विदिशा डेस्क :
दो पैग लगाने बाद करतब दिखा रहा 45 वर्षीय एक व्यक्ति पैर फिसलने के बाद सूखे कुएं में गिर गया। कुएं में गिरते ही गांव के लोग एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक घंटे रेस्क्यू के बाद कुएं में गिरे व्यक्ति को बाहर निकाल गया।
दरअसल कुरवाई के राजपुर गांव निवासी 45 वर्षीय करौली अहिरवार पुत्र गयाप्रसाद मंगलवार सुबह करीब 10 बजे सूखे कुएं के पास शराब पी रहा था। शराब के दो पैग लगाने के बाद वह आसपास के लोगों को दिखाने के लिए हरकत करने लगा।
इसी बीच उसका पैर फिसला और वह कुएं में जा गिरा। कुरवाई एसडीओपी ललित सिंह डागुर ने बताया कि कुआं सूखा हुआ था। उसमें कचरा भरा हुआ था। जब करौली अहिरवार गहरे कुएं में गिरा तो उसे चोट नहीं आई। कुएं में पत्ते आदि के कचरे की वजह से वह चोट लगने से बच गया। पुलिसकर्मियों ने उसे खाट में रस्सी बांधकर बाहर निकाला। रेस्क्यू करीब 1 घंटे तक चला।