मध्यप्रदेश

हमीदिया कॉलेज में हुआ पूर्व छात्र सम्मेलन, पूर्व मुख्यमंत्री ने कॉलेज के दोस्तों के साथ गाया गाना: शिवराज ने कहा- फिर वे पुराने दिन याद आ गए

भोपाल डेस्क :

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल के हमीदिया कॉलेज पहुंचे, जहां से उन्होंने पढ़ाई की थी। यहां रविवार को पूर्व छात्र सम्मेलन का आयोजन किया गया था। जिसमें शामिल होकर शिवराज ने कॉलेज टाइम के दोस्तों के साथ भोजन किया। साथ ही ‘एहसान मेरे दिल पे तुम्हारा है दोस्तों…’ गाना गाकर पुरानी यादों को ताजा किया।इसके बाद X पर लिखा- फिर वो पुराने दिन याद आ गए। जब किस्से खत्म नहीं होते थे।

शिवराज बोले- बुरे वक्त में मित्र की मदद हो सके, ऐसी व्यवस्था बनाएंगे
पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान 1.30 बजे से शाम 4 बजे तक कार्यक्रम में रहे। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमीदिया कॉलेज का नाम और आगे बढ़े इसके लिए हम सभी को प्रयास करना चाहिए। हम सभी आपस में मित्र हैं। अच्छे मुकाम पर हैं। हमें एक-दूसरे के दुख-सुख में शामिल रहना चाहिए। यदि कोई मित्र परेशानी में हो, तो उनकी बिना देरी मदद हो सके, इसकी कुछ व्यवस्था बनानी चाहिए।

पूर्व मंत्री बोले- 1977 से लेकर 82 तक के स्टूडेंट्स हुए शामिल

कार्यक्रम में शामिल हुए पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने बताया कि हमीदिया कॉलेज ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक चतुर्वेदी की पहल पर यह कार्यक्रम किया गया है। हम सभी पूर्व छात्रों ने 700 रुपए प्रति व्यक्ति के हिसाब से सम्मेलन के लिए सहयोग राशि दी थी।

कार्यक्रम में 1977-78 से लेकर 1981-82 तक के पूर्व छात्र शामिल हुए थे। हम सभी ने कॉलेज के दिनों को याद करते हुए संस्मरण सुनाए। हमीदिया कॉलेज से राष्ट्रपति शंकर दयाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व सांसद आलोक संजर सहित कई अधिकारी, जज और नेता पढ़े हैं।

दोस्तों के संग एक थाली में किया भोजन

शिवराज ने पूर्व छात्र सम्मेलन के बाद ट्वीट कर लिखा- फिर वो पुराने दिन याद आ गए। जब किस्से खत्म नहीं होते थे। बातों का सिलसिला रुकता न था। खाने की टेबल पर चौपाल जमती थी। एक थाली में यारों की टोली के साथ खाना खत्म हो जाता था पर बातें खत्म नहीं होती थी।

एक अगले ट्वीट में शिवराज ने लिखा- वक्त की पोटली से कुछ पुराने किस्से निकले, स्मृतियां मुस्कुराई। हंसी-ठहाके और दोस्ती की मिठास से मन का कोना-कोना महक उठा। हमीदिया ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन के मिलन समारोह के ये पल जीवन में नई शक्ति भरने वाले पल हैं।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!