगे। शाम की शुरुआत 4 बजे जैन मंदिर सुसनेर से शुरू होती हुई शाम का ब्रेक 7 बजे मंगेशपुर चौराहा, नाइट स्टे अन्नपूर्णा ढाबा के पास लाला खेड़ी में करेंगे और 5 दिसंबर 6 बजे कैंपस साइट से सुबह शुरुआत करते हुए ब्रेक 10 बजे गर्ल्स हॉस्टल के पास सोयतकलां आगर में करेंगे। शाम 7 बजे पिपलेश्वर बालाजी मंदिर, डोंगरगांव होते हुए नाइट स्टे राजस्थान में करेंगे।

उज्जैन में दाल-बाफले खाएंगे राहुल-प्रियंका:MP में भारत जोड़ो यात्रा का तलवार पर डांस से होगा वेलकम

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!