विधानसभा चुनाव: बुंदेलखंड में 22% एससी वोटर्स को साधने पीएम मोदी की सभा, अगले दिन कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे की सभा

न्यूज़ डेस्क :
आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस एससी वाेटर के सहारे नंबर (सीटें) बढ़ाने की काेशिश में है। बुंदेलखंड में 22% एससी वाेटर हैं। इन्हें साधकर कांग्रेस 2023 के चुनाव में बड़ी बढ़त ले सकती है। प्रियंका गांधी जबलपुर व ग्वालियर में सभा कर चुकी हैं। राहुल गांधी की शहडाेल में सभा प्रस्तावित है। इस बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बुंदेलखंड की राजनीति की धुरी सागर आ रहे हैं। 13 अगस्त काे यह प्रदेश में उनका पहला दाैरा है।
दरअसल, खड़गे दलित वर्ग से आते हैं। वे जातिगत समीकरण बैठाकर यहां के एससी वाेटर काे साधना चाहेंगे। उनके सागर दाैरे के पीछे एक और बड़ी वजह यह भी है कि उनकी सभा के एक दिन पहले 12 अगस्त काे प्रधानमंत्री सागर में ही 100 कराेड़ की लागत से बनने जा रहे संत रविदास मंदिर का भूमिपूजन करने आ रहे हैं। बुंदेलखंड में माेदी बनाम खड़गे की सभा से एससी वाेटर किस तरफ जाता है, यह चुनाव नतीजे ही बताएंगे। प्रदेश में 16.5% एससी वाेटर हैं। 230 विस सीट में से 35 इस वर्ग के लिए आरक्षित हैं।
बुंदेलखंड में फिलहाल एससी सीटों पर भाजपा आगे
2018 के विस चुनाव में बुंदेलखंड से कांग्रेस काे 5 सीटाें की बढ़त मिली थी। कुल 26 सीट में से भाजपा ने 15, कांग्रेस ने 9 तो सपा-बसपा ने 1-1 सीट जीती थीं। वहीं 2013 के विस चुनाव में भाजपा ने 22 तो कांग्रेस ने 4 सीटें ही जीती थीं। सागर जिले में 21% एससी वाेटर हैं, लेकिन 8 में से महज 2 सीट ही हाथ में हैं।
सागर, नरयावली, बीना व खुरई विस में सबसे ज्यादा एससी वाेटर हैं, लेकिन इन चाराें सीटाें पर भाजपा का कब्जा है। हालांकि सागर व खुरई सीट आरक्षित नहीं हैं। संभाग की एससी के लिए आरक्षित अन्य सीटाें में दमाेह की हटा, छतरपुर की चंदला, टीकमगढ़ की जतारा सीट पर भी भाजपा का कब्जा है। यदि बुंदेलखंड की आरक्षित सीटाें पर ही कांग्रेस काे बढ़त मिलती है ताे कांग्रेस की राह आसान हाेगी।